23.1 C
Bhopal
April 25, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

जिला आपदा प्रबंधन समूह की बैठक संपन्न

कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला आपदा प्रबंधन समूह की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक विवेक अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उइके, एस.डी.एम. अतुल सिंह, नगर निगम आयुक्त हिमांशु सिंह, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ.गिरीश बी.रामटेके, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जी.सी.चौरसिया, अधीक्षक भू-अभिलेख श्रीमती स्मृति खंडेलवाल, तहसीलदार महेश अग्रवाल और अन्य संबंधित अधिकारी तथा संकट समूह के सदस्यगण सर्व विवेक साहू बंटी, श्रीमती कांता सदारंग, पं.रमेश दुबे, नानाभाऊ मोहोड़, चौधरी चंद्रभान सिंह, नत्थनशाह कवरेती, ताराचंद बावरिया, रमेश पोफली, दौलतसिंह ठाकुर, विजय झांझरी, आशुतोष डागा, अंबिका प्रसाद तुलस्यान और अर्पित नेमा उपस्थित थे।
      बैठक में कलेक्टर श्री सुमन ने बताया कि राज्य शासन द्वारा कोविड-19 महामारी की रोकथाम के संबंध में समूह के सुझाव आमंत्रित किये गये हैं जिन पर राज्य शासन द्वारा विचार कर निर्णय लिया जायेगा। बैठक में समूह द्वारा सुझाव दिये गये कि मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सख्ती से कराया जाये। जो व्यक्ति बिना मास्क लगाये पाये जाये उन पर 100 रूपये का जुर्माना लगाया जाये और मास्क नहीं होने पर उससे 20 रूपये अतिरिक्त लेकर मास्क दिया जाये। रविवार के दिन व्यापारिक प्रतिष्ठान पूर्णत: बंद रहे और पिकनिक स्पॉट को भी प्रतिबंधित रखा जाये जिससे भीड़-भाड़ न हो। मढ़ई/मेले का आयोजन प्रतिबंधित रखा जाये और रात्रि 8 बजे से दुकानों को बंद कराया जाये। विवाह के लिये पूर्व से निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सीमित संख्या में ही अनुमति दी जाये तथा लॉन के संचालकों की बैठक लेकर उनसे सीमित संख्या में ही लोगों को विवाह के लिये लॉन उपलब्ध कराने के संबंध में अंडरटेकिंग ली जाये।  
      बैठक में कलेक्टर श्री सुमन ने कहा कि समूह के सुझाव राज्य शासन को प्रेषित किये जायेंगे। उन्होंने नगर निगम और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग बनाये रखने के लिये प्रेरित किया जाये तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों की बैठक लेकर उनकी सहमति से रविवार को प्रतिष्ठान बंद रखने और मास्क लगाने व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने में सहयोग करने के घोषणा पत्र भरवायें जाये। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भीड़-भाड़ न रहे इसका भी ध्यान रखा जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि जिले के पिकनिक स्पॉटों को चिन्हित किया जाये जिससे इन स्थानों पर भीड़-भाड़ को नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने बताया कि जिले में मेले/मढ़ई का आयोजन प्रतिबंधित है, किंतु यदि कोई व्यक्ति मेले/मढ़ई के स्थलों पर पहुंचते है तो उन्हें हतोत्साहित कर वापस किया जाये। इस संबंध में आकाशवाणी, नगर निगम के कचरा वाहन और अन्य प्रचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि कोविड-19 महामारी की रोकथाम के मापदंडों और दिशा निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरूध्द सख्त कार्यवाही की जाये और इस कार्यवाही का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाये जिससे अन्य लोग दिशा निर्देशों का पालन कर सकें। उन्होंने जिला चिकित्सालय में बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध कराने तथा कार्य के प्रति लापरवाही व उदासीनता बरतने वाले चिकित्सकों के विरूध्द सख्त कार्यवाही करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिये। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने कहा कि सभी लोगों को मास्क लगाने के प्रति प्रेरित किया जाना चाहिये। वैवाहिक कार्यक्रम, पिकनिक स्पॉट आदि के लिये स्थानीय स्तर पर ग्राम पंचायतों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाये। उन्होंने कहा कि पिकनिक स्पॉट चिन्हित होने पर पुलिस की ड्यूटी भी लगाई जा सकेगी। बैठक में एस.डी.एम. श्री सिंह द्वारा समूह के सदस्यों द्वारा दिये गये सुझावों को प्रस्तुत किया गया।   

Aditi News

Related posts