ADITI NEWS
सामाजिक

नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जायेगा,ऐतिहासिक स्थलों, नदी, सरोवर के किनारे होगा योगाभ्यास

नरसिंहपुर। कलेक्टर श्री रोहित सिंह के मार्गदर्शन में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिले में योगाभ्यास के कार्यक्रम बड़े पैमाने पर आयोजित किये जायेंगे। इस दिन जिले में कक्षा 6 वीं से 12 वीं तक के करीब एक लाख छात्र- छात्राओं को योगाभ्यास के कार्यक्रम में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। आयुष विभाग द्वारा ऐतिहासिक स्थलों, नदी, सरोवर आदि के किनारे योगाभ्यास कराया जायेगा। जिले में योगाभ्यास कार्यक्रम की तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। लोग उत्साह के साथ योग, आसन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर रहे हैं। जिला मुख्यालय पर नरसिंह मंदिर परिसर में प्रतिदिन नागरिक योगाभ्यास कर रहे हैं।

इसी क्रम में सोमवार 13 जून को गाडरवारा में डमरू घाटी शिवांगन परिसर में योग सत्र का आयोजन आयुष विभाग द्वारा किया गया। डॉ. विजय ठगेले, डॉ. फूल सिंह एवं योग प्रशिक्षक लोकेश मिश्रा, चंद्रकांत राजपूत द्वारा लोगों को योगाभ्यास कराया गया। इसके पूर्व शक्कर नदी के किनारे भी योगाभ्यास कराया गया।

नरसिंह तालाब के लिए श्रमदान के साथ नागरिक कर रहे हैं योगाभ्यास

जिला मुख्यालय पर नरसिंह तालाब के कायाकल्प के उद्देश्य से नागरिक लगातार श्रमदान कर रहे हैं। श्रमदान अनवरत चल रहा है। श्रमदान में सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं स्वैच्छिक संगठन सहभागी बन रहे हैं। कलेक्टर श्री रोहित सिंह भी लगातार श्रमदान में शामिल हो रहे हैं। युवा, बुजुर्ग, महिलायें, छात्र- छात्रायें, कोचिंग संस्थान के विद्यार्थी, खिलाड़ी और समाज के सभी वर्गों के लोग श्रमदान के लिए जुट रहे हैं। श्रमदान के साथ- साथ नरसिंह मंदिर परिसर में नागरिक प्रतिदिन योगाभ्यास भी कर रहे हैं। इस दौरान नागरिक विभिन्न योगासन, प्राणायाम आदि का अभ्यास कर रहे हैं।

नागरिकों को मतदान करने के लिए भी किया जा रहा है जागरूक

नरसिंह तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए श्रमदान और योगाभ्यास के कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को सेंस गतिविधियों के तहत त्रिस्तरीय पंचायतों और नगरीय निकाय आम निर्वाचन के दौरान मतदान अवश्य करने के लिए प्रेरित एवं जागरूक भी किया जा रहा है।

3 हजार 655 पंच, 48 सरपंच और 16 जनपद सदस्य निर्विरोध

नरसिंहपुर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जिले में त्रि- स्तरीय पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव कराए जा रहे हैं। पंचायत चुनाव में 3 हजार 655 पंच, 48 सरपंच और 16 जनपद पंचायत सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं।

3 हजार 655 पंच निर्विरोध निर्वाचित

जिले की 450 ग्राम पंचायतों में पंच के 5 हजार 29 पदों में से 3 हजार 655 पंच निर्विरोध चुने गए। पंच के जिन पदों के लिए निर्वाचन होना है उनकी संख्या 1374 है। विकासखंड नरसिंहपुर में पंच पदों की संख्या 990 में से 641 निर्विरोध शेष 349 पदों पर चुनाव होना है। गोटेगांव में 1007 में से 784 निर्विरोध शेष 223 पदों पर चुनाव होना है। करेली में 728 में से 524 निर्विरोध शेष 204 पदों पर चुनाव होना है। चांवरपाठा में 942 में से 733 निर्विरोध शेष 209 पदों पर चुनाव होना है। सांईखेड़ा में 637 में से 376 निर्विरोध शेष 261 पदों पर चुनाव होना है। विकासखंड बाबई चीचली में पंच के 725 पद में से 597 निर्विरोध पंच के शेष 128 पदों पर चुनाव होना है।

जिले में 48 सरपंच निर्विरोध चुने गए

जिले की 450 ग्राम पंचायतों में सरपंच के पद भरे जाना है। जिसमें 48 सरपंच निर्विरोध चुने गए। सरपंच के 402 पदों के लिए निर्वाचन होगा।

जिले के विकासखंड नरसिंहपुर में कुल 86 ग्राम पंचायतों में से 7 में सरपंच निर्विरोध चुने गए, शेष 79 पर चुनाव होना है। गोटेगांव में 90 ग्राम पंचायतों में से 16 में निर्विरोध सरपंच चुने गए, शेष 74 पर चुनाव होना है। करेली में 64 ग्राम पंचायतों में से 8 में सरपंच निर्विरोध चुने गए, शेष 56 पर चुनाव होना है। चांवरपाठा में 86 ग्राम पंचायतों में से 8 में सरपंच निर्विरोध चुने गए, शेष 78 पर चुनाव होना है। सांईखेड़ा में 58 ग्राम पंचायतों में से 5 सरपंच निर्विरोध चुने गये, शेष 53 पर चुनाव होना है। विकासखंड बाबई चीचली में 66 ग्राम पंचायतों में से 4 में निर्विरोध सरपंच चुने गए, शेष 62 पर चुनाव होना है।

जिले में 16 जनपद सदस्य निर्विरोध चुने गए

जिले के 6 जनपद पंचायतों में जनपद सदस्य के कुल 131 पद हैं। पंचायत चुनाव में 16 जनपद सदस्य निर्विरोध चुने गए। अब जिले के 115 जनपद पंचायत सदस्यों के पदो के लिए निर्वाचन होगा।

विकासखंड नरसिंहपुर में जनपद पंचायत सदस्य के कुल 24 पद हैं। जिसमें एक निर्विरोध चुने गए और 23 पदों के लिए निर्वाचन होगा। गोटेगांव में जनपद सदस्य के कुल 25 पद हैं। जिसमें 6 निर्विरोध चुने गए और 19 पदों के लिए निर्वाचन होगा। करेली में जनपद सदस्य के कुल 20 पद हैं। 5 पदों पर जनपद सदस्य निर्विरोध चुने गए। 15 के लिए चुनाव होगा। चांवरपाठा में जनपद के 24 सदस्य हैं। जिसमें एक निर्विरोध चुने गए और शेष 23 के लिए चुनाव होगा। सांईखेड़ा में जनपद सदस्य के कुल 18 पद हैं। जिसमें 2 सदस्य निर्विरोध चुने गये। शेष 16 के लिए चुनाव होगा। बाबई चीचली में जनपद सदस्य के कुल 20 पद हैं। जिसमें एक निर्विरोध चुना गया और शेष 19 के लिए चुनाव होगा।

15 जिला पंचायत सदस्य के लिए होगा चुनाव

जिले में जिला पंचायत के कुल सदस्यों की संख्या 15 है, इन 15 जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव सम्पन्न होगा।

कलेक्टर ने किया सीएम राइज उत्कृष्ट विद्यालय करेली का निरीक्षण

नरसिंहपुर, 13 जून 2022. कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने सीएम राइज शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करेली का निरीक्षण सोमवार को किया। यहां मौजूद शिक्षकों से चर्चा कर विगत सत्र की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिये कि 17 जून से स्कूल में कक्षायें प्रारंभ हो जायें, शिक्षक एवं छात्र की उपस्थि‍ति रहे।

      निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव, एसडीएम श्री राजेश शाह, तहसीलदार श्री लाल शाह जगेत, स्कूल प्राचार्य, शिक्षक और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

      कलेक्टर श्री सिंह ने स्कूल में शिक्षकों की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि स्कूल का रिजल्ट अच्छा रहना चाहिये। यह सुनिश्चित किया जावे कि शतप्रतिशत बच्चे परीक्षा में उत्तीर्ण हों। उन्होंने बोर्ड परीक्षा में विषयों में अनुत्तीर्ण रहे विद्यार्थियों की जानकारी ली और इसकी रिपोर्ट आज ही प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।

      कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने स्कूल की पुरानी बिल्डिंग को हटवाने के निर्देश पीडब्ल्यूडी के अधिकारी को दिये। उन्होंने यहां खिलाड़ियों और व्यायाम शिक्षक से खेलकूद गतिविधियों के बारे में चर्चा कर जानकारी ली। उन्होंने स्कूल की कैमेस्ट्री लैब का मुआयना किया। लैब में पर्याप्त संख्या में प्रायोगिक उपकरण एवं आवश्यक रासायनिक यौगिक उपलब्ध रहना चाहिये। यहां कलेक्टर श्री सिंह ने बच्ची प्रमांशी कौरव से भी चर्चा की।

मतदान केन्द्र का निरीक्षण

      कलेक्टर एवं एसपी ने उत्कृष्ट स्कूल करेली में बनाये जा रहे मतदान केन्द्रों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने यहां सभी आवश्यक व्यवस्थायें समय पर पूरी कर लेने के निर्देश दिये।

करेली में कलेक्टर और एसपी ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण

नरसिंहपुर। नगरीय निकाय आम निर्वाचन- 2022 एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन- 2022 के मद्देनजर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रोहित सिंह व पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव ने करेली की नवीन कृषि उपज मंडी में बनाये गये स्ट्रांग रूम का निरीक्षण सोमवार को किया। उन्होंने यहां मतदान सामग्री वितरण एवं वापसी की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने यहां समुचित साफ- सफाई कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री राजेश शाह, तहसीलदार श्री लाल शाह जगेत भी मौजूद थे।

      निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, लाइट, ईवीएम- वीवीपेट मशीन/ मतपेटियों के रखरखाव की व्यवस्थाओं का बारीकी से मुआयना किया। यहां मौजूद वॉटर कूलर की व्यवस्था को सुचारू रूप से रखने के निर्देश मंडी सचिव को दिये। कलेक्टर ने निर्वाचन आयोग की चैक लिस्ट के अनुसार निर्धारित बिंदुओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि स्ट्रांग रूम की सभी व्यवस्थायें पुख्ता रहना चाहिये। कलेक्टर ने कहा कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक नहीं होनी चाहिये। यहां उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों की जानकारी ली।

नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022

दूसरे दिन 13 जून को जिले के 8 नगरीय निकायों में पार्षद पद के लिए 2 नाम निर्देशन पत्र दाखिल

नरसिंहपुर। नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत जिले में 11 जून को जिले के 8 नगरीय निकायों में पार्षद पद के लिए नाम निर्देशन पत्र भरने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। दूसरे दिन 13 जून को नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर में दो अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिल किये गये हैं। दूसरे दिन जिले के शेष 7 नगरीय निकायों गाडरवारा, गोटेगांव, करेली, तेंदूखेड़ा, चीचली, सांईखेड़ा व सालीचौका (बाबईकलां) में किसी भी अभ्यर्थी द्वारा पार्षद पद के लिए नाम निर्देशन पत्र दाखिल नही किया गया। इस तरह दूसरे दिन जिले के 8 नगरीय निकायों में पार्षद पद के लिए कुल दो नाम निर्देशन पत्र दाखिल किये गये।

      उल्लेखनीय है कि जिले की नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर में पार्षद के 28 पद, नगर पालिका परिषद गाडरवारा में पार्षद के 24 पद, नगर पालिका परिषद गोटेगांव में पार्षद के 15 पद, नगर पालिका परिषद करेली में पार्षद के 15 पद, नगर परिषद तेंदूखेड़ा में पार्षद के 15 पद, नगर परिषद चीचली में पार्षद के 15 पद, नगर परिषद सांईखेड़ा में पार्षद के 15 पद और नगर परिषद सालीचौका (बाबईकलां) में पार्षद के 15 पद के लिए निर्वाचन होना है।

Aditi News

Related posts