36.1 C
Bhopal
April 20, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई, कलेक्टर ने जिले में पायली ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना के कार्यों का किया निरीक्षण

कलेक्टर ने जिले में पायली ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना के कार्यों का किया निरीक्षण

नरसिंहपुर, 19 जनवरी 2023. कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने जिले में पायली ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना के निर्माण कार्यों का निरीक्षण गोटेगांव विकासखंड के ग्राम श्रीनगर एवं लम्हेटा में किया। श्रीनगर में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि पाइप लाइन बिछाने एवं टंकी निर्माण के कार्य समय पर पूर्ण किये जायें। काम तेजी से पूर्ण कराने के लिए अतिरिक्त टीम लगायें।

      ग्राम लम्हेटा में सुश्री बाफना ने निर्देश दिये कि निर्माण सामग्री की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाये, इसके कारण काम नहीं रूकना चाहिये। काम में कुशल श्रमिकों को रखा जाये। काम के दौरान दुर्घटना नहीं हो, इसके लिए सुरक्षा प्रबंध किये जायें और गार्ड रखा जाये।

      उल्लेखनीय है कि पायली ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना में सिवनी जिले के 414 ग्राम, जबलपुर जिले के 187 ग्राम एवं नरसिंहपुर जिले के 58 ग्राम शामिल किये गये हैं। इस कार्य का अनुबंध लार्सन एण्ड टूब्रो कंस्ट्रक्शन कम्पनी लिमिटेड चैन्नई से किया गया है। इस योजना में नरसिंहपुर जिले में 23 उच्च स्तरीय टंकी बनाया जाना है, इनमें से दो टंकियों का सिविल कार्य पूर्ण कर लिया गया है, 3 टंकियों का कार्य प्रगति पर है। शेष टंकियों का निर्माण कार्य 30 सितम्बर 2023 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में 204 किमी एचडीपीई पाइप/ जल वितरण पाइप लाइन बिछाई जानी है, जिनमें से 115 किमी बिछाई जा चुकी है। पाइप लाइन बिछाने का कार्य 31 अगस्त 2023 तक पूर्ण कर लिया जायेगा। जिले में इस जल प्रदाय योजना में 11 हजार 83 कनेक्शन अनुमानित है। इनमें से 1956 कनेक्शन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

बगासपुर में कलेक्टर द्वारा बरगी की बांयी तट मुख्य नहर का निरीक्षण

नरसिंहपुर, 19 जनवरी 2023. कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने बरगी की बांयी तट मुख्य नहर का गुरूवार को बगासपुर में निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नहर में जल प्रवाह हो रहा था। कमांड क्षेत्र में हो रही सिंचाई से संबंधित जानकारी मैदानी अधिकारियों द्वारा दी गई। कलेक्टर ने मनरेगा के अंतर्गत कमांड क्षेत्र में निर्मित सभी माइनरों की साफ- सफाई कराने के निर्देश दिये, ताकि नहरों के अंतिम छोर तक जल प्रवाहित किया जा सके।

      निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री रानी अवंती बाई लोधी सागर नहर संभाग क्रमांक दो गोटेगांव श्री एमएस बेनल, अनुविभागीय अधिकारी नहर अनुभाग गोटेगांव श्री आरके धवन, अनुविभागीय अधिकारी बगासपुर श्री आरआर बिसारिया, नायब तहसीलदार श्री संजय कुमार मशराम एवं राजस्व निरीक्षक श्री कृष्णलाल ठाकुर मौजूद थे।

      अधिकारियों ने बरगी परियोजना की बांयी तट मुख्य नहर आरडी 75 से 77 किमी तक का निरीक्षण किया। इस दौरान मैदानी अधिकारियों ने बताया कि बांयी तट मुख्य नहर कुल लम्बाई 135.5 किमी है। जिले में आरडी 63.420 से 135.50 किमी तक है, इससे जिले के 95 हजार हेक्टर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है। निरीक्षण स्थल पर मुख्य नहर की जल प्रवाह की क्षमता 47.89 क्यूमेक है।

किसान अपने बैंक खाते आधार नम्बर से लिंक करायें

नरसिंहपुर, 19 जनवरी 2023. जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम ने किसानों से अनुरोध किया है कि वे अपने बैंक खाते आधार नम्बर से लिंक करायें, जिससे शासन की उपार्जन नीति के अनुसार धान विक्रय की राशि सीधे किसान के बैंक खाते में जमा हो सके।

      जिला प्रबंधक ना.आ.नि. ने बताया कि धान उपार्जन का कार्य समाप्त हो चुका है और उपार्जित धान की राशि का सीधे भुगतान किसान के खाते में किया जा रहा है। जिन किसानों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं है या खाता बंद है, उनमें भुगतान की प्रक्रिया असफल हो रही है। इस कारण से बैंक खाते को आधार से लिंक कराना जरूरी है।

विद्यार्थियों को नि:शुल्क गणवेश संबंधी शिकायतों की जांच हेतु समिति गठित

नरसिंहपुर, 19 जनवरी 2023. शासकीय शालाओं में कक्षा एक से 4 तक एवं कक्षा 6 से 7 तक में पढ़ने वाले छात्र- छात्राओं को दी जाने वाली नि:शुल्क गणवेश बनाने का कार्य कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में संचालित स्वसहायता समूह के माध्यम से किया जायेगा। गणवेश निर्माण, गुणवत्ता सत्यापन, मॉनीटरिंग एवं गणवेश संबंधी शिकायतों की जांच के लिए सभी विकासखंडों में सीईओ जिला पंचायत द्वारा विकासखंड स्तरीय समिति का गठन किया गया है। इस समिति में संबंधित अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, सीईओ जनपद पंचायत, विकासखंड स्रोत समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र और प्रभारी विकासखंड प्रबंधक ग्रामीण आजीविका मिशन को शामिल किया गया है। यह जानकारी जिला परियोजना प्रबंधक मध्यप्रदेश दीनदयाल अंत्योदय योजना राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ने दी है।

      शासकीय शालाओं में अध्ययनरत छात्र- छात्राओं को गणवेश प्रदाय करने के लिए चयनित स्वसहायता समूहों की ग्रामवार सूची विकासखंड स्तरीय आजीविका मिशन कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, ग्राम संगठनों एवं संकुल स्तरीय संगठनों के कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जा रही है।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई
नरसिंहपुर, 19 जनवरी 2023. कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में पुलिस, राजस्व एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जनपद पंचायत करेली के अंतर्गत खैरी- महलपुरा में नदी के समीप की शासकीय भूमि का अतिक्रमण हटाया गया।

उचित मूल्य दुकानविहीन ग्राम पंचायतों के लिए 20 से 28 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
नरसिंहपुर, 19 जनवरी 2023. मध्यप्रदेश खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार जिले के विकासखंड चांवरपाठा में दुकानविहीन दो ग्राम पंचायतों में नवीन उचित मूल्य दुकान के आवंटन के लिए प्रक्रिया ऑनलाइन सम्पन्न की जायेगी। विकासखंड चांवरपाठा में 2 दुकानविहीन ग्राम पंचायतों महगुवां- निजोर व कौड़िया में नवीन उचित मूल्य दुकान आवंटित की जाना है। इस संबंध में पोर्टल https://rationmitra.nic.in पर उक्त उचित मूल्य दुकानविहीन ग्राम पंचायतों के लिए पात्र संस्थायें 20 जनवरी से 28 जनवरी 2023 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। नियत तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जायेगा। दुकान आवंटन की कार्रवाई अनुविभागीय राजस्व अधिकारी गाडरवारा द्वारा की जायेगी। यह जानकारी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी गाडरवारा ने दी है।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना हेतु आवश्यक दस्तावेज
नरसिंहपुर, 19 जनवरी 2023. सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत वर्ष 2022- 23 में आयोजित किये जाने वाले सामूहिक विवाह/ निकाह का आयोजन जनपद एवं नगरीय निकायों द्वारा जनवरी माह के अंत में व फरवरी- 2023 में किया जाना है।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह/ निकाह योजनांतर्गत आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह में शामिल होने वाले हितग्राही आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित जनपद/ नगरीय निकायों में सम्पर्क कर सकते हैं। हितग्राही के पास मप्र का मूल निवासी प्रमाण पत्र, समग्र आईडी, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज की दो फोटो, वर/ वधु/ अभिभावक का मोबाइल नम्बर, कल्याणी (विधवा) होने की स्थिति में पूर्व पति का मृत्यु प्रमाण पत्र, परित्‍यक्ता महिला होने की स्थिति में तलाक का न्यायालयीन आदेश और कर्मकार मंडल के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिक का पंजीयन कार्ड होना आवश्यक है। यह जानकारी उप संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण नरसिंहपुर ने दी है।

Aditi News

Related posts