: कलेक्टर श्रीमती पटले ने किया नयाखेड़ा व गरगटा में स्कूलों का निरीक्षण कलेक्टर ने बच्चों को विभिन्न विषयों का पढ़ाया पाठ लापरवाही बरतने पर शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी
कलेक्टर श्रीमती पटले ने किया नयाखेड़ा व गरगटा में स्कूलों का निरीक्षण
कलेक्टर ने बच्चों को विभिन्न विषयों का पढ़ाया पाठ
लापरवाही बरतने पर शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी
कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार के साथ शासकीय प्राथमिक शाला गरगटा और एकीकृत शासकीय हाई स्कूल नयाखेड़ा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों को विभिन्न विषयों का पाठ पढ़ाया। उन्होंने बच्चों से प्रश्न भी पूछे।
कलेक्टर ने एकीकृत शासकीय हाई स्कूल नयाखेड़ा के निरीक्षण के दौरान बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा। उन्होंने कक्षा 6 वीं के बच्चों से हिंदी शुद्ध लेख लिखवाए। कलेक्टर ने कक्षा 6 वीं की अन्नया लोधी से सामाजिक विज्ञान के तहत भारत की संस्कृति से जुड़े पाठ को पढ़वाया। कलेक्टर ने कहा कि स्कूल में शिक्षक ने जो पाठ पढ़ाया है, उसके अलावा हमें घर पर जाकर कम से कम एक घंटा उस विषय की किताब को पढ़ना चाहिए। जिससे हम उस विषय को अच्छे से जान सकते हैं। कक्षा 7 वीं में उन्होंने एक छात्रा से परीक्षा के दौरान प्राप्त प्रतिशत के बारे में पूछा और उसी विषय को अपने समक्ष लिखवाया। उन्होंने बच्चों से शुद्ध हिंदी लेख लिखवाया। उन्होंने बच्चों से आत्मीयता के साथ संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा में और अच्छी गुणवत्ता के साथ शिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाएं। बच्चों द्वारा प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर नहीं देने पर गणित विषय के शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। स्कूल में दर्ज संख्या के मान से बहुत कम बच्चे उपस्थित पाए जाने तथा शाला का बेहतर संचालन नहीं करने पर प्राचार्य श्रीमती विनीता पांडे को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में एक भवन लगभग 5 वर्षों से क्षतिग्रस्त पाए जाने पर कलेक्टर ने डीपीसी एवं बीआरसी को निर्देश दिए कि इस भवन को डिसमेंटल किया जाए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ने भी गणित विषय का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि गणित विषय में बच्चों को और अधिक मेहनत करने की जरूरत है।
ग्राम गरगटा के शासकीय प्राथमिक शाला में कलेक्टर ने बच्चों से अंग्रेजी एवं अन्य विषयों के संबंध में पाठ पढ़ाया। उन्होंने बच्चों से इंग्लिश, गणित और अन्य विषयों से संबंधित प्रश्न भी पूछे। सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार ने कहा कि शिक्षक बच्चों की पढ़ाई में विशेष ध्यान दें। कलेक्टर ने यहां बच्चों को अच्छी शिक्षा नहीं देने तथा शाला का बेहतर संचालन नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम गरगटा में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता देखी।
5 वर्षीय मिलन मेहरा को मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना का मिलेगा लाभ
निरीक्षण के दौरान एक बच्चा मिलन मेहरा पिता रामजी मेहरा उम्र 5 वर्ष के हृदय में छेद होने की बात संज्ञान में आने पर कलेक्टर श्रीमती पटले ने यहां मौजूद बीएमओ श्रीमती रिचा मिश्रा को मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के अंतर्गत इलाज करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीपीसी श्री मनीष चौकसे, बीआरसी श्री ओपी राय, शिक्षक- शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद थे।
Tags :