28.8 C
Bhopal
March 29, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

अब जनता को अपने कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे : मुख्यमंत्री श्री चौहान

16 से 31 मई तक हर पंचायत में लगेंगे विशेष शिविर

मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान 2.0 का किया शुभारंभ

अगले माह से प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाड़ली बहनों को मिलेंगे 1000 रूपये

पढ़ाई-लिखाई से रोजगार दिलाने तक की पूरी व्यवस्था कर रही है सरकार

अलीराजपुर से जोबट तक लेकर आएंगे नर्मदा नदी का पानी

जोबट सिविल अस्पताल का नाम अमर शहीद छीतू किरार के नाम पर रखा जाएगा

332 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन और लोकार्पण

मुख्यमंत्री श्री चौहान जोबट में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल हुए

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अब जनता को अपने कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रदेश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्म-दिन 17 सितंबर से मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान का प्रथम चरण चलाया गया था, जिसमें अधिकारियों द्वारा गाँव-गाँव, वार्ड- वार्ड जाकर जनता के कार्य किए और पात्र लोगों को शासकीय योजनओं से जोड़ा। इस दौरान प्रदेश में 83 लाख नए हितग्राहियों के नाम विभिन्न योजनाओं में जोड़े गए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज से मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान का दूसरा चरण शुरू हो रहा है। अधिकारी और जन-प्रतिनिधि गाँव-गाँव जायेंगे और जनता के कार्य करेंगे। आगामी 16 से 31 मई तक पूरे प्रदेश की हर पंचायत में शिविर लगाए जाएंगे। सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का निराकरण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज अलीराजपुर जिले के जोबट में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान 2.0 का विधिवत शुभारंभ किया। साथ ही 332 करोड़ रूपये की लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी किये।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश की बहनों की जिंदगी बदलने के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना शुरू की गई है। इस योजना में अगले माह की 10 तारीख से प्रत्येक माह बहनों को 1000 रूपये महीने उनके खातों में दिए जाएंगे। साथ ही वृद्धावस्था पेंशन की राशि भी बढ़ा कर 1000 रूपए कर दी जाएगी। अब बूढ़ी सास और बहू दोनों को 1000 रूपये महीने मिलेंगे। गरीब किसान पति को भी वर्ष में 10 हजार किसान सम्मान निधि एवं किसान-कल्याण योजना से दिये जायेंगे। सरकार गरीबों को नि:शुल्क राशन, मकान, दवाएँ उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री भू-आवासीय अधिकार योजना में गरीबों को मकान बनाने के लिए प्लॉट दिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार बच्चों की पढ़ाई-लिखाई से लेकर उनकी उच्च शिक्षा और उसके बाद उनके रोजगार की व्यवस्था भी कर रही है। मेडिकल, इंजीनियरिंग आदि की फीस सरकार भरवा रही है। प्रदेश में आगामी 15 अगस्त तक एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। पढ़े-लिखे युवाओं को मुख्यमंत्री कौशल कमाई योजना में 8 हजार रूपये प्रति माह दिए जाएंगे। उन्हें अपना स्व-रोजगार शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में एक लाख से 50 लाख रूपये तक का ऋण दिलवाया जाएगा, जिसकी गारंटी सरकार देगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अलीराजपुर जिले में पानी की समस्या के समाधान के लिए अलीराजपुर से जोबट तक नर्मदा का पानी लेकर आएंगे। क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है। जिले में हाल ही में 22 रोड, 12 बेराज और 5 सीएम राइज स्कूल बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जोबट नगर पालिका के विकास के लिए 2 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की। साथ ही जोबट सिविल अस्पताल का नाम अमर शहीद छीतू किरार के नाम पर रखे जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि पुराने पंचायत भवन कार्यालय एवं परिसर को स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा।

म.प्र. वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री माधोसिंह डावर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता चौहान, सांसद प्रतिनिधि श्री नागरसिंह चौहान, सांसद प्रतिनिधि वकील सिंह ठकराला, विधायक जोबट प्रतिनिधि श्री विशाल रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री संतोष मकू परवाल, प्रभारी मंत्री श्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव, पूर्व मंत्री श्रीमती रंजना बघेल, सांसद इंदौर श्री शंकर लालवानी, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा और युवा आयोग के अध्यक्ष डॉक्टर निशांत खरे भी उपस्थित थे।

ग्राम रिंगोल में हितग्राहियों को मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्रों का वितरण

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अलीराजपुर जिले के ग्राम रिंगोल पहुँच कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. श्री परथी भाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किये। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा की गई घोषणाएँ मैदानी स्तर पर साकार रूप ले रही हैं। ग्राम रिंगोल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परथी भाई जादव का सुंदर स्मारक बन कर तैयार हैं। हमारी सरकार द्वारा जनहित के कार्य के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की यादों को सहेजने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में अगले माह 10 जून से पंजीकृत पात्र सभी लाड़ली बहनों के खातों में प्रतिमाह 1000 रूपये की राशि आने लगेगी। उन्होंने कहा कि बड़े परिवारों में जहाँ रहने की समस्या हैं उनके आवास के लिए नयी भूमि उपलब्ध कराते हुए मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्र दिये जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यंमत्री जन-सेवा अभियान 2.0 में की जाने वाली कार्यवाहियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने 91 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्रों का वितरण किया।

अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा शेड निर्माण का भूमि-पूजन

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने चंद्रशेखर आजाद नगर में अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद प्रतिमा स्थल पर शेड निर्माण के लिए भूमि-पूजन किया और अमर शहीद आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।

चारभुजा नाथ मंदिर में दर्शन किये

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अलीराजपुर के ग्राम बड़ी खट्टाली स्थित श्री चारभुजा नाथ मंदिर पहुँच कर दर्शन किये। मुख्यमंत्री ने ग्राम खट्टाली में श्री गोपाल प्रजापत के निवास पहुँच कर सभी परिजन को विवाह कार्यक्रम की बधाई और शुभकामनाएँ दी।

Aditi News

Related posts