: नरसिंहपुर,रोगी कल्याण समिति की बैठक सम्पन्न
Sat, Oct 30, 2021
नरसिंहपुर|
शासकीय जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर की रोगी कल्याण समिति की बैठक कलेक्टर श्री रोहित सिंह की अध्यक्षता में गुरूवार को सम्पन्न हुई। बैठक में समिति के सदस्यों की सहमति से विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये और पिछली बैठक का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर और समिति के सदस्यों द्वारा जिला चिकित्सालय में भर्ती होने वाले मरीजों के लिए समय पर समुचित उपचार और आवश्यक सुविधायें मुहैया कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला चिकित्सालय परिसर में दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों की पार्किंग के लिए शेड निर्माण, फायर हाईड्रंट सिस्टम स्थापित करने, ट्रामा सेंटर में अस्थि रोग के मरीजों को उच्च स्तर की स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध कराने के लिए सीआम (आईआईटी) क्रय करने, रजिस्ट्रेशन काउंटर का नवीनीकरण कराने, चिकित्सालय के अपशिष्ट पदार्थों का निपटान आऊटसोर्स के माध्यम से कराने, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने, मरीजों के परिजनों के लिए कैंटीन निर्माण, प्रायवेट वार्डों के उन्नयन, एनएचएम शाखा व रिकार्ड रूम का उन्नयन, मरीजों के परिजनों के लिए प्रत्येक बेड के पास काउच/ बैंच की व्यवस्था करने के प्रस्तावों पर सहमति दी गई। बैठक में सांसद एवं विधायक निधि से जिला चिकित्सालय के उन्नयन के लिए दान राशि प्राप्त करने का अनुरोध करने पर जोर दिया गया।
नरसिंहपुर के समाजसेवी श्री राकेश जैन द्वारा स्वयं के व्यय पर जिला चिकित्सालय में 6 बिस्तर वाले उच्चस्तरीय बर्न यूनिट बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इस प्रस्ताव पर कलेक्टर ने सहमति दी।
: भोपाल,एक दिन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 86 सैंपल लिए
Tue, Oct 26, 2021
भोपाल। कलेक्टर अविनाश लवानिया के निर्देश पर भोपाल में लगातार खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावट से मुक्ति अभियान चला रहा है इसके अंतर्गत मनु कंफेक्शनरी गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में निरीक्षण कार्यवाही की गई। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री पटेल और सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री धाकड़ के नेतृत्व में कंफेक्शनरी फैक्ट्री में मीठी गोली, कोकोनट स्वीट्स के अलग-
अलग फ्लेवर का निर्माण कर विक्रय कर रहे थे जिसमें निरीक्षण कर अलग-अलग फ्लेवर के चार नमूने लिए एवं धारा 32 का नोटिस जारी किया गया। दूसरी टीम खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने चलित खाद्य प्रयोगशाला से अस्सी (80 ) सर्विलेंस नमूने गुलमोहर शाहपुरा बावड़ियां कला और ग्यारह नंबर क्षेत्र के खाद्य पदार्थ दुकानों से लेकर प्रारंभिक जांच की गई। आज भोपाल में अलग-अलग एरिया से 6 लीगल नमूने एवं 80 सर्विलेंस नमूने लिए गए।
: “पीएम आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन” स्वास्थ्य संस्थाओं को करेगा सुदृढ़ ,मुख्यमंत्री
Tue, Oct 26, 2021
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि “प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन" प्राथमिक, माध्यमिक और उप स्वास्थ्य केंद्रों के स्वास्थ्य ढाँचे और मौजूदा राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान इंदौर जिले से प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यक्रम में वीसी के माध्यम से शामिल हुए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ट्वीट कर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए "पीएम आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन" शुरु करने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि "पीएम आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन" से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ ही जन-जन को सरल, सुलभ और सस्ती स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उल्लेखनीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी से 64 हजार करोड़ रूपये की पी.एम. आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन का आज शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि नया भारत वह है जहाँ आभाव से बढ़कर हर आकांक्षा की आपूर्ति के लिये कार्य किया जाये। इसी दिशा में सम्पूर्ण देश के स्वास्थ्य ढाँचे को एकरूपता प्रदान करने के लिये प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन शुरू किया जा रहा है। मिशन में सम्पूर्ण देश के हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को उच्च स्तर बनाया जा सकेगा। साथ ही समाज के सभी वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान की जा सकेंगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में बढ़ रही सुविधाओं के साथ मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ की सीटों में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। यह योजना न केवल देश का हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर बनाएगी बल्कि रोजगार के नये अवसरों का भी सृजन करेगी।