: नरसिंहपुर के प्रमुख समाचार
मंत्री श्री पटेल ने किया ग्राम पंचायत रिछावर में पौधरोपण
10 हजार पौधों का हुआ पौधरोपण
नरसिंहपुर।. प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने जिले की ग्राम पंचायत रिछावर में गुरू पूर्णिमा के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत श्री श्री बाबा श्री जी के आश्रम नीलकंठ घाट नर्मदा जी के किनारे पौधरोपण किया। उन्होंने यहां श्री श्री बाबा श्री जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान एक हजार लोगों की उपस्थिति में 10 हजार पौधों का रोपण किया गया। यहां आम, अमरूद, कदम, जामुन, नीबू, गुलमोहर, नीम, पीपल, बरगद, कटहल आदि के पौधों का रोपण हुआ।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि आज का यह पौधरोपण गुरू जी तथा अभियान के अंतर्गत किया गया है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस वर्षाकाल में पौधरोपण करें और उससे ज्यादा महत्वपूर्ण कार्य है उन्हें संरक्षित कर वृक्ष बनायें। पौधरोपण करने से पर्यावरण व जल संरक्षण व संवर्धन होगा।
इस अवसर पर विधायक गोटेगांव श्री महेन्द्र नागेश, जबलपुर के दक्षिण पश्चिम विधायक श्री भगवानदास सबनानी, पूर्व राज्य मंत्री श्री जालम सिंह पटेल, सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार, एसडीएम श्रीमती कलावती व्यारे, सीईओ जनपद, ग्राम पंचायत सरपंच, जन अभियान परिषद सांईखेड़ा के समन्वयक श्री राममोहन रघुवंशी, परिषद की नवांकुर संस्था, ब्रह्मर्षि वशिष्ट शिक्षण, प्रशिक्षण एवं सेवा समिति, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति डोंगरगांव, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कीरखेड़ा, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति पलोहबड़ा, सोकलपुर के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पौधरोपण किया।
केन्द्रीय जेल नरसिंहपुर में हुआ "परिवर्तन- प्रिजन टू प्राइड अभियान" के तहत कार्यक्रम
नरसिंहपुर। केन्द्रीय जेल नरसिंहपुर में परिरूत्र बंदियों में छिपी हुई सृजनशीलता, सकारात्मक सोच, अनुशासन, खेल भावना एवं अच्छे स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड मप्र भोपाल द्वारा परिवर्तन- प्रिजन टू प्राइड पहले के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड मप्र भोपाल के मुख्य प्रबंधक श्रीकांत माधव विद्या और सदस्य श्री प्रशांत सिंह, श्री आलोक जैन श्री शुभम पांडेय द्वारा कार्यक्रम में खेल सामग्री प्रदाय की गई।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड भोपाल द्वारा बंदियों के मध्य सदभावनापूर्ण वातावरण बनाये रखने के उद्देश्य से जेल में निरूद्ध बंदियों के बीच कैरम, शतरंज, बॉलीबाल, एवं बैडमिंटन खेल प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। नामांकित बंदियों को बाहरी कोच द्वारा खेल प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में श्री प्रशांत सिंह ने कहा कि खेल शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक विकास एवं नवीन ऊर्जा उत्सर्जन के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। आयोजन में उपस्थित जेल अधीक्षक श्री अजमेर सिंह ठाकुर ने आभार प्रदर्शन किया। इस दौरान उप जेल अधीक्षक श्री महेश प्रसाद टिकारिया, सहायक जेल अधीक्षक श्री एडवर्ड स्वामी, श्री आशीष खरे सहित सुरक्षा स्टॉफ मौजूद था।
जिले के सभी शालाओं में परंपरागत रूप से मनाया गया गुरु पूर्णिमा उत्सव
नरसिंहपुर।गुरू पूर्णिमा के अवसर पर जिले की समस्त शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले में गुरू पूर्णिमा के अवसर पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किये गये।
गुरू पूर्णिमा के प्रथम दिवस पर प्रार्थना सभा के पश्चात शिक्षकों द्वारा गुरू पूर्णिमा के महत्व एवं पारंपरिक गुरू- शिष्य संस्कृति विषय पर चर्चा की। प्राचीन काल में प्रचलित गुरूकुल व्यवस्था एवं उसका भारतीय संस्कृति में प्रभाव पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। द्वितीय दिवस में गुरू पूर्णिमा पर्व पर विद्यालयों में वीणा वादिनी मां सरस्वती वंदना, गुरू वंदना एवं दीप प्रज्जवलन व माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किये गये। कार्यक्रम में साधु- संतों, गुरूजनों, शिक्षकों व सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी आमंत्रित किया गया।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत गुरु पूर्णिमा के वसर पर ग्राम बगलई ऊजर में हुआ वृहद पौधारोपण कार्यक्रम
111 पौधों का हुआ रोपण
नरसिंहपुर। एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जिले की ग्राम पंचायत बगलई ऊजर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 111 पौधे रोपे गये। इनमें आम, अशोक, नीम, सहजन एवं जामुन के पौधे शामिल हैं।
यह पौधरोपण मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री जय नारायण शर्मा और विकासखंड समन्वयक प्रतीक दुबे के निर्देशन में नवांकुर संस्था नई पहल फाउंडेशन के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति से एक पौधा लगाने और उसका संरक्षण करने की अपील की गई है।
एक पेड़ मां के नाम अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में फलदार, छायादार और शोभादार पौधों का रोपण किया गया। इंजी. देवदत्त पचौरी ने पौधों के महत्व और उनके जीवन में योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पौधे न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि भूमि क्षरण को रोकने, जलवायु को नियंत्रित करने और जैव विविधता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नई पहल फाउंडेशन के सचिव श्री गनेश प्रजापति ने अपनी स्वरचित पंक्तियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री हाकम सिंह चढ़ार, विकासखंड समन्वयक श्री प्रतीक दुबे, समाज सेवी श्री सीताराम पटेल, नवांकुर संस्था, राष्ट्रीय सेवा योजना मुक्त इकाई, अन्य समाज सेवी और ग्रामीणजन मौजूद थे।
Tags :