25.7 C
Bhopal
April 19, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार

ग्राम चौपाल में कलेक्टर ने ग्रामीणों से रूबरू चर्चा कर जानी उनकी समस्यायें

नरसिंहपुर।कलेक्टर रोहित सिंह शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिले की जनपद पंचायत चीचली की ग्राम पंचायत तेंदूखेड़ा और पिपलाटोला पहुंचे। यहां उन्होंने ग्राम चौपाल में ग्रामीणों से रूबरू चर्चा कर उनकी समस्यायें जानी और निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ मिलने और इसमें आने वाली दिक्कतों और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास, बिजली, जल जीवन मिशन, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, स्वास्थ्य और अन्य समस्याओं से संबंधित जानकारी ली। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

ग्राम पंचायत तेंदूखेड़ा

         कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिव से प्रधानमंत्री आवास के निर्माण की जानकारी ली। आवास के अपूर्ण होने का कारण पूछा। शौचालय निर्माण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने तीन दिन में शौचालय निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिये। हितग्राहीमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पाये जाने पर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल निलम्बित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनने की समीक्षा की। उन्होंने बीएमओ को निर्देश दिये कि हीरेश रजक का आयुष्मान कार्ड बनाया जाये। उन्होंने नल- जल योजना की स्थिति की समीक्षा भी की।

पिपलाटोला

         कलेक्टर ने पिपलाटोला में ग्राम चौपाल में ग्रामवासियों से चर्चा की। उन्होंने राशन मिलने, बिजली, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि जिन शौचालय के निर्माण की गुणवत्ता सही नहीं है, उन्हें पुन: बनवाया जायेगा। उन्होंने ग्राम वासियों से शौचालयों का उपयोग करने की बात कही। सिंह ने पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार पट्टे और पेंशन मिलना सुनिश्चित करने के निर्देश ग्राम पंचायत सचिव को दिये। उन्होंने कहा कि धात्री एवं गर्भवती महिलाओं का चैकअप होता रहे। उन्होंने कोविड वैक्सीन लगने, आयुष्मान कार्ड बनने की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर ध्यान दिया जाये। ग्राम वासियों ने मिनी आंगनबाड़ी केन्द्र खोलने व पक्की सड़क बनवाने की बात कही। इस पर कलेक्टर ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए यथासंभव कार्य लोक निर्माण विभाग व वन विभाग करवायें। ग्रामवासियों की मांग पर कलेक्टर ने बोर कराकर हैंडपंप स्थापित कराने के निर्देश दिये। ग्रामवासियों ने परम्परानुसार अधिकारियों का स्वागत स्थानीय बोली में गीत गाकर किया।

छोटा जबलपुर का भ्रमण

पर्यटन हब के रूप में करेंगे विकसित

         कलेक्टर सिंह ने छोटा जबलपुर का अधिकारियों के साथ भ्रमण किया। वन विभाग अमले द्वारा बताया गया कि इस क्षेत्र में ब्लैक बग, भालू, चीतल, हिरण, लेपर्ड, बाघ आदि वन्य प्राणी विचरण करते हैं। इस क्षेत्र को पर्यटन के उद्देश्य से पिकनिक स्पॉट/ टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने पर चर्चा की गई। यहां पर्यटन की व्यापक संभावनायें बताई गई। यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ईको टूरिज्म, जिप लाइन डेवलप करने, समय- समय पर डिजिटल शो, फारेस्ट ट्रेक, वॉल क्लाइमबिंग आदि के बारे में क्या- क्या कर सकते हैं, इस पर चर्चा की गई। यहां एंट्री गेट भी बनाने का सुझाव दिया गया।

प्राथमिक शाला पिपलाटोला

         कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला पिपलाटोला में विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा। उन्होंने चौथी एवं पांचवीं कक्षा के बच्चों से जोड़, घटाना, गुणा, भाग आदि के सवाल पूछे। बच्चों द्वारा सही जबाव देने पर कलेक्टर सिंह ने प्रसन्नता जाहिर की।

बाबई चीचली में कलेक्टर ने किया विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण

नरसिंहपुर कलेक्टर रोहित सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाबई चीचली में विभिन्न कार्यालयों का शुक्रवार को निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने जनपद पंचायत कार्यालय, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय, परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास विभाग के कार्यालय, आधार सेवा केन्द्र, पशु चिकित्सालय और लोक सेवा केन्द्र का निरीक्षण किया। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

जनपद पंचायत कार्यालय

         निरीक्षण के दौरान जनपद कार्यालय में साफ- सफाई का अभाव पाया गया। यहां गमले बेतरतीबी से रखे थे। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यालय में समुचित साफ- सफाई और सुचारू व्यवस्थाओं के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर ने सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि कार्यालय की अलमारियां व्यवस्थित ढंग से रखी जायें। इनमें दस्तावेजों व रिकार्ड का संधारण अच्छे से किया जावे। कार्यालय का जनरेटर चालू स्थिति में रहे और उसके लिए शेड की व्यवस्था की जाये।कार्यालय की रंगाई- पुताई के लिए एवं  परिसर में मौजूद जर्जर भवन को डिस्मेंटल कराने निर्देशित किया।

विभिन्न कार्यालय

         निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में अधिकारी- कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये। इस संबंध में कलेक्टर ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये। परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास कार्यालय के निरीक्षण में श्री सिंह ने कर्मचारियों की जानकारी ली।

         आधार सेवा केन्द्र में आधार कार्ड लिंक कराने आये हितग्राहियों से कलेक्टर ने चर्चा की। उन्होंने पूछा कि जो शुल्क निर्धारित है, उतना ही ले रहे हैं या अधिक। इस पर लोगों ने बताया कि यहां निर्धारित शुल्क ही लिया जा रहा है। कलेक्टर ने यहाँ बेहतर कार्य के लिए दिव्यांग ऑपरेटर श्री राजाराम और स्टाफ को बधाई दी। लोक सेवा केन्द्र में खसरा चेक करवाने आये व्यक्ति से कलेक्टर ने बात की। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि केन्द्र में अलग- अलग सेवाओं के निर्धारित शुल्क की सूची लगाई जाये। बैठक व्यवस्था को बेहतर बनाया जाये। यहां 25 कुर्सी और रखवायें। निरीक्षण के दौरान विभिन्न कार्यालयों के 10 कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने पर निलम्बित करने के निर्देश दिए।

शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर ग्राम पंचायत सचिव तेंदूखेड़ा श्री सोमनाथ कौरव निलंबित
नरसिंहपुर । मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शासकीय कार्यों में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के आरोप में विकासखंड बाबई चीचली की ग्राम पंचायत तेंदूखेड़ा के ग्राम पंचायत सचिव श्री सोमनाथ कौरव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में श्री कौरव का मुख्यालय जनपद पंचायत चीचली रहेगा। निलंबन अवधि में श्री कौरव को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
         उल्लेखनीय है कि कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत तेंदूखेड़ा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृत 154 आवासों में से केवल 133 आवास पूर्ण और 21 आवास अपूर्ण पाये गये। ग्राम पंचायत में पात्र हितग्राहियों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड भी नहीं बनवाना पाया गया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के शौचालय निर्माण के कार्य में भी रूचि नहीं ली गई। ग्राम पंचायत तेंदूखेड़ा के सचिव श्री सोमनाथ कौरव द्वारा शासन की योजनाओं के लाभ से पात्र हितग्राहियों को वंचित रखा गया। इस कृत्य को मप्र पंचायत सेवा आचरण अधिनियम 1998 के प्रावधानों के तहत शासकीय कार्यों में लापरवाही एवं उदासीनता का द्योतक मानते हुए इसे स्वेच्छाचारिता एवं कदाचरण की श्रेणी में माना गया। इस कृत्य के कारण सचिव श्री कौरव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।


127 पाव अवैध शराब बरामद,अवैध मदिरा के 5 प्रकरण दर्ज
नरसिंहपुरकलेक्टर श्री रोहित सिंह के निर्देशों के परिपालन में जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन व विक्रय के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गुरूवार को वृत्त गोटेगांव में अलग- अलग स्थानों पर 127 पाव अवैध मदिरा बरामद की गई। इसमें से ग्राम पिपरसरा से 25 पाव गोवा रम, 11 पाव गोवा व्हिस्की व 33 पाव देसी मदिरा प्लेन, ग्राम रीछा से 15 पाव देशी प्लेन मदिरा, 2 पाव गोवा व्हिस्की व एक पाव जीनियस व्हिस्की, ग्राम सूरवारी से 17 पाव सागर गोल्ड व्हिस्की, 11 पाव गोवा व्हिस्की, 6 पाव गोवा रम, 4 पाव मेक्डॉवेल रम एवं 2 पाव मेक्डॉवेल व्हिस्की की जब्ती की गई। जब्त की गई सामग्री एवं मदिरा का अनुमानित मूल्य 14 हजार 240 रूपये है। अभियान के दौरान अवैध मदिरा से संबंधित 5 प्रकरण दर्ज किये गये। ये प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के प्रावधानों के तहत दर्ज किये गये। उक्त कार्यवाही के दौरान आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर जमानत- मुचलके पर रिहा किया गया।
          अभियान जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती अम्रता जैन व सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री डीसी चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। दबिश की कार्रवाई के दौरान आबकारी उप निरीक्षक श्री भ्रांति सैयाम व श्री संजीव जैन, मुख्य आरक्षक व आरक्षकगण की टीम मौजूद थी।
समा.क्र. 231/ 742 आर.के.एस.
बोर्ड परीक्षाओं के सुव्यवस्थित संचालन के लिए अपर कलेक्टर ने लगाई जिला अधिकारियों की ड्यूटी
नरसिंहपुर । माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश के अंतर्गत वर्ष 2022 की हायर सेकेंडरी हाई स्कूल और अन्य परीक्षायें 17 एवं 18 फरवरी से आयोजित हैं। जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिए 84 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान नियत परीक्षा केन्द्र में सतत निरीक्षण कर नकल रोकने और परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन के उद्देश्य से अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य ने परीक्षा केन्द्रों में जिला अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। ये अधिकारी अपने विभागीय दायित्वों के साथ- साथ बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
         इस सिलसिले में अपर कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में जिला अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित परीक्षा केन्द्र पर सम्पूर्ण परीक्षा अवधि में मॉनीटरिंग करेंगे। मॉनीटरिंग के लिए 25 जिला अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के शिविर का हुआ आयोजन
नरसिंहपुर।मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत कैरियर शिविर का आयोजन शासकीय स्वामी विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय- पीजी कॉलेज नरसिंहपुर में शुक्रवार को किया गया। शिविर में 70 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
         शिविर में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के बारे में जानकारी दी गई और इसका लाभ लेने का आग्रह किया गया।
         उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग द्वारा स्वरोजगार मूलक नवीन योजना मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना शुरू की गई है। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के शिक्षित युवाओं को स्वरोजगार मुहैया कराने के लिए बैंकों के माध्यम से कम ब्याज दर पर संपार्श्विक मुक्त/ कोलेटरल फ्री ऋण उपलब्ध कराना है। यह ऋण शिक्षित युवाओं को स्वयं का उद्योग- विनिर्माण/ सेवा/ व्यवसाय संबंधी उद्यम स्थापित करने के लिए दिया जायेगा।
         मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में विनिर्माण, सेवा एवं खुदरा व्यवसाय के केवल नवीन उद्यमों के लिए ही ऋण दिया जायेगा। इस योजना में विनिर्माण क्षेत्र की एक से 50 लाख रूपये तक की और सेवा एवं खुदरा व्यवसाय क्षेत्र की एक लाख से 25 लाख रूपये तक की परियोजना इकाईयों को बैंक के जरिए ऋण उपलब्ध हो सकेगा। लाभांवित इकाईयों को 7 वर्षों तक प्रति वर्ष 3 प्रतिशत की दर से ब्याज अनुदान और सीजीटीएमएसई फीस के रूप में वित्तीय सहायता दी जायेगी।
         मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में मध्यप्रदेश के मूल निवासी 18 से 40 वर्ष तक की आयु के 12 वीं कक्षा उत्तीर्ण शिक्षित युवा ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदक के परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रूपये से अधिक नहीं होना चाहिये। एमपी ऑनलाइन के सभी पोर्टल www.samast.mponline.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ आधार कार्ड, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, कोटेशन, पट्टा/ किरायानामा आदि सभी वांछित दस्तावेजों को ऑनलाइन अपलोड करना होगा।

Aditi News

Related posts