30.1 C
Bhopal
April 20, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

गोटेगांव के जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्यायें,मौके पर ही हुआ समस्याओं का निदान

गोटेगांव के जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्यायें,मौके पर ही हुआ समस्याओं का निदा

नरसिंहपुर। प्रोजेक्ट निदान के तहत जिले की नगर पालिका परिषद गोटेगांव में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर श्री रोहित सिंह शुक्रवार को जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहुंचे और नगर भ्रमण किया। जनपद कार्यालय परिसर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उन्होंने नागरिकों से बात की और उनकी समस्यायें जानी। उन्होंने शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की जानकारी भी ली।

      कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि किसी भी नागरिक को अपने काम के लिए दफ्तर नहीं भटकना पड़े। किसी को भी पानी की समस्या नहीं होना चाहिये।

      इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य, एसडीएम श्रीमती निधि सिंह गोहल, नोडल अधिकारी और नागरिक मौजूद थे।

वार्ड प्रभारी को निलंबित करने व उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

      कलेक्टर ने गोटेगांव के वार्ड क्रमांक एक से 15 तक की समस्याओं की जानकारी ली। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने शिकायत मिलने और असंतोषजनक कार्य पाये जाने पर गोटेगांव के वार्ड क्रमांक एक आजाद वार्ड के वार्ड प्रभारी श्री अनुराग उपाध्याय को निलंबित करने के निर्देश दिये। उन्होंने नगर पालिका के कम्प्यूटर ऑपरेटर पेंशन श्री रंजीत जैन की सेवायें समाप्त करने का नोटिस देने और उपयंत्री श्री चंदन सिंह राजपूत को कारण बताओ नोटिस जारी करने की हिदायत दी।

एक दिव्यांग को व्हीलचेयर व एक को कान की मशीन देने के निर्देश

कलेक्टर के निर्देश पर 6 नागरिकों को मिला तत्काल लाभ

      शिविर में एक दिव्यांग बालक कमलेश चौधरी ने कलेक्टर को अपनी समस्या बताई। इस पर उन्होंने इस बालक को तत्काल व्हीलचेयर देने के निर्देश दिये। इसी तरह मोनू ठाकुर ने कान की मशीन दिलाने का आग्रह कलेक्टर से किया। इस पर कलेक्टर ने तत्काल कान की मशीन दिलाने के निर्देश दिये। शैलेष सोनी के आवेदन पर कलेक्टर ने तत्काल आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिये। यहां मनोज सोनी ने राशन कार्ड नहीं बने होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने तत्काल राशन कार्ड बनवाने के निर्देश दिये। गुड्डी बाई ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने तत्काल दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने के निर्देश दिये। उन्होंने वार्ड क्रमांक 4 की सुनीता सिलावट को खाद्यान्न पात्रता पर्ची जारी करने के निर्देश दिये।

वार्डवार समस्याओं की समीक्षा

      कलेक्टर ने नगर पालिका गोटेगांव की वार्डवार समस्याओं की समीक्षा की और निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। वार्ड क्रमांक एक में रेवाराम ने पानी की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने तत्काल पानी की समस्या का निराकरण सुनिश्चित करने और ट्यूबवेल लगवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। वार्ड क्रमांक एक में रोड और नाली की समस्या नागरिकों द्वारा बताये जाने पर कलेक्टर ने एस्टीमेट तैयार कराने के निर्देश दिेये और तात्कालिक राहत के लिए अस्थाई व्यवस्था बनाने की हिदायत दी।

      वार्ड क्रमांक दो में नाली निर्माण कराने और एक आवेदक का राशन कार्ड आज ही बनाने के सख्त निर्देश कलेक्टर ने दिये।

      उन्होंने वार्ड क्रमांक तीन में तीन दिन के भीतर बिजली का खंभा लगवाने के निर्देश दिये। लोगों ने नाली की साफ- सफाई व मच्छरमार दवाई का छिड़काव करवाने और व्यापारी संघ ने सुलभ शौचालय की साफ- सफाई कराने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने आवश्यक कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

      वार्ड क्रमांक चार में बीपीएल कार्ड संबंधी शिकायत की आज ही जांच करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये। शांति बाई ने पेंशन नहीं मिलने और एक आवेदक ने आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। इस संबंध में कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया।

      वार्ड क्रमांक 5 में जमुना बाई की प्रधानमंत्री आवास बनवाने के लिए राशि दिलाने की मांग की पर कलेक्टर ने आज ही खाते में राशि डलवाने के निर्देश दिये। यहां 10 आवेदकों ने पट्टा दिलाने के लिए आवेदन दिया।

      वार्ड क्रमांक 7 में शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने उपयंत्री श्री चंदन सिंह राजपूत को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। लोगों ने यहां राशन दुकान बढ़ाने की मांग की।

      वार्ड क्रमांक 8 में लोगों ने नाली व रोड निर्माण और नाली की साफ- सफाई कराने की मांग की। इस संबंध में कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

      वार्ड क्रमांक 9 में मकान टैक्स के बारे में प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिये। यहां किशनलाल ने राशन व पेंशन दिलाने के लिए आवेदन दिया। यहां 8 व्यक्तियों ने बिजली का हाई वोल्टेज तार उनके मकान के समीप से हटवाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने तीन दिन के भीतर हाई वोल्टेज तार हटवाने के निर्देश दिये।

      वार्ड क्रमांक 11 में दो आवेदन, वार्ड क्रमांक 12 में ई- रिक्शा के लिए एक आवेदन और अन्य वार्डों में आवास योजना का लाभ दिलाने, शौचालय आदि के संबंध में लोगों ने अपने- अपने आवेदन दिये। इन आवेदनों पर समय सीमा में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया।

Aditi News

Related posts