27.3 C
Bhopal
April 25, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

कलेक्टर ने किया विपणन संघ के डबल लॉक केन्द्र का औचक निरीक्षण एवं सिविल अस्पताल गाडरवारा में लिया व्यवस्थाओं का जायजा

कलेक्टर ने किया विपणन संघ के डबल लॉक केन्द्र का औचक निरीक्षण

नरसिंहपुर। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने बुधवार को गाडरवारा में मार्कफेड के डबल लॉक केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिले को रैक से प्राप्त यूरिया खाद का गोदाम में किये जा रहे भण्डारण कार्य को भी देखा। खाद विक्रय हेतु खोले गये काउन्टर की व्यवस्था देखी। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित किसानों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि जिले में डीएपी एवं यूरिया की रैक आ चुकी है।

कलेक्टर सुश्री बाफना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को डीएपी व यूरिया हर हाल में मिले। किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिये। केन्द्र प्रात: 8.30 बजे खुल जाये। किसानों के लिए केन्द्र पर टेंट एवं पानी की व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि खाद का विक्रय निर्धारित कीमत पर ही हो। विक्रय के दौरान गड़बड़ी पाये जाने पर लायसेंस निलंबित करने के भी निर्देश उन्होंने अधिकारियों को दिये।

कलेक्टर ने सिविल अस्पताल गाडरवारा में लिया व्यवस्थाओं का जायजा

नरसिंहपुर। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने सिविल अस्पताल गाडरवारा पहुंच कर वहाँ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से चर्चा की और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने डॉ. राकेश बोहरे को निर्देश दिये कि अस्पताल में मरीजों एवं उनके परिजनों के बैठने और साफ- सफाई की बेहतर व्यवस्था हो। महिला एवं पुरूष ओपीडी की सुचारू व्यवस्था रहे। उन्होंने फिजियोथैरेपी एवं आर्थोपेडिक की जानकारी भी ली।

कलेक्टर सुश्री बाफना ने मेडिकल सामग्री, मास्क, ग्लब्ज, उपकरण आदि की उपलब्धता के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा कि हेल्पडेस्क पर स्टॉफ मौजूद रहे। यहां हो रहे निर्माणाधीन कार्य का अवलोकन भी किया। उन्होंने कहा कि परिसर में पर्याप्त प्रकाश एवं वेंटिलेशन की व्यवस्था रहे, इस बात पर विशेष ध्यान रखा जाये। बायो मेडिकल वेस्ट का निष्पादन ठीक तरीके से करने के निर्देश इस दौरान दिये। अस्पताल में मौजूद खराब सामग्री एवं फर्नीचर को डिस्पोज ऑफ करने कहा। मरीजों को प्रदान किये जा रहे चादर और कम्बल की धुलाई की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वॉशिंग यूनिट से इसकी धुलाई हो और प्रतिदिन चादरें बदली जायें।

कलेक्टर ने कहा कि ब्लड स्टोरेज यूनिट में ब्लड पर्याप्त मात्रा में रहे। यहां स्लाइड्स एवं ब्लड को व्यवस्थित रूप से रखें। अस्पताल परिसर की गैलरी में पौधे रखे जायें। रसोई कक्ष जाकर उन्होंने गर्भवती व धात्री महिलाओं को डाइट चार्ट अनुसार प्रदान किये जाने वाले भोजन का भी जायजा लिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को प्रसूति सहायता एवं जननी सुरक्षा योजना के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने सिविल अस्पताल से जिला अस्पताल नरसिंहपुर रेफर किये जाने वाले केस की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि डॉक्टर एवं स्टाफ अस्पताल में मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमैट्रिक डिवाइस लगायी जाये। डॉक्टर व स्टॉफ समय पर मौजूद नहीं होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाये

Aditi News

Related posts