: हर घर जल उपलब्ध कराना इतिहास रचने के समान - मुख्यमंत्री श्री चौहान
Thu, Oct 13, 2022
पानी की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए पूर्ण समर्पण, कर्त्तव्य परायणता और सकारात्मक भाव से कार्य करें अधिकारी-कर्मचारी,जल योजनाओं के रख-रखाव की जिम्मेदारी लेने में जनता भी आगे आए,पानी पर होगी विशेष ग्राम सभा,जल दर्पण एप और नल-जल योजनाओं के संचालन एवं संधारण की मार्गदर्शिका का हुआ विमोचन,मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जल जीवन मिशन की राज्य स्तरीय कार्यशाला को किया संबोधित
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भाग्यशाली लोगों को ही इतिहास रचने का अवसर मिलता है। प्यासे की प्यास बुझाना सबसे अधिक पवित्र और पुण्य का कार्य माना गया है। जल जीवन मिशन से जुड़े लोगों को प्रदेश के गाँवों में हर घर में नल से जल उपलब्ध कराने का मौका मिला है। यह इतिहास रचने का अवसर है। अधिकारी-कर्मचारी इस कार्य को अपनी नौकरी पूरी करने तक सीमित न रखें। अपितु लोगों का जीवन बदलने के इस कार्य से भावनात्मक रूप से जुड़ते हुए पूरी प्रतिबद्धता, कर्त्तव्य परायणता और समर्पण के साथ सकारात्मक भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। वर्तमान से लेकर वर्ष 2024 तक का आपका योगदान प्रदेश के असंख्य परिवारों का जीवन बदल देगा, आप डट कर काम करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जल से संबंधित गतिविधियों पर विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम प्रोत्साहन और पुरस्कृत करने में पीछे नहीं रहेंगे। हमें मध्य प्रदेश को हर क्षेत्र में नंबर वन बनाना है। हम सब का प्रयास यह हो कि प्रदेश का हर जिला अवार्ड लेने दिल्ली जाए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रदेश में ग्रामीण परिवारों को हर घर नल से जल उपलब्ध कराने के लिए जारी जल जीवन मिशन और जल-संरचनाओं के निर्माण में लगे अधिकारी-कर्मचारियों की कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर भोपाल में हुई राज्य स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जल-प्रदाय योजनाओं का निर्माण मिशन गाइडलाईन के अनुरूप और गुणवत्ता पूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने से संबंधित विषयों पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और जल निगम के अधिकारी-कर्मचारियों से संवाद कर उन्हें मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री श्री बृजेंद्र सिंह यादव, अपर मुख्य सचिव श्री मलय श्रीवास्तव सहित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मध्यप्रदेश गान के बाद मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जल जीवन मिशन के सोशल ऑडिट के लिए तैयार किए गए जल दर्पण मोबाइल एप का सिंगल क्लिक से विमोचन किया। इस एप पर मिशन में किए गए कार्यों की जानकारी और जियो टैग फोटोग्राफ उपलब्ध रहेंगे। घर-घर जाकर सर्वेक्षण के माध्यम से जानकारी एप पर संकलित की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नल-जल योजनाओं के संचालन और संधारण की मार्गदर्शिका का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विभाग के उत्कृष्ट अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। कार्यशाला से पहले मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जल जीवन मिशन की गतिविधियों पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के अधिकारी-कर्मचारी तथा ठेकेदारों ने वर्चुअली सहभागिता की।
मुख्यमंत्री श्री चौहान को कलेक्टर बुरहानपुर श्री प्रवीण सिंह ने जिले को देश में प्रथम
“हर घर-जल प्रामाणित जिला”
होने का गौरव प्राप्त होने पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किए गए प्रमाण-पत्र का अवलोकन कराया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नल-जल योजनाओं की प्रशासकीय स्वीकृतियों सहित प्रदेश में मिशन को गति प्रदान करते हुए शासन स्तर पर उत्कृष्ट सेवाएँ देने के लिए उप सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री राजेश शाक्यवार को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री श्री बृजेंद्र सिंह यादव तथा अपर मुख्य सचिव श्री मलय श्रीवास्तव ने जल जीवन मिशन की गतिविधियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को तनावमुक्त होकर कार्यक्रम में सम्मिलित होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सबकी मानवीय गरिमा एक समान होती है। हम सब मिल कर एक महत्वपूर्ण योजना को पूर्ण करने की ओर अग्रसर हो रहे हैं। मानव जीवन के लिए हवा और ऑक्सीजन के बाद पानी ही सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। पहले पानी की व्यवस्था करने में लोगों का आधा जीवन चला जाता था। हम सब, घर-घर सुगम पानी की व्यवस्था करने के महत्वपूर्ण कार्य में लगे हैं। प्रदेश में वर्ष 2012 में जल निगम बना। सिंचाई और उद्योगों के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था के साथ ही समग्र जल योजनाओं के क्रियान्वयन का विचार आरंभ हुआ। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा वर्ष 2019 में जल जीवन मिशन की घोषणा के साथ ही हर घर में नल से जल उपलब्ध कराने की दिशा में क्रांति आ गई। मिशन में 50 प्रतिशत योगदान भारत सरकार का और 50 प्रतिशत राज्य सरकार का है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने हर घर जल पहुँचाने के लिए वर्ष 2024 की समय-सीमा रखी है। मिशन में 52 हजार करोड़ की व्यवस्था, कार्य कराने के लिए दक्ष मानव संसाधन की व्यवस्था और ठेकेदारों को लाइन अप करना एक चुनौती था। कई समस्याओं के होते हुए भी कार्य को पूर्ण मिशन भावना से लिया गया। सबके सहयोग से इस दिशा में प्रदेश में उल्लेखनीय प्रगति हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम 13 लाख से बढ़ कर अब 53 लाख 38 हजार 848 घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध करा चुके हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि घर में नल से जल पहुँचाना, जल सुविधा प्रदान करने के साथ बीमारी से बचाने का माध्यम भी बनता है। मिशन से संबंधित गतिविधियों के क्रियान्वयन में जन-प्रतिनिधियों और जनता को साथ लेकर जन-भागीदारी के साथ गतिविधियाँ संचालित की जाए। जन अभियान परिषद को भी इन गतिविधियों से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मिशन की गतिविधियों में अग्रिम रूप से विस्तृत नियोजन आवश्यक है। साथ ही खोदी गई सड़कों का त्वरित रेस्टोरेशन, घर में लगे कनेक्शन में पानी की बर्बादी को रोकने टोंटी लगाना जरूरी है। काम की गुणवत्ता पर किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाए। जहाँ पानी के स्त्रोत नहीं हैं वहाँ पाइप लाइन नहीं बिछाई जाए। एकल नल-जल योजनाओं में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। जो भी योजनाएँ पूर्ण हो रही हैं वहाँ सभी ग्रामवासियों को इकट्ठा कर योजनाओं का लोकार्पण किया जाए। योजनाओं के रख-रखाव में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। सभी कार्य सरकार नहीं कर सकती। नल-जल योजनाओं की साफ-सफाई और उनके रख-रखाव की जिम्मेदारी जनता को लेनी होगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अधिकारी-कर्मचारियों को ग्रामीण क्षेत्र में जारी गतिविधियों का निरीक्षण, प्रगति और गुणवत्ता देखने के लिए निरंतर दौरा करने, जन-सामान्य से मृदु व्यवहार रखने, जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और धैर्यपूर्वक समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संयुक्त संचालक वित्त श्री अमृतलाल अहिरवार, अधीक्षण यंत्री श्री अनुराग श्रीवास्तव तथा श्री आलोक अग्रवाल, कार्यपालन यंत्री श्री पंकज विजयवर्गीय, सहायक यंत्री श्री मुकेश खरे, सहायक नोडल अधिकारी श्री शिव मोहन सोनी, बुरहानपुर के कार्यपालन यंत्री श्री प्रताप सिंह बुंदेला सहित नेपानगर, बालाघाट, इन्दौर, खरगोन, धार, बैतूल, उज्जैन और सीहोर के अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किये।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री श्री ब्रजेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि मिशन के कार्य मुख्यमंत्री श्री चौहान की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल हैं। अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री मलय श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को स्मृति-चिन्ह भेंट किया। प्रमुख अभियंता श्री के.के. सोनगरिया ने आभार माना।
: ट्रॉपमेट-2022 की मेजबानी में आवश्यक सहयोग करेंगे : मंत्री श्री पटेल
Thu, Oct 13, 2022
आईएमएसबी के प्रतिनिधि-मण्डल ने की मुलाकात
किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल ने बताया है कि ट्रॉपिकल मेट्रोलॉजी (ट्रॉपमेट) 2022 की मेजबानी का अवसर मध्यप्रदेश को मिला है। हम इसमें आवश्यक सहयोग कर पूरी सहभागिता करेंगे। गुरूवार को इण्डियन मेट्रोलॉजिकल सोसायटी भोपाल (आईएमएसबी) के प्रतिनिधि-मण्डल ने कृषि मंत्री से भेंट कर आयोजन संबंधी चर्चा की।कृषि मंत्री श्री पटेल ने बताया है कि ट्रॉपमेट-2022 में मध्यप्रदेश के कृषि एवं पर्यावरण मौसम की भविष्यवाणी तथा आने वाली मौसमी घटनाओं और चुनौतियों पर विशेष चर्चा होगी। इससे किसानों और जनता को निश्चित रूप से लाभ होगा। चर्चा और शोध के परिणामों से कृषि के क्षेत्र में अधिकाधिक लाभ होने की उम्मीद है।मौसम विज्ञान विभाग भोपाल के प्रमुख डॉ. आर. बाला सुब्रमणियन ने बताया कि मध्यप्रदेश में मौसम विज्ञान विभाग, आयसर (IISER) और आईएमएसबी द्वारा भोपाल में आगामी 29 नवम्बर से 2 दिसम्बर तक ट्रॉपमेट-2022 होगा। उन्होंने बताया है कि इसमें देश के 400 से अधिक मौसम वैज्ञानिक, कृषि मौसम वैज्ञानिक, पर्यावरणविद और शोधार्थी शामिल होंगे।प्रतिनिधि-मण्डल में डॉ. बाला सुब्रमणियन के साथ आयसर के प्रो. पंकज कुमार और मौसम विशेषज्ञ डॉ. जी.डी. मिश्रा शामिल थे। पूर्व मंत्री डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया भी मौजूद थे।
: ग्वालियर-चम्बल अंचल के विकास में जुड़ेंगे महत्वपूर्ण आयाम-मुख्यमंत्री श्री चौहान
Thu, Oct 13, 2022
केन्द्रीय गृह मंत्री के ग्वालियर कार्यक्रमों की तैयारियों की हुई समीक्षा
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 16 अक्टूबर को ग्वालियर-चम्बल अंचल के विकास में महत्वपूर्ण आयाम जुड़ने जा रहा है। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन, लोकार्पण और हितग्राहियों को लाभान्वित करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समस्त कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से संपन्न करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएँ।
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा केन्द्रीय गृह मंत्री के 16 अक्टूबर के कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी ले रहे थे। केंद्रीय कृषि और किसान-कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित मध्यप्रदेश के मंत्रीगण वर्चुअली जुड़े। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह कार्यक्रम भव्य और ऐतिहासिक होंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पूर्व में भी ग्वालियर और चम्बल संभाग के कमिश्नर तथा दोनों संभाग के जिलों के कलेक्टर्स से तैयारियों पर चर्चा हुई है। आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। कार्यक्रमों में आमजन की उपस्थिति और जन-प्रतिनिधियों की भूमिका पर चर्चा हो चुकी है। सभी जरूरी व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। यही प्रयास होना चाहिए कि व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अतिथियों के आगमन पर उनके स्वागत, जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति, आमजन को ससम्मान आमंत्रित करने, प्रत्येक आमंत्रित के लिए बैठक व्यवस्था, उपलब्धियों पर केन्द्रित चित्र प्रदर्शनी, उदघोषणा, सोशल मीडिया द्वारा प्रचार, हितग्राहियों के लिए आवश्यक प्रबंध, जिला, जनपद और नगरीय निकाय स्तर पर कंट्रोल रूम व्यवस्था, कार्यक्रमों के लोकार्पण-शिलान्यास की डिजिटल व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए।
केन्द्रीय मंत्रियों ने रखे विचार
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने केन्द्रीय मंत्रियों से भी वीडियो कॉन्फ्रेंस में चर्चा की। केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री श्री तोमर ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री का आगमन ग्वालियर अंचल में अनेक सौगातें लेकर आएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विस्तार से निर्देश देकर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करवाई है। आम जनता के लिए यह कार्यक्रम यादगार होंगे। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर हवाई अड्डे के नवीन टर्मिनल भवन के भूमि-पूजन सहित अन्य कार्यक्रमों के लिये स्थानीय प्रशासन समन्वय से कार्य कर रहा है। निश्चित ही कार्यक्रम बेहतर और व्यवस्थित होंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंस में म.प्र. के राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण (स्वतंत्र प्रभार), नर्मदा घाटी राज्य मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह भी जुड़े।
कार्यक्रमों की रूपरेखा
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीडियो कांफ्रेंस से केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह के 16 अक्टूबर के ग्वालियर में हो रहे सभी कार्यक्रमों की तैयारियों के बारे में प्रशासनिक अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। निर्धारित कार्यक्रमों में दोपहर बाद ग्वालियर एयरपोर्ट के नये टर्मिनल भवन का शिलान्यास, रेसकोर्स रोड स्थित मेला ग्राउंड पर जन सभा, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी और ग्रामीण दोनों) के हितग्राहियों के गृह प्रवेश और नल-जल योजनाओं के शिलान्यास के कार्यक्रम शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह ग्वालियर के कार्यक्रम के पहले भोपाल में लाल परेड ग्राउंड में चिकित्सा शिक्षा के हिन्दी पाठ्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।