23.1 C
Bhopal
April 24, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

कलेक्टर रोहित सिंह की अध्यक्षता में समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

कलेक्टर श्री रोहित सिंह की अध्यक्षता में समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

नरसिंहपुर। कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने समय सीमा की बैठक में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक आयोजित किए गए कैंपों की जानकारी ली। इसमें उन्होंने कुल दर्ज आवेदन स्वीकृत, अस्वीकृत, लंबित एवं निराकृत आवेदनों की जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि आज स्वीकृत किये गए आवेदनों की एक बार जाँच कर ली जाए। उन्होंने कहा कि घर- घर जाकर किए जाने वाले सर्वे का कार्य पूर्ण हो जाए।

 

परियोजना समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने के निर्देश

 

कलेक्टर श्री सिंह ने जनपदवार आए आवेदनों की भी विस्तृत समीक्षा की। नरसिंहपुर जनपद पंचायत में आयोजित कैंपों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण कार्यों के आवेदनों पर उन्होंने परियोजना समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन श्री राजेश तिवारी को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से संबंधित योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में अस्वीकृत किये गए आवेदनों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के प्रकरण बग़ैर किसी कारण के निरस्त नहीं किये जायें। कल्याणी पेंशन/ विवाह योजना के प्रकरणों पर भी फोकस किया जाये। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, खाद्यान्न पात्रता पर्ची आदि पर भी चर्चा की।

 

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि पशुपालन क्रेडिट कार्ड, मछुआ क्रेडिट कार्ड आदि बनाये जाने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत बेहतर कार्य करने पर जनपद पंचायत करेली एवं चीचली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को बधाई दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान की प्रतिदिन सुबह समीक्षा की जायेगी। सभी आवेदनों की ऑनलाइन एंट्री हो जाए, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाये। इसके अलावा सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी इसकी समीक्षा करेंगे।

 

माफियाओं व अवैध शराब के विरुद्ध की जाये कार्यवाही

 

बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की प्राथमिकता वाली प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिले में कानून व्यवस्था संबंधी और माफियाओं व अवैध शराब के विरुद्ध की गई कार्यवाही पर भी चर्चा की। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई की जाये और आबकारी अधिकारी प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा शराब दुकानों के स्टॉक का सत्यापन किया जाये।

 

जिला कोषालय अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

 

कोषालय अधिकारी को पूर्व में निर्देश दिए गए थे कि उषा अभियान के तहत जिन अधिकारियों एवं उनके स्टाफ़ द्वारा ऊर्जा साक्षरता अभियान में पंजीयन नहीं किया गया है, उनका वेतन आहरण नहीं किया जाए। इस कार्य में लापरवाही करने पर उन्होंने जिला कोषालय अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विद्युत बिल राहत योजना के तहत कैंपों का आयोजन किया जाए। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में नगरीय निकाय नरसिंहपुर की स्थिति बेहतर नही होने पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी नरसिंहपुर श्री केव्ही सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। साथ ही बेहतर कार्य करने वाले सीएमओ को बधाई दी।

Aditi News

Related posts