Wednesday 7th of October 2026

ब्रेकिंग

गाडरवारा सीरेगांव के सम्मेलन में युवाओं को समाजसेवा, अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया

नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई

‘उर्दू शेरो-अदब में राष्ट्रीय चेतना’ विषय पर विमर्श के साथ क्षेत्रीय साहित्यकारों एवं शायरों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं

नरसिंहपुर में टिफिन कम आने पर भड़का गार्ड: बैंक में बंदूक से कर दी फायरिंग, कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार

सालीचौका से दर्जनों गांव जुड़े हुए हैं और यहां बड़ी संख्या में धान का उत्पादन होता है, फिर भी नगर में सेंटर नहीं बनाया

: मुख्यमंत्री चौहान की केन्द्रीय रसायन, उर्वरक एवं स्वास्थ्य मंत्री मांडविया से मुलाकात

Aditi News Team

Fri, Jul 30, 2021

बल्क ड्रग पार्क और मेडिकल डिवाइसेस पार्क, कोविड टीकाकरण और यूरिया, डी.ए.पी. के बारे में की चर्चा

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह  चौहान  ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री मनसुख एल. मांडविया से उनके कार्यालय में मुलाकात कर फार्मा क्षेत्र में विस्तार के लिए प्रदेश में बल्क ड्रग पार्क और मेडिकल डिवाइसेस पार्क की स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने का अनुरोध किया। श्री  चौहान  ने बताया कि 1276 करोड़ रुपये की लागत के बल्क ड्रग पार्क और 193 करोड़ रुपये की लागत के मेडिकल डिवासेस पार्क के प्रस्ताव केन्द्र में स्वीकृति हेतु लम्बित हैं। केन्द्र सरकार द्वारा मूल्यांकन के लिए नियुक्त आई.एफ.सी.आई.ने प्रस्तावों के मूल्यांकन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री श्री  चौहान ने बताया कि फार्मा क्षेत्र में मध्यप्रदेश की देश में अग्रणी भूमिका है। इंदौर के नजदीक पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्रों में विकास की अनेक संभावनाएँ हैं। प्रदेश में इस क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक अधोसंरचना और कुशल श्रमिक प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। उपरोक्त प्रस्तावित पार्क के लिए राजधानी भोपाल से लगभग 100 किलोमीटर दूर मोहासा बाबई औद्योगिक क्षेत्र में 2400 एकड़ भूमि भी चिन्हित कर ली गई है। इसके अलावा लगभग 1500 एकड़ भूमि में उद्योगों की आवश्यकतानुसार अधोसंरचना विकसित की जा चुकी है। उद्योगों के लिए 4.50 रुपये प्रति यूनिट पर प्रचुर मात्रा में बिजली भी उपलब्ध है। मुख्यमंत्री श्री चौहान  ने केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री मनसुख एल मांडविया से प्रदेश में किये जा रहे कोविड टीकाकरण पर विस्तार से चर्चा की। श्री  चौहान  ने बताया कि अभी तक प्रदेश में 46 प्रतिशत जनता को टीकाकरण पहली डोज दी जा चुकी है और लगभग 9 प्रतिशत लोगों को दोनों डोज दी चुकी है। प्रदेश में चार दिन कोविड का टीकाकरण होता है और शेष दो दिन में अन्य टीकाकरण कार्यक्रम किया जाता है। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा दी जा रही कोविड की वैक्सीन का शत-प्रतिशत सही इस्तेमाल किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री  चौहान ने केन्द्रीय मंत्री से यूरिया और डी.ए.पी. के विषय में भी चर्चा की। उन्होंने अनुरोध किया कि केन्द्र में यूरिया और डी.ए.पी. की लम्बित मांग को शीघ्रातिशीघ्र जारी किया जाय जिससे किसानों को बुआई में किसी प्रकार व्यवधान उत्पन्न न होने पाये। केन्द्रीय मंत्री श्री मांडविया ने मुख्यमंत्री को ध्यानपूर्वक सुना और उनके द्वारा उठाये गये सभी विषयों पर शीघ्रातिशीघ्र हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

Tags :

जरूरी खबरें