: नई दिल्ली,वंदे भारतम की सिग्नेचर ट्यून जारी,संस्कृति मंत्रालय को गणतंत्र दिवस 2022 के दौरान अनुकरणीय पहल के लिए विशेष पुरस्कार ट्रॉफी से सम्मानित किया गया
Tue, Feb 22, 2022
नई दिल्ली।आजादी का अमृत महोत्सव के तहत एक आयोजन में, संस्कृति मंत्रालय द्वारा 22 फरवरी, 2022 को आईजीएनसीए, दिल्ली में सांस्कृतिक शाम के साथ "एकम भारतम" नामक अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्कृति और विदेश राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने ग्रैमी अवार्ड विजेता रिकी केज और ऑस्कर दावेदार बिक्रम घोष द्वारा रचित "वंदे भारतम" के लिए सिग्नेचर ट्यून जारी की। इसके बाद इन कलाकारों द्वारा संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस कार्यक्रम 2022 के लिए नई दिल्ली के राजपथ पर संस्कृति मंत्रालय द्वारा प्रस्तुत नृत्य उत्सव, वंदे भारतम के लिए 'वंदे भारतम' गीत की रचना की गई थी।
संस्कृति मंत्रालय के सचिव श्री गोविंद मोहन, ग्रैमी विजेता रिकी केज और तबला वादक बिक्रम घोष भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
संस्कृति तथा विदेश राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी द्वारा 'वंदे भारतम' गीत को औपचारिक रूप से जारी करने के बाद वंदे भारतम गीत के रचयिता रिकी केज और बिक्रम घोष के द्वारा आकर्षक लाइव प्रस्तुति की गई, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने भारतीय संस्कृति के महान गुरुओं को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने सदियों से हमारी संस्कृति को सुरक्षित और संरक्षित करने में मदद की है। श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने कहा कि हमारी संस्कृति हमारी विरासत है और हमें इसे आगे ले जाने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित करना चाहिए।
वंदे भारतम गीत की मोहकता की सराहना करते हुए, श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने कहा कि यह हमें वंदे मातरम की भावना की याद दिलाती है, जिसने देशवासियों को अपनी स्वतंत्रता हेतु लड़ने के लिए प्रेरित किया। श्रीमती लेखी ने कहा कि जिस प्रकार हमारे पूर्वजों ने एक स्वतंत्र भारत का सपना देखा था, उसी तरह आने वाले 25 वर्षों में हमें एक नए भारत के सपने को साकार करने का सपना देखना है। उन्होंने कहा कि हम आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं और भारत @ 100 के लिए नई ऊंचाइयों की की ओर बढ़ने में वंदे भारतम हमारी ताकत बन सकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, श्री गोविंद मोहन ने कहा कि वंदे भारतम, नृत्य उत्सव की सफलता उन 480 युवा कलाकारों और 4 संगीतकारों के लिए एक धन्यवाद ज्ञापन है, जिन्होंने पूरी अवधारणा को एक साथ रखा और अगस्त में राजपथ पर देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की गरिमामय उपस्थिति में एक उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा संस्कृति मंत्रालय की नई पहल जैसे वंदे भारतम और कला-कुंभ कार्यशालाओं में निर्मित स्क्रॉल संस्कृति के लोकतंत्रीकरण की भावना के उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जो अब देश में सांस्कृतिक परिदृश्य में अपना स्थान बना रहे हैं।
दो संगीतकारों, रिकी केज और बिक्रम घोष ने कहा कि वंदे भारतम के लिए स्कोर देना उनके लिए सम्मान की बात है, जो संगीत का एक बहुत समृद्ध हिस्सा और भारतीय परंपराओं पर आधारित होने के साथ-साथ इसमें आधुनिक विशेषताएं और संलयन भी हैं।
रक्षा मंत्रालय ने गणतंत्र दिवस कार्यक्रम 2022 के दौरान संस्कृति मंत्रालय के अनुकरणीय प्रयासों को मान्यता देते हुए विशेष ट्रॉफी से सम्मानित किया।
एक मिनी फूड फेस्टिवल में देश भर के व्यंजनों के साथ इस खूबसूरत शाम का समापन हुआ। इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रतिष्ठित व्यक्ति, कलाकार, मशहूर हस्तियां और मीडिया के लोग उपस्थित थे।
: नरसिंहपुर जिले के खास समाचार
Tue, Feb 15, 2022
कलेक्टर रोहित सिंह ने सुनी लोगों की समस्यायें
जनसुनवाई में आये 89 आवेदन
नरसिंहपुर
।लेक्टर कार्यालय नरसिंहपुर के जनसुनवाई हाल में मंगलवार 15 फरवरी को जनसुनवाई में पहुंचे लोगों की समस्याओं को कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने ध्यानपूर्वक सुना और निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। विभिन्न आवेदनों का मौके पर ही निराकरण भी किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य एवं एसडीएम श्री राजेश शाह ने भी लोगों की समस्यायें सुनी और आवेदन लिये। कलेक्ट्रेट में हुई जनसुनवाई में 89 आवेदन आये।
कलेक्टर ने मौके पर सौंपी दिव्यांग राजकुमार झारिया को ट्रायसिकल
जिले के ग्राम नन्हेगांव के दिव्यांग श्री राजकुमार झारिया पिता रामचरण झारिया मंगलवार को कलेक्ट्रेट नरसिंह भवन में जनसुनवाई में पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर श्री रोहित सिंह को आवेदन दिया और बताया कि वे दाहिने पैर एवं हाथ से दिव्यांग हैं और उन्हें चलने व दैनिक कार्य करने में बहुत परेशानी होती है, उन्हें ट्रायसिकल की जरूरत है। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने उक्त दिव्यांग को ट्रायसिकल प्रदान करने के निर्देश उप संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण को दिये।
जनसुनवाई में कलेक्टर ने मौके पर ही दिव्यांग श्री राजकुमार झारिया को ट्रायसिकल प्रदान की। इस पर झारिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार जताया। उन्होंने जिला प्रशासन और मध्यप्रदेश सरकार को धन्यवाद दिया।
जनसुनवाई में अन्य आवेदकों ने भी आवेदन देकर अपनी- अपनी समस्यायें बताई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया।
16 फरवरी को संत रविदास जयंती समारोह का आयोजन बरमानकलां में
नरसिंहपुर।.
राज्य शासन के निर्देशानुसार संत शिरोमणि गुरू रविदास जयंती समारोह का आयोजन राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी व सांसद होशंगाबाद श्री राव उदय प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य एवं विधायक श्री जालम सिंह पटैल की अध्यक्षता में बुधवार 16 फरवरी को पूर्वांह 11 बजे से जिले की करेली तहसील के ग्राम बरमानकलां में नवीन विद्या भवन के पास में किया जायेगा।
इस दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दोपहर 12 बजे से वेबकास्ट के माध्यम से किया जायेगा। इस अवसर पर संत रविदास के भजनों का कार्यक्रम आयोजित होगा और उनके अनुयायियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया जायेगा। हितग्राही मूलक योजनाओं में लाभान्वित हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किये जायेगें और सहभोज होगा। यह जानकारी जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण नरसिंहपुर ने दी है।
सगौनीकला में रूकवाया बाल विवाह
नरसिंहपुर।
कलेक्टर श्री रोहित सिंह के मार्गदर्शन में नरसिंहपुर थाना के अंतर्गत ग्राम सगौनीकलां में महिला एवं बाल विकास विभाग, नायब तहसीलदार, चाइल्ड लाइन व पुलिस के सहयोग से मंगलवार को एक नाबालिग लड़की का बाल विवाह रूकवाया गया। इस बालिका की उम्र 15 वर्ष 8 माह थी। विदित है कि कलेक्टर श्री सिंह ने बाल विवाह न हो इसके सख्त निर्देश पूर्व में आयोजित बैठकों में दिये थे।
आयुष विभाग द्वारा 172 बच्चों को नि:शुल्क स्वर्ण प्राशन
नरसिंहपुर।.
आयुष विभाग द्वारा जिले के दो आयुष ग्रामों कठौतिया एवं झामर में मंगलवार को पुष्य नक्षत्र पर 16 वर्ष तक के 172 बच्चों को स्वर्ण प्राशन का नि:शुल्क सेवन कराया गया। साथ ही बच्चे के स्वास्थ्य की प्रगति संबंधी एक रिपोर्ट कार्ड भी बनाया गया, जिसमें उसके शारीरिक विकास को प्रत्येक माह दर्ज किया जायेगा।
जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि स्वर्ण प्राशन बच्चों के संपूर्ण शारीरिक व बौद्धिक विकास, एकाग्रता को बढ़ाने में सहायक है। साथ ही बच्चों को बार-बार होने वाले संक्रमण सर्दी, बुखार से सुरक्षित रखता है। यह बच्चों की पाचन क्रिया को भी ठीक रखता है, जिससे पेट संबंधी रोग नहीं होते। स्वर्ण प्राशन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक है। यह शुद्ध स्वर्ण के साथ गाय के घी, शहद, ब्राह्मी, बचा, शंखपुष्पी जैसी औषधियों से निर्मित होता है। बच्चे को 6 माह में स्वर्ण प्राशन की 6 खुराक अनिवार्य रूप से पिलाना विशेष लाभदायक होता है। पुष्य नक्षत्र की अगली तिथि की सूचना बच्चों के अभिभावकों को दे दी गई है।
कमिश्नर ने की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा
नरसिंहपुर
। कमिश्नर जबलपुर श्री बी. चंद्रशेखर द्वारा मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कोविड- 19 अनुकूल व्यवहार सुनिश्चित करने, मनरेगा के कार्यों, 15 से 17 वर्ष के बच्चों को कोविड टीकाकरण, बच्चों के रूटीन टीकाकरण अभियान, स्वामित्व योजना की प्रगति, जल जीवन मिशन के कार्यों, धान उपार्जन, नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान की प्रगति, शालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनाने के अभियान, शालाओं एवं आंगनबाड़ियों में विद्युत कनेक्शन स्थापित करने की समीक्षा की गई।
स्थानीय वीसी कक्ष में कलेक्टर रोहित सिंह, सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, अपर कलेक्टर दीपक कुमार वैद्य, अन्य अधिकारी मौजूद थे।
1125 किलोग्राम महुआ लाहन, 14 लीटर हाथ भट्टी मदिरा व 123 पाव अवैध शराब बरामद
,
अवैध मदिरा के 8 प्रकरण दर्ज
नरसिंहपुर
। कलेक्टर श्री रोहित सिंह के निर्देशों के परिपालन में जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन व विक्रय के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सोमवार को वृत्त नरसिंहपुर के हजरत गंज, ग्राम खमरिया, ग्राम डोंगरगांव, ग्राम खमतरा एवं ग्राम उमरिया में आबकारी विभाग की टीम द्वारा दबिश देकर 1125 किलोग्राम महुआ लाहन (शराब बनाने का कच्चा माल), 14 लीटर हाथ भट्टी मदिरा व 123 पाव अवैध शराब बरामद की गई। इसमें से हजरत गंज में मुन्नी बाई के रहवासी मकान से 12 पाव देशी मसाला व 6 पाव देशी प्लेन मदिरा, ग्राम खमरिया में खुमान धानक से 18 पाव गोवा व्हिस्की, ग्राम डोंगरगांव में नन्हेवीर पाल के पास से 17 पाव गोवा रम, ग्राम खमतरा में 1125 किलोग्राम महुआ लाहन व 14 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब, उमरिया में 21 पाव गोवा व्हिस्की, 36 पाव देशी मदिरा प्लेन व 13 पाव देशी मदिरा मसाला अवैध शराब की जब्ती की गई। जब्त की गई सामग्री एवं मदिरा का अनुमानित मूल्य 70 हजार 260 रूपये है। महुआ लाहन का सेंपल लेकर मौके पर विनष्टीकरण की कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान अवैध मदिरा से संबंधित 8 प्रकरण दर्ज किये गये। ये प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के प्रावधानों के तहत दर्ज किये गये। उक्त कार्यवाही के दौरान आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर जमानत- मुचलके पर रिहा किया गया।
अभियान जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती अम्रता जैन व सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री डीसी चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। दबिश की कार्रवाई के दौरान आबकारी उप निरीक्षक श्री संजीव जैन, मुख्य आरक्षक व आरक्षकगण की टीम मौजूद थी।
: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार
Sat, Feb 12, 2022
जिले के 34 हजार 500 फसल बीमा दावों में किसानों को हुआ 22.5 करोड़ रूपये का हस्तांतरण
राज्यसभा सांसद व विधायक की मौजूदगी में हुआ फसल बीमा वितरण कार्यक्रम का आयोजन
नरसिंहपुर।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बैतूल जिले से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को खरीफ- 2020 एवं रबी 2020- 21 के 49 लाख दावों की 7600 करोड़ रूपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के खातों में अंतरित की। इसमें नरसिंहपुर जिले के 34 हजार 500 दावों में फसल बीमा की 22.5 करोड़ रूपये की राशि शामिल है, जो सिंगल क्लिक के माध्यम से जिले के किसानों के खातों में अंतरित की गई। इस कार्यक्रम का आयोजन व सीधा प्रसारण नरसिंहपुर जिले की कृषि उपज मंडी एवं ग्राम पंचायतों में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन व कन्या पूजन से किया गया।
प्रधानमंत्री फसल बीमा वितरण का जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि उपज मंडी नरसिंहपुर के प्रांगण में राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, विधायक जालम सिंह पटैल, अपर कलेक्टर दीपक कुमार वैद्य, अन्य जनप्रतिनिधि, कृषक बंधुओं की मौजूदगी में आयोजित हुआ।
इस मौके पर सांसद सोनी व विधायक पटैल ने प्रतीक स्वरूप कृषकों को फसल बीमा की राशि के चैक भी प्रदान किये। उन्होंने मलाहपिपरिया के श्री नरवर सिंह को 65 हजार 734 रूपये, गरगटा के श्री एकम सिंह को 67 हजार 706 रूपये, कोसमखेड़ा के श्री राजेश महाजन को 76 हजार 588 रूपये, नोनी के श्री भास्कर पटैल को एक लाख 77 हजार 337 रूपये, डुंगरिया के श्री रामाधार उपाध्याय को 63 हजार 363 रूपये, गिधवानी के श्री प्रशांत कुमार रघुवंशी को 89 हजार 42 रूपये, चौराखेड़ा के श्री रामकुमार दुबे को 61 हजार 505 रूपये व रातीकरार कला के श्री तुलाराम नौरिया को 60 हजार 623 रूपये की दावा राशि के चैक प्रतीक स्वरूप दिये।
कार्यक्रम में आत्मा योजनांतर्गत सर्वोत्तम कृषक/ समूह पुरस्कार में चयनित ओम मृगन्नाथ दादा मत्स्योद्योग सहकारी समिति रीछई को 20 हजार रूपये, शिवा स्वसहायता समूह श्रीनगर को 20 हजार रूपये, कपूरी के श्री अभिजीत जाट को 25 हजार रूपये, भड़री के गोविंद सिंह को 25 हजार रूपये और दुधवारा के कृष्णकुमार को 10 हजार रूपये की पुरस्कार राशि के प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। कस्टम हायरिंग योजना के अंतर्गत दौन के प्रेमलाल गौंड़ को 5 लाख 58 हजार 840 रूपये और दिघारी के मनोज पटैल को 9 लाख 64 हजार 640 रूपये की अनुदान राशि के प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। किसानों के खाते में राशि का ऑनलाइन भुगतान किया गया। वर्ष 2020- 21 के अंतर्गत सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के लिए चयनित 44 कृषकों को भी प्रमाण पत्र दिये गये।
फसल बीमा वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के बैतूल जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। उक्त कार्यक्रम को एलईडी के माध्यम से यहां देखा व सुना गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद श्री सोनी ने कहा कि सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने किसानों के हित में अनेक निर्णय लिये। केन्द्र एवं राज्य सरकार गांव, गरीब एवं किसान के हित में लगातार कार्य कर रही है। बिजली आपूर्ति एवं सिंचाई की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किये गये हैं। अब बिजली अंतिम छोर तक के किसानों को पूरे पॉवर के साथ मुहैया कराई जा रही है। राज्य सरकार ने सड़क निर्माण, नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट, स्कूल, पंचायत व सामुदायिक भवन के काम व्यापक पैमाने पर कराये हैं। सरकार की मंशा है कि किसानों की आमदनी दोगुनी की जाये। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे स्वयं के रोजगार लगाने के लिए आगे आयें और दूसरों को भी रोजगार दें।
विधायक श्री पटैल ने कहा कि प्रदेश के गन्ना उत्पादन में 50 प्रतिशत भागीदारी नरसिंहपुर जिले की है। कोविड- 19 की इस आपदा में कृषकों ने अपने बलबूते पर देश को खाद्यान्न उपलब्ध कराया है। केन्द्र सरकार ने कोरोना की वैक्सीन उपलब्ध कराकर कोरोना से देशवासियों को सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया है। केन्द्र सरकार द्वारा देश के 80 करोड़ लोगों को 15 माह तक नि:शुल्क अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। केन्द्र एवं राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश सरकार किसान कल्याण की 72 से अधिक योजनायें संचालित कर रही हैं। एक जिला एक उत्पाद के अंतर्गत जिले में गुड़ एवं तुअर दाल को लिया गया है। जिले के उच्च गुणवत्ता के कृषि उत्पादों के निर्यात की बहुत संभावनायें हैं। उन्होंने केन्द्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने जिले के लिए प्रस्तावित विभिन्न सिंचाई योजनाओं की जानकारी दी। श्री पटैल ने युवाओं से कृषि के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आग्रह किया। कार्यक्रम में महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी व डॉ. हरगोविंद पटैल ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
इस अवसर पर एसडीएम राजेश शाह, पूर्व विधायक हाकम सिंह चढ़ार, मोहरकांत पटैल, ठाकुर राजीव सिंह, नंदकिशोर ठाकुर, सुनील कोठारी, बंटी सलूजा, निधान सिंह पटैल, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और किसान मौजूद थे। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन उप संचालक कृषि राजेश त्रिपाठी और संचालन सहायक मिट्टी परीक्षण अधिकारी डॉ. आरएन पटैल ने किया।
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो नरसिंहपुर आये
नरसिंहपुर।
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो का शुक्रवार को नरसिंहपुर आगमन हुआ। पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव एवं अपर कलेक्टर दीपक कुमार वैद्य ने पुष्पगुच्छ भेंटकर सर्किट हाउस में उनका स्वागत किया।
कानूनगो ने बाल अधिकार एवं संरक्षण, पाक्सो एक्ट 2012, चाइल्ड इन स्ट्रीट सिचुएशन, कोविड- 19 से प्रभावित अनाथ व एकल अभिभावक वाले बच्चों के संबंध में की गई कार्रवाई, पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना, सीएम बाल सेवा योजना, शासकीय एवं निजी स्पॉन्सरशिप योजना, फॉस्टर केयर, दत्तक ग्रहण, बाल विवाह रोकथाम, पोषण अभियान एवं नशामुक्त भारत अभियान के जिले में क्रियान्वयन पर चर्चा की। उन्होंने चाइल्ड इन स्ट्रीट सिचुएशन के शिक्षण प्रशिक्षण की व्यवस्था के लिये शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिये। उन्होंने नशामुक्त भारत के तहत चलाये जा रहे कार्यक्रम "एक युद्ध नशे के विरूद्ध" में नरसिंहपुर जिले के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले में सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने बाल कल्याण समिति अध्यक्ष एवं सदस्यों और किशोर न्याय बोर्ड के सदस्यों से किशोर न्याय बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम 2015 के समुचित क्रियान्वन के लिये सभी स्टेक होल्डर्स से सहयोग लेने पर चर्चा की। अध्यक्ष कानूनगो ने अन्य महत्वपूर्ण सुझाव दिये।
कानूनगो ने बच्चों को लैंगिक अपराधों एवं शोषण से सुरक्षित बनाने के लिये तैयार की गई बुकलेट का विमोचन भी किया। यह बुकलेट वर्ल्ड विजन संस्था द्वारा एनसीपीआर के मार्गदर्शन में तैयार की गई हैं।
इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास, जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, उप संचालक सामाजिक न्याय, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग, जिले में संचालित बाल देखरेख संस्थाओं के प्रतिनिधि, वर्ल्ड विजन के प्रबंधक, चाइल्ड लाइन, एसजेपीयू व डीसीपीयू स्टॅाफ मौजूद था
16 फरवरी को संत रविदास जयंती समारोह का आयोजन बरमानकलां में
नरसिंहपुर
,। राज्य शासन के निर्देशानुसार संत रविदास जयंती समारोह का आयोजन 16 फरवरी को जिले की करेली तहसील के ग्राम बरमानकलां में किया जायेगा। इस दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दोपहर 12 बजे से वेबकास्ट के माध्यम से किया जायेगा। इस अवसर पर संत रविदास के भजनों का कार्यक्रम आयोजित होगा और उनके अनुयायियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया जायेगा। यह जानकारी जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण नरसिंहपुर ने दी है।