: छिंदवाड़ा जिला स्वास्थ समिति की बैठक संपन्न
Fri, Feb 12, 2021
कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न हुई जिसमें स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई । बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती कल्पना तिवारी रिछारिया, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी डॉ.श्रीमती मोनिका बिसेन, प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.सुशील राठी, सिविल सर्जन डॉ.श्रीमती पी.गोगिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.शरद बंसोड, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.एल.एन.साहू, स्वास्थ्य विभाग के राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभारी अधिकारी, बी.एम.ओ., महिला बाल विकास विभाग के एकीकृत बाल सेवा परियोजना के परियोजना अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे ।
बैठक में कलेक्टर श्री सुमन द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों व योजनाओं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा करते हुये निर्देश दिये गये कि दोनों विभाग संयुक्त टीम बनाकर सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों के डाटा को समानता के स्तर पर लाने के लिये विशेष कार्ययोजना बनाकर प्रस्तुत करें और आपसी समन्वय व सहयोग द्वारा टीम भावना से कार्य करें । साथ ही कार्ययोजना के अनुसार संबंधित चिकित्सकों, अधिकारियों और मैदानी अमले को प्रशिक्षित कर निर्धारित उद्देश्य के अनुसार योजनाओं का क्रियान्वयन कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अक्षिता कार्यक्रम की कार्ययोजना के अनुसार संयुक्त विभागीय टीम के माध्यम से हितग्राहियों को चिन्हित कर उन्हें स्वास्थ्य व विभिन्न सेवाओं को प्रदाय करने के लिये कार्यो का वर्गीकरण कर जिम्मेदारी निर्धारित करने के निर्देश दिये । उन्होंने सेक्टर स्तर पर प्रति सप्ताह दिन निर्धारित कर संयुक्त बैठक आयोजित कर इस बैठक में कार्य के सभी बिंदुओं की कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिये। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के सी-सेम कार्यक्रम में बच्चों के पंजीयन और एन.आर.सी.रेफरल, सी-सेम कार्यक्रम में पंजीकृत मेम बच्चों के साप्ताहिक फालोअप, पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती बच्चों की पोषण स्थिति, पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती बच्चों, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडली लक्ष्मी योजना, बाल देख-रेख संस्थाओं में निवासरत् बच्चों की स्थिति, वन स्टॉफ सेंटर सखी में पंजीकृत महिलाओं व बालिकाओं और अक्षिता योजना की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने सी-सेम कार्यक्रम में बच्चों के पंजीयन और एन.आर.सी.रेफरल की प्रगति कम पाये जाने पर चौरई के परियोजना अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिये ।
बैठक में कलेक्टर श्री सुमन ने स्वास्थ्य विभाग की मातृ व शिशु मृत्यु दर में कमी लाने पर विभाग की सेवा की सराहना की करते हुये और अधिक बेहतर तरीके से स्वास्थ्य सेवायें देने के निर्देश दिये । उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्यि कार्यक्रम के अंतर्गत ए.एन. सी. की सेवायें, एंटीनेटल केयर सर्विस, प्रसूति सेवायें, मैटरनल एंड चाइल्ड डेथ, एस.एन.सी.यू.वार्ड में बच्चों के एडमिशन, टीकाकरण, कुपोषित बच्चे व एन.आर.सी. में कुपोषित बच्चों की भर्ती, राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम, राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, एन.सी.डी.प्रोग्राम, राष्ट्रीय कुष्ठ नियंत्रण कार्यक्रम, सुरक्षित मातृत्व कार्यक्रम आदि की समीक्षा भी की। बैठक में संबंधित अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई।
: Bhopal कमिश्नर ने किया रायसेन जिले के ओबेदुल्लागंज, गौहरगंज, बाड़ी, बरेली और उदयपुरा रेवेन्यू कोर्ट का निरीक्षण
Fri, Feb 12, 2021
भोपाल
।
पटवारी प्रतिवेदन के कारण लंबित प्रकरणों में कार्यवाही के निर्देश,उदयपुरा के रीडर ,बरेली के कानूनगो और नायब नाज़िर की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश
कमिश्नर श्री कवींद्र कियावत ने गुरुवार को रायसेन जिले के ओबेदुल्लागंज, गौहरगंज, बाड़ी, बरेली और उदयपुरा के तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार कोर्ट का निरीक्षण किया और पटवारियों के प्रतिवेदन के लंबित मामलों पर विशेष कार्यवाही करते हुए पटवारियों के विरुद्ध सख्त एक्शन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बरेली में लापरवाह कानूनगो और नायब नाज़िर तथा उदयपुरा के रीडर की एक एक वेतन वृद्धि रोकने के ए डी एम को निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि पटवारियों की साप्ताहिक बैठक नियमित हो और उनसे नामांतरण, बटवारा और सीमांकन के प्रकरणों में अपेक्षित प्रतिवेदन का नोटिस दिया जाए।तीसरी बैठक में प्रतिवेदन नहीं देने वाले पटवारी को निलंबित करें।श्री कियावत ने मुख्यालय पर निर्धारित दिनों पर पटवारियों की उपस्थिति तथा शेष दिनों में प्रभार के गांवों में दौरा कर निर्धारित कार्य किया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने गौहरगंज तहसील परिसर में पार्किंग, केंटीन,सहित पटवारियों की बैठक के लिए उपयुक्त सभाकक्ष तथा एम आई एस कक्ष बनाने के निर्देश दिए।उन्होंने तहसीलदार को निर्देश दिए कि वे ग्राम पंचायतों में रेवेन्यू कोर्ट लगाकर लंबित प्रकरणों का निराकरण कर स्तिथि शून्य पर लाएं।उन्होंने गौहरगंज स्थित उप कोषालय को ओबेदुल्लागंज शिफ्ट किये जाने के निर्देश दिए।
बाड़ी तहसील के निरीक्षण के दौरान श्री कियावत ने कोर्ट में लंबित प्रकरणों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया।उन्होंने पटवारियों की बैठक की उचित व्यवस्था करने,भवन को व्यवस्थित करवाने के निर्देश दिए। श्री कियावत ने बरेली में तहसीलदार कोर्ट के अलावा महेश्वर और खरगौन नायब तहसीलदार कोर्ट का निरीक्षण किया।उन्होंने यहां नायब नाज़िर और कानूनगो की एक एक वेतन व्रद्धि रोकने के निर्देश दिए।श्री कियावत ने तहसीलदार और नायब तहसीलदार को अपने अपने कोर्ट का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।उन्होंने पटवारियों के बस्तों की भी नियमित जांच करने के लिए कहा है। श्री कियावत ने सभी तहसीलदार को निर्देश दिए कि वे कोटवार को सशक्त बनाये।उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कोटवारों को वर्दी के अलावा,डुग्गी,वल्लभ,आदि प्रदान करे।उन्होंने कोटवारों की परेड भी आयोजित करने कहा है।उन्होंने कोटवारों के भूमि विवाद निबटाने,उन्हें के सी सी दिलाने के अलावा 65 वर्ष को उम्र पूरी कर चुके कोटवारों के परिवारजन को कोटवार पदस्थ करने के निर्देश दिए।
: मंडला,आबकारी विभाग ने की अवैध शराब तश्करी के विरूद्ध कार्यवाही
Thu, Jan 21, 2021
मंडला । जिला आबकारी अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अवैध मदिरा विनिर्माण, परिवहन व विक्रय के रोकथाम हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत् जिला कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में एवं जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम के मार्गदर्शन में आबकारी उपनिरीक्षक इन्दु उपाध्याय के नेतृत्व पर आबकारी टीम द्वारा दिन-प्रतिदिन जिले के विभिन्न संदिग्ध इलाकों में मदिरा के अवैध निर्माण एवं विक्रय को प्रतिबंधित करने हेतु दबिश कार्यवाही की जा रही है। इस कार्यवाही के दौरान लगातार 21 जनवरी को बम्हनीबंजर शहरी क्षेत्र एवं ग्राम ग्वारा, घटिया में संचालित होटलों, ढाबों की तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान 04 स्थानों में अवैध रूप से संग्रहित 271 नग देशी मदिरा, 24 नग विदेशी मदिरा एवं 11 नग बीयर जप्त की गयी। मौके पर उपस्थित 04 आरोपियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) के अन्तर्गत प्रकरण कायम किये गये है।
कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक शैली सैयाम एवं सर्वेश नागवंशी तथा आबकारी मुख्य आरक्षक दुर्जन सिंह कुलेश, हरे सिंह उईके, आबकारी आरक्षक ईशुलाल मर्सकोले, ममता बैरागी एवं शकुन्तला सैयाम उपस्थित रहे। जिले में विशेष अभियान के तहत् शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कड़ी नजर रखते हुए अवैध शराब के विनिर्माण, परिवहन व विक्रय की रोकथाम हेतु कार्यवाही निरन्तर जारी रखी गयी है।