23.1 C
Bhopal
April 24, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

नरसिंहपुर,पात्र व्यक्ति को शासन की योजना का लाभ मिलने में कोई परेशानी नहीं होना चाहिये- कलेक्टर

नरसिंहपुर । कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र व्यक्ति को शासन की योजना का लाभ मिलने में कोई परेशानी नहीं होना चाहिये। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को तत्परता से दिलाना सुनिश्चित किया जावे।

         बैठक में सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, सहायक कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्री मनोज ठाकुर, सभी एसडीएम, सीएमओ, सीईओ जनपद सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

सेंड द पिक कैम्पेन पोर्टल लांच

         कलेक्टर श्री रोहित सिंह द्वारा सेंड द पिक पोर्टल लांच किया गया। कलेक्टर ने कहा कि सेंड द पिक कैम्पेन में आने वाली शिकायतों के निराकरण में देरी नहीं होना चाहिये। इन शिकायतों का निराकरण तत्परता से सुनिश्चित किया जावे। इस कैम्पेन के दौरान प्राप्त शिकायतों के निराकरण की कलेक्टर श्री सिंह ने विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिये।

चरनोई भूमि से अतिक्रमण हटवायें

         कलेक्टर श्री सिंह ने लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण की राजस्व न्यायालयवार समीक्षा की। उन्होंने 235 लंबित राजस्व प्रकरणों का एक दिन में निराकरण करने पर राजस्व अधिकारियों को बधाई दी। कलेक्टर ने नर्देश दिये कि जिले में चरनोई भू‍मि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जावे। इसके लिए गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित की जावे। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों का भी औचक निरीक्षण होगा। श्री सिंह ने निर्देश दिये कि ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों प्रकार के प्रकरण दर्ज किये जावें, कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे बगैर अनुमति से मुख्यालय नहीं छोड़े। उन्होंने हल्के में पदस्थ सबइंजीनियर, आरआई, पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव की जानकारी प्रस्तुत करने पर जोर दिया। इसके अलावा सभी एसडीएम एवं सीएमओ राजस्व वसूली, जल कर, सम्पत्ति कर आदि की वसूली सुनिश्चित करें।

अवैध खनन एवं अवैध शराब की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करें

         कलेक्टर ने निर्देश दिये कि जिले में अवैध खनन एवं अवैध शराब की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जावे। उन्होंने कहा कि सतत मॉनीटरिंग कर कार्रवाई सुनिश्चित की जावे। कलेक्टर ने स्वीकृत खदानों के सीमांकन के शेष कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये।

होर्डिंग्स, पोस्टर, बैनर से आवागमन बाधित नहीं हो

         कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित किया जावे कि होर्डिंग्स, बैनर एवं पोस्टर से सड़कों पर आवागमन बाधित नहीं हो। सभी सीएमओ सुनिश्चित करें कि सड़क के डिवाईडरों की पुताई हो और रिफ्लेक्टर लगाये जायें। डिवाईडर के बीच में साफ- सफाई कराकर पौधे लगाये जायें। गौशाला निरीक्षण की जानकारी ली गई। उन्होंने सीएमओ गाडरवारा को निर्देशित किया कि नगर में समुचित साफ- सफाई सुनिश्चित की जावे। साथ ही सेंड द पिक कैम्पेन के जबाव दर्ज किये जावें। नगरीय निकायों में निकाय से संबंधित दुकानों के किराये की वसूली की जावे।

शिकायत अटेंड नहीं करने पर अधिकारियों पर लगा जुर्माना

         बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि सितम्बर माह में शिकायत अटेंड नहीं करने पर संबंधित अधिकारियों पर 63 हजार 600 रूपये का जुर्माना लगाया गया। यह राशि रेडक्रास में जमा होगी। शिकायतों के निराकरण में प्रगति लाने से जिले की रैंक 47 से 7 पर आ गई है। जनपद पंचायतवार शिकायतों के निराकरण पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि शिकायत अटेंड जरूर करें। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था में सुधार करना हमारी मंशा है। हम नहीं चाहते कि जुर्माना लगाया जाये। कलेक्टर ने जनसुनवाई की जानकारी अनुभागवार प्रस्तुत करने के लिए निर्देश भी एसडीएम को दिये।

आयुष्मान कार्ड की प्रगति की जानकारी, खाद- बीज कालाबाजारी करने वालों पर हो एफआईआर दर्ज

         कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने बैठक में जिले के नगरीय निकायों में आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति की जानकारी ली और अभियान चलाकर एक सप्ताह के भीतर कार्ड बनाने के निर्देश दिये। इसके अलावा जिले में यूरिया, डीएपी की कालाबाजारी करने वालों पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिये एवं मिलावटखोरों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश बैठक में दिये।

Aditi News

Related posts