32.1 C
Bhopal
April 20, 2024
ADITI NEWS
धर्म

डिंडोरी किसानों की खुशहाली में ही देश की खुशहाली है : मंत्री कमल पटेल
मंत्री पटेल जोगीटिकरिया घाट में नर्मदा जी की महाआरती में शामिल हुए

डिंडोरी। प्रदेश शासन के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल बुधवार को जोगीटिकरिया घाट पहुंचकर नर्मदा मैया के दर्शन कर महाआरती में शामिल हुए। मंत्री श्री पटेल 05 फरवरी को ओमकारेश्वर से नर्मदा परिक्रमा प्रारंभ कर आज 6वें दिन जोगीटिकरिया घाट डिंडौरी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के आत्मनिर्भर भारत और मुख्यमंत्री जी का आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के संकल्प को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान देश है। किसानों की खुशहाली में ही देश की खुशहाली है। किसानों को खुषहाल एवं समृद्ध बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा लाया गया कृषि कानून किसानों के हित में है। इससे किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिलेगा।
   मंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार की अधिकांश योजनाएं किसानों पर केन्द्रित करके बनाई गई है। जिससे किसान शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर अपना सर्वांगीण विकास कर सके। उन्होंने कहा कि किसानों को खरीफ फसलों का समर्थन मूल्य मिलेगा। प्रदेश सरकार ने इसके लिए अपना बजट बढाया है। प्रदेश की मंडियों को स्मार्ट बनाया जायेगा, इन मंडियों में किसानों को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध रहेगी। मंडियों में स्टॉक करने की सीमा भी बढाई जायेगी। उन्होंने कहा कि डिंडौरी जिले में कृषि एवं सिंचाई का रकबा बढाया जायेगा। डिंडौरी जिले में किसानों के द्वारा जैविक फसलें उगाई जाती है, डिंडौरी जिले की कोदो-कुटकी की फसल पूरे देश में प्रसिद्ध है।
   मंत्री श्री पटेल ने कहा कि नर्मदा नदी का जोगीटिकरिया घाट भव्य एवं सुंदर है। जोगी टिकरिया घाट में नर्मदा जी के दर्शन पूजा-अर्चना एवं श्रद्धालुओं के लिए समस्त सुविधाएं उपलब्ध है। नर्मदा नदी के दर्शन करने से हमारा जीवन धन्य हो जाता है। नर्मदा जी के कंकर-कंकर में शंकर जी हैं। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी के परिक्रमा पथ पर सांकेतिक बोर्ड लगाये जाएं। इससे नर्मदा मैया की परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी। उन्होंने नर्मदा नदी के उत्तरी एवं दक्षिणी तट पर निर्धारित स्थान में सांकेतिक बोर्ड लगाने के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र राजपूत, जिला भाजपा महामंत्री श्री राजेन्द्र पाठक, जनपद पंचायत डिंडौरी, उपाध्यक्ष श्री सुषील राय, भाजपा मण्डल अध्यक्ष श्री हेमसिंह राजपूत, श्री पवन शर्मा, श्री जयसिंह मरावी, श्री मनका वनवासी, श्री लक्ष्मण ठाकुर, संयुक्त संचालक कृषि जबलपुर श्री के.एस. नेताम, एसडीएम श्री महेष मण्डलोई, नायब तहसीलदार श्री बिसन सिंह ठाकुर सहित कृषि विभाग का अमला मौजूद था।  

Aditi News

Related posts