Tuesday 21st of April 2026

ब्रेकिंग

अधिकारियों की उदासीनता के चलते पंचायत सचिव की मनमानी पर उतारू

सरस्वती शिशु मंदिर संचालन समिति की आगामी कार्ययोजना एंव विध्यालय के नये परिवैश और आयामों पर हुई चर्चा

अग्निशमन शाखा द्वारा 14-04-26 से शुरू किए गए अग्निशमन सेवा सप्ताह का समापन अग्निशमन केन्द्र पर 20-04-26 को समापन हुआ

नरसिंहपुर में अज्ञात चोर तलाश कर चंद घंटों में किया गया गिरफ्तार,आरोपी से मंदिर में चोरी का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद

लगभग 2 किलोग्राम गांजा जप्त। • गिरफ्तार आरोपियों से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाईकिल भी की गयी जप्त

: कलेक्टर श्री सिंह ने ली समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक

Aditi News Team

Mon, Aug 11, 2025
कलेक्टर श्री सिंह ने ली समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक रिपोर्टर शिवजी चोरिया छिन्दवाड़ा   कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सीएम कार्यालय, सीएम हाउस, विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं न्यायालयों से जुड़े लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। साथ ही विभिन्न समसामयिक एवं अंतर्विभागीय मुद्दों पर भी चर्चा की और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।   हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता -स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग अभियान का हो सुचारू क्रियान्वयन - बैठक में कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस को विशेष थीम “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता – स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल तिरंगा लगाने का अभियान नहीं है, बल्कि हर घर स्वच्छता को भी साथ जोड़कर लोगों में देशभक्ति और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक बड़ा जनअभियान है। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि जिले के सभी ब्लॉकों में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, छात्रों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों और अन्य विशिष्ट व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाए। इन कार्यक्रमों में लोगों को स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का यह संयुक्त अभियान तभी सफल होगा, जब इसे घर-घर तक पहुंचाया जाए और हर व्यक्ति इसमें सक्रिय रूप से भाग ले। इसके लिए सभी विभाग प्रमुख अपने-अपने कार्यालयों से तिरंगा रैली निकालें, जो न केवल राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का प्रतीक होगी, बल्कि लोगों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश भी देगी। कलेक्टर श्री सिंह ने यह भी जोड़ा कि रैलियों और कार्यक्रमों के दौरान स्वच्छता शपथ दिलाई जाए, जिससे यह संदेश स्थायी रूप से लोगों के मन में बसे कि देशभक्ति का असली अर्थ केवल झंडा फहराने में नहीं, बल्कि अपने आस-पास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में भी है।   अपूर्ण आवासों पर कार्रवाई करने के दिए निर्देश - कलेक्टर श्री सिंह ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों को आवास का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन उन्होंने अभी तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किया है, ऐसे मामलों में या तो राशि की वसूली की जाए अथवा उन्हें आवास निर्माण कार्य तत्काल पूरा करने के लिए बाध्य किया जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीबों के आवास के लिए है, इसलिए इस पर किसी भी तरह की अनदेखी स्वीकार्य नहीं होगी।   आदि कर्मयोगी अभियान का हो व्यापक क्रियान्वयन - कलेक्टर श्री सिंह ने जानकारी दी कि जिले के 511 आदिवासी गांवों में ‘धरती आबा’ एवं ‘जन मन’ योजना के तहत आदि कर्मयोगी अभियान संचालित किया जाना है। इस अभियान का उद्देश्य इन गांवों के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग इन गांवों में विशेष रूप से पहुंचकर चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनें और समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री मोदी की प्राथमिकता वाला अभियान है, इसलिए इसे गंभीरता से लागू किया जाए और प्रत्येक सप्ताह इसकी प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही, उन्होंने एनआरएलएम को निर्देशित किया कि रोजगार मेले का आयोजन इन गांवों में भी अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।   शिक्षा विभाग को दिए निर्देश- बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने जिला परियोजना समन्वयक पर नाराजगी जताते हुए उनका एक इन्क्रिमेंट रोकने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पिछली बैठक में प्रत्येक स्कूल में रेमेडियल क्लासेस शुरू करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक इन्हें शुरू नहीं किया गया है, जो गंभीर लापरवाही है। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जो अतिथि शिक्षक अध्यापन कार्य में लापरवाही कर रहे हैं, उन्हें तत्काल हटाकर प्रतीक्षा सूची में से योग्य शिक्षकों को नियुक्त किया जाए, ताकि छात्रों की पढ़ाई पर असर न पड़े।   निरीक्षण व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाएं पर रखें सतत निगरानी - कलेक्टर श्री सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जैसे वे स्कूलों का निरीक्षण करते हैं, वैसे ही पीएचसी केंद्रों का भी निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि केंद्र पर डॉक्टर और एएनएम समय पर उपस्थित हों और सेवाएं नियमित रूप से प्रदान की जा रही हों। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को अस्पतालों में गंदगी की लगातार मिल रही शिकायतों पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में स्वच्छता की स्थिति में सुधार न होने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। समय सीमा की बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एसडीएम श्री सुधीर जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर श्री आर.के.मेहरा, उप संचालक सामाजिक न्याय श्री पी. राजौदिया, आयुक्त नगर निगम श्री सी.पी.राय सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में अन्य एसडीएम, तहसीलदार सहित सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी से जुड़े थे।

Tags :

जरूरी खबरें