: नरसिंहपुर,कलेक्टर ने बर्ड फ्लू को लेकर पोल्ट्री फार्म संचालकों की ली बैठक,सभी जरूरी एहतियात बरतने के दिये निर्देश
कलेक्टर ने बर्ड फ्लू को लेकर पोल्ट्री फार्म संचालकों की ली बैठक,सभी जरूरी एहतियात बरतने के दिये निर्देश
नरसिंहपुर। कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में एसडीएम सभाकक्ष गाडरवारा में बर्ड फ्लू को लेकर पोल्ट्री फार्म संचालक तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उप संचालक पशु चिकित्सा एवं सेवायें डॉ. मोहम्मद असगर ने बताया गया कि जिले में अभी तक बर्ड फ्लू का कोई भी मामला सामने नहीं आया है।
कलेक्टर श्रीमती पटले ने कहा कि फिर भी जिले के कुक्कुट पालकों व व्यवसायियों द्वारा बर्ड फ्लू रोग से बचाव एवं रोकथाम के लिए पोल्ट्री फार्मों में पर्याप्त साफ- सफाई बरतना आवश्यक है। कुक्कुट पालकों से कहा कि मुर्गियों में बीमारी की सूचना मिलने पर तत्काल जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग को दें। कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि अमला मुर्गियों, कौओं, प्रवासी पक्षियों आदि में असामान्य मृत्यु व बीमारी की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल सैंपल लिया जाने की कार्यवाही करें। उन्होंने पोल्ट्री एवं पोल्ट्री उत्पाद बाजार पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिये। साथ ही नमूने एकत्र कर जांच के लिए लैब भेजने को कहा।
बर्ड फ्लू से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी
बैठक में उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें डॉ. असगर खान ने मुर्गे- मुर्गियों की बीमरियों से बचाव के लिए और बर्ड फ्लू- एवियन इंफ्लूऐंजा से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मुर्गे- मुर्गियों की बीमारियों से बचाव के लिए दूरी बनाये रखने, साफ- सफाई रखने, पोल्टी फार्म में बीमारियों को प्रवेश करने से रोकने, पोल्ट्री फार्म से उपकरण उधार न लेने, संकेतों को जानने, बीमारी की सूचना और बर्ड फ्लू- एवियन इंफ्लूऐंजा से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी है।
उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें डॉ. खान ने बताया कि पक्षियों को बर्ड फ्लू एवं अन्य कई बीमारियां हो सकती हैं। ये बीमारियां एक पक्षी से दूसरे पक्षी में व दूषित पानी से अथवा प्रभावित पक्षी के मल-मूत्र पंखों आदि के जरिये पूरे झुंड को तेजी से प्रभावित कर सकती हैं। उन्होंने इसके बचाव के लिए विभिन्न तरीके अपनाने की अपील की है। पक्षियों को बाड़े में बंद रखिये, केवल पोल्ट्री फार्म की देखभाल करने वालों को ही पक्षियों के पास जाना चाहिये। अनावश्यक लोगों को बाड़े में प्रवेश नहीं करने दें और मुर्गे- मुर्गी को दूसरे पक्षियों/ पशुओं से नहीं मिलने दें। पक्षियों के बाड़ों को साफ- सुथरा रखें और पक्षियों का भोजन और पानी रोजाना बदलें। पोल्ट्री फार्म/ बाड़े को नियमित रूप से संक्रमण मुक्त करते रहें। उन्होंने बताया कि अपने आपको और बाजार से या अन्य फार्मों में अन्य पक्षियों के सम्पर्क में आने वाली हर चीज की साफ- सफाई रखें। नये पक्षी को कम से कम 30 दिन तक स्वस्थ पक्षियों से दूर रखें। बीमारी को फैलने से रोकने या बचाव के लिए पोल्ट्री के सम्पर्क में आने से पहले और बाद में अपने हाथ, कपड़ों और जूतों को धोयें तथा संक्रमण मुक्त करें। यदि आप अन्य फार्मों से उपकरणों, औजारों या पोल्ट्री को उधार लेते हैं, तो अपने स्वस्थ पक्षियों के सम्पर्क में आने से पहले भली-भांति उनकी सफाई करें और संक्रमण मुक्त करें। पक्षियों पर नजर रखें। यदि अधिक पक्षी मर रहे हैं, आंखों, गर्दन और सिर के आसपास सूजन है, रिसाव हो रहा है, पंखों कलगी या टांगों का रंग बदल रहा है और पक्षी अंडे कम देने लगे हैं, तो सब खतरे के संकेत हैं। पक्षियों में अचानक कमजोरी व पंख गिरने और हरकत कम होने पर नजर रखें। पक्षियों में असामान्य बीमारी अथवा मौत की सूचना तुरंत नजदीकी पशु उपचार केन्द्र को दें।
आवश्यक सावधानियां
बीमार मुर्गियों के सीधे सम्पर्क में न आयें। दस्ताने या किसी भी अन्य सुरक्षा साधन का इस्तेमाल करें। बीमार पक्षियों के पंख, श्लेषमा- म्यूकस और बीट को न छुयें। छुये जाने की स्थिति में साबुन से तुरंत अच्छे तरीके से अपने हाथों को धोयें। मुर्गियों को बाड़े में रखें। बीमारी अथवा मरे हुए पक्षियों की सूचना तुरंत पशु पालन विभाग की निकटतम संस्था को दें। बर्ड फ्लू रोग के संबंध में अनावश्यक भ्रांतियों व अफवाहों से सावधान रहें, जिससे जनसमुदाय में भय व्याप्त न हो।
बैठक में एसडीएम गाडरवारा श्रीमती कलावती व्यारे, पशु पालन विभाग के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद थे।
Tags :