26.8 C
Bhopal
April 27, 2024
ADITI NEWS
Uncategorized

नरसिंहपुर,जिले में जगह- जगह निकल रही तिरंगा यात्रा, कलेक्टर ने की जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा

जिले में जगह- जगह निकल रही तिरंगा यात्रा

लोगों में बढ़ रही राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता और देशभक्ति की भावना

घर- घर पहुंच रहा “हर घर तिरंगा” अभियान का संदेश

नरसिंहपुर। देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव पूरे देश एवं प्रदेश के साथ- साथ जिले में मनाया जा रहा है। इस दौरान जिले में 13 से 15 अगस्त तक “हर घर तिरंगा” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का व्यापक प्रचार- प्रसार कर इसमें सभी नागरिकों को जोड़ने के उद्देश्य से जिले में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

कलेक्टर कर रहे तिरंगा यात्रा में शामिल होने वालों का उत्साहवर्धन

      जिले में जगह- जगह तिरंगा यात्रायें निकाली जा रही हैं। तिरंगा यात्राओं से लोगों में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता और देशभक्ति की भावना बढ़ रही है। कलेक्टर श्री रोहित सिंह न केवल स्वयं तिरंगा यात्रा में पैदल शामिल हो रहे हैं, बल्कि तिरंगा यात्रा में शामिल होने वालों का उत्साहवर्धन भी कर रहे हैं। कलेक्टर तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों से वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारे भी उत्साह के साथ लगवा रहे हैं। लोग पूरे जोश के साथ देशभक्तिपूर्ण के नारे लगा रहे हैं।

      इसी क्रम में पराडकर नर्सिंग कॉलेज के छात्र- छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर खैरीनाका से पैदल रैली निकाली। यह रैली गुलाब चौराहा, गांधी चौक से होते हुए नगर पालिका चौराहा पहुंची। इसके साथ चौधरी रामचरण साहू नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने भी पीजी कॉलेज के सामने से हाथों में तिरंगा लेकर पैदल रैली निकाली, जो नगर पालिका चौराहे पर पराडकर नर्सिंग कॉलेज की रैली में शामिल हुई। कलेक्टर श्री सिंह इस रैली में शामिल हुए। इसके बाद यह पैदल तिरंगा रैली नगर पालिका चौराहे से आशीष हॉस्पिटल के सामने से होते हुए सदर मढ़िया पहुंची। तत्पश्चात यह तिरंगा रैली धनारे कॉलोनी से वापस सुभाष पार्क चौराहा पर समा‍प्त हुई। रैली में शामिल छात्र- छात्राओं ने राष्ट्रप्रेम से संबंधित प्रेरक नारे लगाये।

निकली बाईक तिरंगा रैली

       हर घर तिरंगा अभियान के तहत एमआईएमटी कॉलेज से बाइक तिरंगा रैली निकाली गई। रैली के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह को एनसीसी की कैप पहनाकर स्वागत किया गया। यहां कलेक्टर ने कहा कि एकता एवं अनुशासन एनसीसी का ध्येय का वाक्य है। विद्यार्थी एवं कैडेट इसे अपने जीवन में उतारें। साथ ही देश की संप्रभुता, एकता व अखंडता अक्षुण्ण बनी रहे, इसके लिए सदैव प्रयासरत रहें। जो भी दायित्व मिलें, उनका पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।

      कलेक्टर ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान का संदेश जन- जन तक पहुंचाने के लिए एक अगस्त से ही जिले में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। 9 अगस्त से इन गतिविधियों को सघन कर आजादी सप्ताह मनाया जायेगा, इन्हें 11 से 17 अगस्त तक सघनतम किया जायेगा। इस दौरान नित नये/ नूतन कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इन कार्यक्रमों में समाज के हर तबके और व्यक्ति को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान में मातृशक्ति और बच्चों को भी जोड़ा जायेगा। हमारा संकल्प है कि हर घर में तिरंगा लगे और हर हाथ तक तिरंगा पहुंचे।

      बाइक तिरंगा रैली के साथ- साथ श्याम सुंदर नारायण मुशरान शासकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने भी पैदल तिरंगा रैली निकाली। यह रैली मंडी चौराहा से रेलवे स्टेशन रोड होते हुए वापस एमआईएमटी कॉलेज में समाप्त हुई।

करेली में छात्राओं ने निकाली तिरंगा रैली

      हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत करेली में छात्रावास की छात्राओं द्वारा भारत माता की झांकी के साथ तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में भारत माता की जय, ग्रीन करेली के नारे लगाये गये। तिरंगा रैली करेली में मेन रोड से होते हुए छात्रावास पहुंची। रैली में प्राचार्य श्रीमती उर्मिला चौहान, अन्य शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद थे।

गाडरवारा में स्कूली छात्र- छात्राओं ने निकाली तिरंगा रैली

      हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत गाडरवारा में न्यू ऐज पब्लिक स्कूल गाडरवारा के छात्र- छात्राओं ने तिरंगा रैली निकाली। यह रैली गाडरवारा के विभिन्न मार्गों से होती हुई वापस स्कूल प्रांगण पहुंची। रैली में देशभक्ति से ओतप्रोत नारे लगाये गये। रैली में शिक्षक भी मौजूद थे।

कलेक्टर ने की जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा

नरसिंहपुर। कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने जिले में किये जा रहे जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में की। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में घरेलू नल कनेक्शन की जानकारी ली। कलेक्टर को अवगत कराया गया कि जिले में 2 लाख 38 हजार 44 परिवार हैं, इनमें से एक लाख 36 हजार 375 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन दिये जा चुके हैं, जो लक्ष्य का 57.29 प्रतिशत है। कलेक्टर ने आगामी सितम्बर तक शेष लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिये।

जल स्रोतों के जल का हो क्लोरीनेशन

कलेक्टर ने जिले में स्थापित हैंडपम्पों एवं उनमें क्लोरीनेशन की जानकारी ली। उप यंत्री श्री एचएस सलामे ने बताया कि उन्होंने 1300 हैंडपम्पों और उप यंत्री श्री सुनील कुमार परतेती ने 1200 हैंडपम्पों में क्लोरीनेशन किया है। जिले के सभी जल स्रोतों के क्लोरीनेशन का कार्य भी लगातार किया जावे। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि जिले में स्थापित सभी जल स्रोतों के जल का परीक्षण प्रयोगशाला में निरंतर किया जाये, ताकि कहीं पर भी जल जनित बीमारी नहीं हो।

बैठक में बताया गया कि जिले में ऐसे 17 ग्राम हैं, जहां एमएस स्ट्रेक्चर के लिए उपयुक्त स्थल नहीं है। साथ ही सहायक यंत्री ने बताया कि जिले की 90 योजनाओं में से 55 पूर्ण हो चुकी हैं और 5 योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। 250 आबादी वाले ग्राम पीएचई की मैकेनिकल यूनिट को आवंटित किये गये थे, ऐसे 30 ग्रामों में से 13 ग्रामों में जल स्रोत उपलब्ध नहीं है। शासन के निर्देशानुसार इन ग्रामों में नवीन स्रोत निर्मित किये जाना है। इस संबंध में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि एमएस स्ट्रेक्चर के लिए जहां शासकीय भूमि उपलब्ध नहीं हो पा रही है, तो संबंधित अनुविभागीय राजस्व अधिकारी से सम्पर्क कर शासकीय भूमि प्राप्त करें और तय समयावधि में कार्य पूर्ण करायें।

कार्यपालन यंत्री पीएचई श्री डीपी मंगोरे ने बताया कि जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 331 रेट्रोफिटिंग योजनायें और 20 नवीन योजनायें स्वीकृत हैं। इनमें से वर्तमान में 73 योजनायें पूर्ण हो चुकी हैं और 230 योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। कार्य प्रारंभ नहीं होने वाली 48 योजनाओं में 6 ठेकेदारों द्वारा कार्य नहीं किया जा रहा है। इस संबंध में इन ठेकेदारों को नोटिस जारी कर ब्लैक लिस्ट में डालने की कार्रवाई की जा रही है।

सहायक यंत्री मैकेनिकल ने बताया कि वर्तमान में जिले में नलकूप खनन के लिए कोई भी विभागीय मशीन उपलब्ध नहीं होने के कारण खनन में कठिनाई हो रही है। इस संबंध में कलेक्टर ने अपर मुख्य सचिव पीएचई को डीओ लेटर लिखने के लिए निर्देशित किया।

बैठक में कलेक्टर द्वारा सहायक यंत्री पीएचई उप खंड नरसिंहपुर को निर्देशित किया गया कि नरसिंहपुर विकासखंड की 61 और गोटेगांव विकासखंड की 42 योजनायें 30 सितम्बर तक पूर्ण करें, अन्यथा माह अक्टूबर 2022 का वेतन आहरित नहीं किया जायेगा।

प्रभारी सहायक यंत्री पीएचई उप खंड करेली ने बताया कि चांवरपाठा विकासखंड में उच्च स्तरीय टंकियों का निर्माण नहीं हुआ है। इस संबंध में कलेक्टर ने ईई पीएचई को निर्देशित किया कि चांवरपाठा विकासखंड की प्रगतिरत 29 योजनाओं का स्वयं निरीक्षण करें। साथ ही प्रत्येक ग्राम का फोटोग्राफ सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कार्य पूर्ण नहीं कर कार्यों में देरी करने पर माह सितम्बर 2022 का वेतन आहरित नहीं करने के निर्देश दिये।

प्रभारी सहायक यंत्री पीएचई उप खंड गाडरवारा ने बताया कि सांईखेड़ा एवं चीचली विकासखंड में योजनाओं के कार्य प्रगति पर हैं। प्रभारी सहायक यंत्री द्वारा कार्य पूर्ण नहीं कर कार्यों में देरी करने पर उनका माह सितम्बर 2022 का वेतन आहरित नहीं करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये।

जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों के थर्ड पार्टी निरीक्षण के लिए मेसर्स एमएसव्ही इंटरनेशनल आईएनसी गुड़गांव- हरियाणा को दायित्व सौंपा गया है। इस संबंध में किये जाने वाले कार्यों की जानकारी बैठक में ली गई।

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के सहायक यंत्री, प्रभारी सहायक यंत्री, उप यंत्री, एमएसव्ही इंटरनेशनल आईएनसी गुड़गांव- हरियाणा के प्रतिनिधि, जल जीवन मिशन के ठेकेदार और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Aditi News

Related posts