Thursday 12th of November 2026

ब्रेकिंग

बैठक में मिल संचालकों के स्वयं उपस्थित नहीं होने और अपनी जगह अधिकारी-कर्मचारियों को भेजने पर किसानों ने नाराजगी जताई

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 13 नवम्बर को नयाखेड़ा में होगा जनसंवाद शिविर

एनव्हीएस,डीएव्ही,मप्र.,तमिलनाडु,उप्र.,पंजाब,छत्तीसगढ़,बिहार,गोवा,उत्तराखंड,वेस्ट बंगाल व जम्मू-कशमीर ने मारी बाजी

37 हजार लीटर शराब जब्त, 4.22 करोड़ का माल पकड़ा

नरसिंहपुर के इमझिरी में जुआ,सट्टा और अवैध शराब बिक्री का विरोध

गाडरवारा के विभिन्न मैदानों पर 12 टीमों ने दर्ज की जीत : एनव्हीएस,डीएव्ही,मप्र.,तमिलनाडु,उप्र.,पंजाब,छत्तीसगढ़,बिहार,गोवा,उत्तराखंड,वेस्ट बंगाल व जम्मू-कशमीर ने मारी बाजी

Aditi News Team

Thu, Nov 12, 2026

राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट में बल्लेबाजों ने बरसाए रन,

गेंदबाजों ने बरपाया कहर: विभिन्न मैदानों पर 12 टीमों ने दर्ज की जीत

एनव्हीएस, डीएव्ही, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पंजाब, छत्तीसगढ़, बिहार, गोवा, उत्तराखंड, वेस्ट बंगाल और जम्मू-कश्मीर ने मारी बाजी

आईबीएसएसओ- सीबीएसई का मुकाबला टाई

70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर-19 बालक वर्ग) में गुरुवार को जिले के गाडरवारा तहसील के विभिन्न मैदानों पर क्रिकेट का जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। कहीं बल्लेबाजों ने चौकों-छक्कों की बरसात कर दर्शकों का मनोरंजन किया, तो कहीं गेंदबाजों ने विकेटों की झड़ी लगाकर विपक्षी टीमों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। दिनभर खेले गए मुकाबलों में एनव्हीएस, डीएव्ही, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पंजाब, छत्तीसगढ़, बिहार, गोवा, उत्तराखंड, वेस्ट बंगाल और जम्मू-कश्मीर की टीमों ने जीत दर्ज की। वहीं आईबीएसएसओ और सीबीएसई के बीच खेला गया मुकाबला बराबरी पर छूटा।

दिन के मुकाबलों में उत्तर प्रदेश ने हरियाणा को 108 रनों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की, जबकि डीएव्ही ने चंडीगढ़ को 90 रनों से शिकस्त दी। गोवा ने सीआईएससी को महज 2 रनों से हराकर रोमांचक जीत हासिल की। वेस्ट बंगाल ने आंध्र प्रदेश को 47 रन, पंजाब ने झारखंड को 37 रन, बिहार ने महाराष्ट्र को 35 रन, मध्यप्रदेश ने दादरा नगर हवेली एवं दमन-दीव को 30 रन तथा उत्तराखंड ने राजस्थान को 82 रनों से पराजित किया। एनव्हीएस ने गुजरात को 4 विकेट, तमिलनाडु ने दिल्ली को 6 विकेट और छत्तीसगढ़ ने तेलंगाना को 75 रनों से हराया। जम्मू-कश्मीर ने जेपीएससी को शिकस्त दी।

एनव्हीएस के नितेश का ऑलराउंड जलवा, केविन ने झटके पांच विकेट

एनटीपीसी मैदान पर एनव्हीएस और गुजरात के बीच खेले गए मुकाबले में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनव्हीएस की टीम ने 19.1 ओवर में 6 विकेट खोकर 176 रन बनाते हुए 4 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। नितेश दिवाकर ने गेंदबाजी में 3 विकेट चटकाने के साथ बल्लेबाजी में 32 रनों का योगदान दिया। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इसी मैदान पर डीएव्ही के गेंदबाज केविन का कहर देखने को मिला। डीएव्ही ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवर में 196 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ की टीम डीएव्ही के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और उसे 90 रनों से हार का सामना करना पड़ा। केविन ने महज 22 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। उनकी घातक गेंदबाजी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

यथार्थ डेहरिया की किफायती गेंदबाजी, तमिलनाडु ने भी दिल्ली को दी मात

आमगांव छोटा मैदान पर मध्यप्रदेश और दादरा नगर हवेली एवं दमन-दीव के बीच मुकाबला खेला गया। मध्यप्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रन बनाए। जवाब में विपक्षी टीम 131 रन ही बना सकी और मध्यप्रदेश ने 30 रनों से जीत दर्ज की। मध्यप्रदेश के यथार्थ डेहरिया ने अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया। उन्होंने 4 ओवर में मात्र 6 रन देकर 3 विकेट झटके। इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इसी मैदान पर तमिलनाडु की टीम ने दिल्ली को 6 विकेट से पराजित कर अपनी जीत का खाता मजबूत किया।

उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों के सामने हरियाणा ने टेके घुटने, 53 रन पर सिमटी टीम

रुद्र खेल मैदान गाडरवारा पर उत्तर प्रदेश ने हरियाणा के विरुद्ध शानदार खेल दिखाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश ने 161 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और महज 53 रनों पर सिमट गई। उत्तर प्रदेश ने 108 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल की।

पंजाब के कमल हीर चमके, बिहार के शाश्वत वत्स ने 32 गेंदों में ठोके 69 रन

चीचली के मैदान पर पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 116 रन बनाए। जवाब में झारखंड की टीम 80 रनों पर ऑलआउट हो गई। पंजाब ने 37 रनों से जीत दर्ज की। पंजाब के कमल हीर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। काबरा मेमोरियल पब्लिक स्कूल मैदान पर छत्तीसगढ़ ने तेलंगाना को 75 रनों से शिकस्त दी। इसी मैदान पर बिहार और महाराष्ट्र के बीच खेले गए मुकाबले में बिहार ने 35 रनों से जीत दर्ज की। बिहार के शाश्वत वत्स ने बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए मात्र 32 गेंदों में 69 रन ठोक दिए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने मुकाबले में खास आकर्षण पैदा किया। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

गोवा की सांसें रोक देने वाली जीत, कार्तिक ने 11 रन देकर झटके 4 विकेट

बोहानी स्टेडियम में गोवा और सीआईएससी के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। अंतिम क्षणों तक चले इस रोमांचक मैच में गोवा ने मात्र 2 रनों से जीत हासिल की। गोवा के कार्तिक ने गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में महज 11 रन देकर 4 विकेट झटके और विपक्षी टीम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इसी मैदान पर उत्तराखंड ने राजस्थान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 82 रनों से जीत दर्ज की। उत्तराखंड की ओर से अर्शिल ने 54 और अंशुमान ने 41 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। गेंदबाजी में नीरज और आशीष ने 2-2 विकेट हासिल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

रणवीर सिंह का बल्ले और गेंद से कमाल, जम्मू-कश्मीर के सायन ने भी दिखाया दम

कौड़िया मैदान पर वेस्ट बंगाल और आंध्र प्रदेश के बीच मुकाबला खेला गया। वेस्ट बंगाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए देवमय सिंह के 53, रणवीर सिंह के 43 और सत्यजीत पथियाक के 35 रनों की मदद से मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आंध्र प्रदेश की ओर से रोहित ने 42, जॉन ने 46 और परमेश्वर ने 39 रनों की पारियां खेलीं, लेकिन टीम जीत हासिल नहीं कर सकी। वेस्ट बंगाल ने 47 रनों से मुकाबला जीत लिया। रणवीर सिंह ने बल्लेबाजी में 43 रन बनाने के साथ गेंदबाजी में भी 3 विकेट हासिल किए। उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। इसी मैदान पर जम्मू-कश्मीर और जेपीएससी के बीच खेले गए मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने जीत दर्ज की। जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाज पी.आर. अभदीप ने मात्र 29 गेंदों में 77 रन और सायन ने 18 गेंदों में 50 रनों की तूफानी पारियां खेलीं। दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में रन बटोरकर मुकाबले को आकर्षक बना दिया। सायन ने गेंदबाजी में भी 3 विकेट हासिल किए। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

161-161 रन पर थमा मुकाबला, आईबीएसएसओ और सीबीएसई को मिले एक-एक अंक

रुद्र खेल मैदान गाडरवारा पर आईबीएसएसओ और सीबीएसई के बीच खेला गया मुकाबला दिन के सबसे दिलचस्प मैचों में शामिल रहा। दोनों टीमों ने निर्धारित 20 ओवर में 161-161 रन बनाए। बराबरी के स्कोर के चलते मुकाबला टाई घोषित किया गया और दोनों टीमों को एक-एक अंक प्रदान किया गया। सीबीएसई के सार्थक ने मात्र 14 गेंदों में नाबाद 33 रन की तेजतर्रार पारी खेली। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

प्रतियोगिता के विभिन्न मैदानों पर खेले जा रहे मुकाबलों में देशभर से आए युवा क्रिकेटरों के बीच शानदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के दम पर टीमें अगले दौर में जगह बनाने के लिए पूरा जोर लगा रही हैं। मैचों के सफल संचालन में अंपायर, मैच रेफरी, स्कोरर एवं कमेंटेटर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के विभिन्न मैदानों पर राव अनुज प्रताप सिंह, राव संदीप सिंह एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आमगांव छोटा मैदान पर श्री प्रमोद राजोरिया, श्री कृष्णकांत शर्मा, श्री राजेश पटेल एवं श्री मनीष स्थापक मौजूद थे। यहां मुकेश पटेल, शेखर पाठक, पुष्पराज सोलंकी एवं प्रदीप पटेल ने अंपायर, सौरभ लेहरिया एवं अंकिता मंडलोई ने स्कोरर तथा अमित शर्मा एवं आदित्य द्विवेदी ने कमेंटेटर की भूमिका निभाई। रुद्र खेल मैदान पर इल्याश खान एवं आशीष दीक्षित अंपायर तथा शिवम कटारे एवं निशा मिश्रा स्कोरर रहे। चीचली मैदान पर संदीप पैगवार, विजय शंकर सहपुरिया, नीरज (नीरू) पैगवार, के.एल. साहू एवं संतोष चौरसिया अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। यहां स्वप्निल शर्मा एवं सचिन पटेल ने अंपायर, अजय कुशवाहा एवं हफीज खान ने स्कोरर तथा अभिषेक राजपूत एवं नित्या बोहरे ने कमेंटेटर की जिम्मेदारी निभाई। काबरा मेमोरियल पब्लिक स्कूल मैदान पर श्री राघव काबरा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। यहां विराट ठाकुर एवं सूरज ग्वाला अंपायर, ज्योति धानक एवं आदित्य तिवारी स्कोरर तथा यूनुस हुसैन कमेंटेटर रहे। बोहानी स्टेडियम में रॉबिन सिंह ने मैच रेफरी, पवन कोल एवं मनोज शुक्ला ने अंपायर, शुभम कटारे एवं विपुल शर्मा ने स्कोरर तथा स्वतंत्र शर्मा ने कमेंटेटर का दायित्व निभाया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित आयोजन समिति, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं स्थानीय सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं टीमवर्क का परिचय देते हुए रोमांचक मुकाबलों

से खेल प्रेमियों में उत्साह बनाए रखा।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

गाडरवारा एसडीएम प्रगति वर्मा

जरूरी खबरें