23.1 C
Bhopal
April 25, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

नरसिंहपुर, शतायु एवं वरिष्ठ मतदाताओं को किया गया सम्मानित

शतायु एवं वरिष्ठ मतदाताओं को किया गया सम्मानित

नरसिंहपुर। एक अक्टूबर 2022 को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ मतदाता सम्मान समारोह का आयोजन एनआईसी कक्ष नरसिंहपुर में किया गया। समारोह में जिले के 100 साल एवं वरिष्ठ मतदाताओं को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से सम्मानित किया गया। जिले के 89 शतायु मतदाताओं का सम्मान उनके निवास पर जाकर किया गया।

इस अवसर पर आयोजित वीसी में नई दिल्ली से मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्त श्री अनूप चंद्र पांडेय, भारत निर्वाचन आयोग वर्चुअली शामिल हुये।

एनआईसी कक्ष नरसिंहपुर में एसडीएम श्री राजेश शाह ने नरसिंहपुर के मतदाता 100 वर्षीय श्रीमती वैजंती पति श्री रम्मू, 90 वर्ष की श्रीमती सुंदर बाई यादव पति श्री छक्की लाल यादव, 89 वर्ष की श्रीमती कमला बाई प्रजापति पति श्री रामचरण, 87 वर्ष के श्री झलकन पिता श्री अमर सिंह और 82 वर्ष के श्री भैरव सिंह पिता श्री मानसिंह को शाल श्रीफल, पुष्पहार व भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किया।

उल्लेखनीय है कि जिले में विधानसभा क्षेत्र गोटेगांव में 30, नरसिंहपुर में 17, तेंदूखेड़ा में 11 एवं गाडरवारा में 31 मतदाताओं समेत जिले में कुल 89 ऐसे मतदाता हैं, जो 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के हैं, इनका सम्मान एक अक्टूबर को उनके निवास पर जाकर किया गया। जिले में 80 वर्ष से अधिक आयु के 15 हजार 575 मतदाता हैं।

सदभावना शिविर दो अक्टूबर को बरहटा में

नरसिंहपुर। अस्पृश्यता निवारण के उद्देश्य से सदभावना शिविर का आयोजन दो अक्टूबर को प्रात: 10.30 बजे से गोटेगांव तहसील के ग्राम बरहटा की शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में किया जायेगा। शिविर का आयोजन जनजातीय कार्य विभाग नरसिंहपुर के तत्वावधान में होगा।

शिविर में अस्पृश्यता निवारण विषय पर जनप्रतिनिधियों का उदबोधन होगा। साथ ही स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों की निबंध एवं भाषण प्रतियोगितायें होंगी। इस मौके पर शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जायेगी।

जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग श्री जेपी मिश्रा ने शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति की अपील लोगों से की है।

अधिकार अभिलेख वितरण का जिला स्तरीय कार्यक्रम दो अक्टूबर को नरसिंहपुर में

नरसिंहपुर। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत चलाये जा रहे सेवा पखवाड़े के दौरान दो अक्टूबर को स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख वितरण का जिला स्तरीय कार्यक्रम पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए अनुविभागीय राजस्व अधिकारी नरसिंहपुर ने अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर करेंगे प्रदेशव्यापी नशामुक्ति अभियान का शुभारंभ

नरसिंहपुर। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान गांधी जयंती 2 अक्टूबर से प्रदेश में आरंभ होने वाले प्रदेशव्यापी नशामुक्ति अभियान का शुभारंभ करेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर अपरान्ह 12.30 बजे से आरंभ होगा।

सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग द्वारा आयोजित अभियान में नशे के विरूद्ध पूरे समाज को जागरूक करने और विशेष रूप से युवा वर्ग को नशीले पदार्थों की घातकता से अवगत कराने के लिए प्रदेश के प्रत्येक नगर और ग्राम में सभाएं तथा शपथ ग्रहण कार्यक्रम होंगे, जिसमें नशामुक्त हो चुके लोगों के अनुभव साझा करने के साथ नशे की ओर आकर्षित हो रहे व्यक्ति के प्रारंभिक लक्षणों की जानकारी दी जाएगी। अभियान में नशामुक्ति केम्प लगाए जाएंगे तथा नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 द्वारा प्रदाय की जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

जिले में दो अक्टूबर को नशा मुक्ति अभियान की शपथ दिलाई जायेगी

इसी क्रम में जिले में दो अक्टूबर को जिला, जनपद, नगरीय निकाय एवं ग्राम स्तर पर नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने की शपथ दिलाई जायेगी।

दो अक्टूबर से ग्राम सभाओं का होगा चरणबद्ध आयोजन

जिले में प्रत्येक ग्राम में दो अक्टूबर से ग्राम सभाओं का चरणबद्ध आयोजन किया जाना है। इस सिलसिले में सीईओ जिला पंचायत ने सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को शासन के निर्देशानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।

सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर हुआ व्याख्यानमाला का आयोजन

नरसिंहपुर। पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्म दिन के अवसर पर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर जिला स्तरीय व्याख्यानमाला का आयोजन उड़ान कोचिंग संस्थान नरसिंहपुर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद नरसिंहपुर के तत्वावधान में किया गया।

व्याख्यानमाला में नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे, श्री सुनील कोठारी, लेखिका सुश्री इंदु सिंह, निरीक्षक पिछड़ा वर्ग कल्याण श्री विवेक सिंह शामिल हुये।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री दुबे ने व्याख्यानमाला की प्रासांगिकता और हमारा दायित्व के बारे में बताया। श्री सुनील कोठारी ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन, अंत्योदय की संकल्पना तथा सामाजिक सरोकारों पर विचार व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही राष्ट्र की अखंडता एवं संप्रभुता चिरस्थाई रहेगी। सुश्री इंदु सिंह ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर अपने विचार व्यक्त किये। उन्होंने भारतीय संस्कृति, हमारे रहन- सहन, खान-पान, आचार-विचार, वेश-भूषा के महत्व को रेखांकित किया। श्री विवेक सिंह ने कहा कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का हमारी संस्कृति में बहुत महत्व है। जिला समन्वयक जन अभियान परिषद श्री जयनारायण शर्मा ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

Aditi News

Related posts