37.1 C
Bhopal
March 28, 2024
ADITI NEWS
देश

नरसिंहपुर में पैदल तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब,देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम के नारों से गूंज उठा नरसिंहपुर शहर

हाथों में तिरंगा झंडा लेकर शहर की सड़कों पर निकले जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी व आम नागरिक

13 से 15 अगस्त तक “हर घर तिरंगा अभियान” में प्रत्येक घर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के लिए लोगों को किया प्रेरित

नरसिंहपुर। आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव पूरे देश में मनाया जा रहा है। इस दौरान प्रदेश में 13 से 15 अगस्त तक “हर घर तिरंगा अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान का व्यापक प्रचार- प्रसार कर इसमें सभी नागरिकों को जोड़ने के उद्देश्य से जिले में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा नरसिंहपुर में गुरूवार को पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई। करीब दो किलोमीटर लं‍बी रैली में जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान पूरा नरसिंहपुर शहर देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम के नारों से गूंज उठा। 13 से 15 अगस्त तक चलाये जा रहे हर घर तिरंगा अभियान में प्रत्येक घर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। हाथों में तिरंगा झंडा लेकर निकली रैली में हर घर तिरंगा अभियान का संदेश जन- जन तक पहुंचाया गया। हाथों में तिरंगा लेकर कलेक्टर श्री रोहित सिंह और भारत माता के वेश में एक छात्रा पैदल तिरंगा यात्रा में आगे- आगे चल रहे थे।

रैली में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी- कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, खिलाड़ियों, शिक्षकों, महिलाओं और आम नागरिकों ने बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया।

पैदल तिरंगा यात्रा जिला मुख्यालय पर नेताजी सुभाष चंद्र पार्क से शुरू हुई। इसके बाद यह रैली इतवारा बाजार, अष्टांग चिकित्सालय, बाहरी रोड, एलआईसी ऑफिस, मुशरान पार्क, सुनका चौराहा, राम मंदिर, सिंहपुर चौराहा, पुराना बस स्टेंड से होते हुए वापस सुभाष पार्क पहुंची।

रैली में डीएफओ श्री पीडी गेब्रियल, एसडीएम श्री राजेश शाह, धर्मगुरू, जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी, नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।

घरों में नागरिक पूरे सम्मान से फहरायें तिरंगा

इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने नागरिकों को आजादी के अमृत महोत्सव की शुभकामनायें देते हुए कहा कि हमें बहुत संघर्षों और ढेर सारे संकल्पों के बाद इस तरह हाथ में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा रखने का सौभाग्य हासिल हुआ है। नागरिक पूरे सम्मान के साथ तिरंगा धारण करें। प्रदेशव्यापी हर घर तिरंगा अभियान जिले में 13 से 15 अगस्त तक चलाया जायेगा। इस अभियान का संदेश जन- जन तक पहुंचाने और अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। मैराथन दौड़, साईकिल एवं बाईक रैली, मानव श्रृंखला जैसे कार्यक्रम हर दिन होते रहेंगे। इन कार्यक्रमों को और सघन किया जायेगा। प्रत्येक विद्या‍र्थी एवं उनके अभिभावक और नागरिक इस अभियान में जुड़ें। रैली के दौरान ट्रेफिक रूल्स का पालन करें। अपने शहर, गांव और जिले में स्वच्छता बनाये रखें।

ढोल- ढमाकों के साथ निकली रैली, कलेक्टर ने रैली में शामिल होने वालों का किया स्वागत

हर घर तिरंगा अभियान की जागरूकता रैली ढोल- ढमाकों के साथ नरसिंहपुर शहर के विभिन्न मार्गों से निकली। देशभक्तिपूर्ण नारे एवं गीतों के साथ पूरे शहर का माहौल तिरंगामय दिखाई दे रहा था। रैली में लोगों का उत्साह देखने लायक था। रैली में लोग भारत माता की जय, वंदे मातरम् जैसे अनेक नारे उत्साह से लगा रहे थे। गर्व एवं गौरव की भावना के साथ लोग रैली में हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे थे। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने पैदल तिरंगा यात्रा में शामिल होने वालों का स्वागत कर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने युवाओं को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

Aditi News

Related posts