32.1 C
Bhopal
April 26, 2024
ADITI NEWS
सामाजिक

होशंगाबाद,प्रमुख सचिव श्री किदवई ने की रबी खरीदी की तैयारियों एवं खाद्यान्न वितरण प्रणाली की विस्तृत समीक्षा

प्रमुख सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग श्री फैज अहमद किदवई  की अध्यक्षता में  मंगलवार 9 मार्च को कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में रबी खरीदी की तैयारियों एवं खाद्यान्न वितरण प्रणाली की संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कमिश्नर नर्मदापुरम श्री रजनीश श्रीवास्तव, कलेक्टर होशंगाबाद श्री धनंजय सिंह, कलेक्टर बैतूल श्री अमनबिर सिंह बैंस, कलेक्टर हरदा श्री संजय गुप्ता, संचालक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण श्री  तरुण पिथोड़े सहित तीनों जिले के उपार्जन संबंधी अधिकारी उपस्थित थे।

        प्रमुख सचिव श्री किदवई  ने कहा कि मध्यप्रदेश, गेहूं का रिकॉर्ड उत्पादन कर देश में अग्रणी राज्य बना है। इस वर्ष भी 1 करोड़ 35 लाख  मीट्रिक टन गेहूं खरीदी अनुमानित की गई है, जोकि सभी राज्यों में सर्वाधिक है। ऐसे में आवश्यक है कि हम किसानों की सुविधाओं के साथ साथ गुणवत्तापूर्ण रूप से खरीदी कार्य संपादित करें।

किसानों के पंजीयन का शत प्रतिशत सत्यापन करें
      प्रमुख सचिव श्री किदवई ने कहा कि समर्थन मूल्य पर गेहूं, चना, मसूर एवं सरसो की खरीदी के लिए किए गए किसानों के  पंजीयन कार्य का व्यवस्थित रूप से  राजस्व अमले के माध्यम से शत प्रतिशत सत्यापन कार्य किया जाए। सत्यापन  में विसंगति ना हो यह सुनिश्चित करें। बैठक में बताया गया कि रबी विपणन वर्ष 2020-21 हेतु होशंगाबाद में 86745, बैतूल में 44615 एवं हरदा में 43504 किसानों द्वारा पंजीयन कराया  गया है।
मैपिंग कर खरीदी केंद्रों का निर्धारण सुनिश्चित करें
     प्रमुख सचिव श्री किदवई ने उपार्जन  संबंधी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समिति वार मैपिंग कर खरीदी केंद्रों का निर्धारण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने गोदाम संचालकों के साथ बैठक कर पात्रता अनुरूप गोदाम स्तरीय खरीदी केंद्रों का निर्धारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन कार्य से  स्व सहायता समूह की महिलाओं को भी जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि 3000 मीट्रिक टन से अधिक क्षमता वाले खरीदी केंद्रों पर मनरेगा से अस्थाई शेड बनाएं जाए।
खरीदी केंद्रों पर आवश्यक संसाधनों की लगातार मॉनिटरिंग करें
      प्रमुख सचिव श्री किदवई ने  उपार्जन  संबंधी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि खरीदी केंद्रों पर आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।  बारदानो  का व्यवस्थित संधारण करे तथा उपलब्धता की लगातार मॉनिटरिंग की जाए।
किसानों को समय पर भुगतान हो
      प्रमुख सचिव श्री किदवई ने कहा कि खरीदी केंद्रों पर उपज बेचने आए किसानों के दस्तावेजों को व्यवस्थित तरीके एंट्री की जाए। साथ ही किसानों के खाता नंबर सही है, इसकी जांच करा ली जाए। बैठक में बताया गया कि किसानों को असफल भुगतान ना हो इस हेतु मुख्यालय स्तर से अकाउंट वेरिफिकेशन का ट्रायल किया गया है।
परिवहन हेतु व्यवस्थित कार्य योजना बनाएं
      प्रमुख सचिव श्री किदवई ने कहा कि परिवहन कार्य के सुचारू क्रियान्वयन हेतु व्यवस्थित कार्य योजना बनाएं। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों पर स्टेक का निर्धारण इस प्रकार हो की परिवहन कार्य तेजी से किया जा सके। संचालक श्री तरुण पिथोड़े ने बताया कि इस हेतु आवश्यक प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की जाएगी।
एफ ए क्यू  का विशेष ध्यान रखें
      प्रमुख सचिव श्री किदवई ने कहा कि मानक मापदंडों के अनुरूप ही उपज की खरीदी हो इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होंने आदर्श उपार्जन केंद्र बनाए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने उपार्जन केंद्रों पर उपार्जन संस्था द्वारा गुणवत्ता जांच हेतु प्रशिक्षित सर्वेयर अथवा प्रभारी को नामित करने के निर्देश दिए।
1 अप्रैल से 15 मई तक गेहूं खरीदी
      बैठक में बताया गया कि रबी विपणन वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य  1975 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की  खरीदी कार्य 1 अप्रैल 2021 से 15 मई 2021 तक किया जाएगा। जिले में एमपीएससीएससी उपार्जन एजेंसी द्वारा गेहूं खरीदा जायेगा एवं 15 मार्च से शुरू होने वाली चना, मसूर एवं सरसों की खरीदी मार्कफेड एजेंसी द्वारा की जाएगी।
खाद्यान्न वितरण प्रणाली की समीक्षा
      प्रमुख सचिव श्री किदवई  ने खाद्यान्न वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण कार्य की विस्तृत समीक्षा की एवं आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में संचालक श्री तरुण पिथोड़े द्वारा राशन वितरण प्रणाली में जिलों से अपेक्षित कार्रवाई की बिंदुवार जानकारी दी गई।
उपार्जन में उल्लेखनीय कार्य की सराहना
      प्रमुख सचिव श्री किदवई ने नर्मदापुरम संभाग में किए गए उपार्जन कार्य की सराहना की। उन्होंने गेहूं खरीदी के बाद धान खरीदी में भी बेहतर कार्य के लिए होशंगाबाद जिला प्रशासन को बधाई दी।

Aditi News

Related posts