: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व हुआ बाघों की वंशावृद्धि का केन्द्र
Mon, May 9, 2022
बाघिन तारा ने दिया 4 शावकों को जन्म
बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व अपनी सघनता और सहजता से बाघ दर्शन के लिए विश्व प्रसिद्ध है। यहाँ की 'बाघिन तारा' पर्यटकों के लिए आँख का तारा बनी हुई है। हाल ही में बाघिन 'तारा' ने 4 शावकों को जन्म दिया है। 'तारा' बाघिन अपने 4 नवजात शावकों के साथ अठखेलियाँ करती पर्यटकों आकर्षण का केन्द्र बन चुकी है। इसने रिजर्व क्षेत्र के खितौली गेट के पास डमडमा नाले और उसके आस-पास अपनी टेरिटरी बना रखी है। 'तारा' ने पहले 3 शावकों को जन्म दिया था, जिन्हें बाघ ने मार दिया था।
बाघिनों ने अपने-अपने समय पर बाँधवगढ़ को बाघों के गढ़ के रूप में दुनिया भर में प्रसिद्धि दिलाई है। बाँधवगढ़ की स्थापना से लेकर अब तक बाघिन सीता, पुरानी चक्रधरा, झोरझरा, लंगड़ी, कनकटी, पटिहा, राजबहेरा, सोलो के बाद जूनियर कनकटी और अब 'तारा' बाघिन ने प्रसिद्धि की ऊँचाइयों को स्पर्श किया है। 'तारा' बाघिन पुरानी डमडमा की संतान है। लम्बी-चौड़ी कद-काठी और यूज-टू स्वभाव होने से 'तारा' की ओर पर्यटक बरबस ही खिंचे चले आते हैं।
मध्यप्रदेश को टाइगर स्टेट का दर्जा दिलाने में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की बाघिनों द्वारा की गई वंशावृद्धि का विशेष योगदान है। बांधवगढ़ में बाघों के प्रजनन, रहवास और भोजन के मामले में सबसे बेस्ट हैबिटेट मौजूद है। इसी वजह से बाघों की सबसे घनी आबादी यहीं देखी जा सकती है।
: नरसिंहपुर,नगर गौरव दिवस के भव्य आयोजन के लिए अधिकारियों को सौंपे दायित्व,कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा
Mon, May 9, 2022
12 से 14 मई तक होंगे नगर गौरव दिवस के तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम
नगर गौरव दिवस के भव्य आयोजन के लिए अधिकारियों को सौंपे दायित्व,
कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा
नरसिंहपुर
, 09 मई 2022.
14 मई को भगवान नरसिंह की जयंती के उपलक्ष्य में नरसिंहपुर में 12 से 14 मई तक नगर गौरव दिवस के तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम होंगे। इसके लिए कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने बैठक लेकर नगर गौरव दिवस की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को दायित्व सौंपे। कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी नगर गौरव दिवस के आयोजन को पवित्र अनुष्ठान मानकर पूरे समर्पण भाव से इसमें सहभागी एवं सहयोगी बनें और सौंपे गये दायित्वों का समय सीमा में तत्परता से निर्वहन करें। नगर गौरव दिवस के आयोजन की व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं रहना चाहिये। इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिये। कलेक्टर ने सभी कार्यक्रमों को उत्सव के माहौल में आयोजित करने और अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, एसडीएम श्री राजेश शाह, अन्य जिला अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में श्री नरसिंह जयंती पर नगर गौरव दिवस के उपलक्ष्य में नरसिंहपुर में 12 से 14 मई तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कार्यक्रमों की तैयारियों की कलेक्टर द्वारा बिंदुवार समीक्षा कलेक्ट्रेट नरसिंह भवन के सभाकक्ष में की गई। बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
12 मई को नरसिंहपुर में होगी मिनी मैराथन दौड़
बैठक में बताया गया कि 12 मई को नगर की सभी रामधुन मंडलियों की सामूहिक रामधुन प्रभात फेरी निकाली जायेगी और सम्मान समारोह होगा। नगर में मिनी मैराथन का आयोजन किया जायेगा। विभिन्न प्रदर्शनी, हाट बाजार, कैरम- लूडो चौपड़ आदि पारंपरिक खेल होंगे। नरसिंह तालाब परिसर में पतंग उड़ाने का कार्यक्रम होगा। नगर में शाम को लोग घरों में एवं प्रमुख तिराहों व चौराहों पर दीप प्रज्जवलन करेंगे और रंगोली सजाई जायेगी।
13 मई को निकलेगी साईकिल व बाइक रैली
13 मई को नगर की सभी रामधुन मंडलियों द्वारा सामूहिक रामधुन प्रभात फेरी निकाली जायेगी। इसके बाद साईकिल रैली निकाली जायेगी। विभिन्न प्रदर्शनी, हाट बाजार, कैरम, लूडो, चौपड़ आदि पारंपरिक खेल होंगे। हेलमेट पहनकर दो- दो की कतार में बाइक रैली निकाली जायेगी। नगर में लोग शाम को घरों में और प्रमुख चौराहों पर दीप प्रज्जवलन करेंगे व रांगोली सजाई जायेगी। कवि सम्मेलन, नाट्य मंचन व लोकल गीत गायन के कार्यक्रम होंगे।
14 मई को भगवान नरसिंह का अभिषेक होगा, निकाली जायेगी रथ व कलश यात्रा
सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
14 मई को नगर की सभी रामधुन मंडलियों द्वारा सामूहिक रामधुन प्रभात फेरी निकाली जायेगी। सुबह 7 बजे से नरसिंह मंदिर के गर्भ गृह में भगवान नरसिंह का अभिषेक, पूजन एवं मंदिर के बाहर भजन- संकीर्तन और स्वस्ति वाचन किया जायेगा। विभिन्न प्रदर्शनी, हाट बाजार, कैरम, लूडो, चौपड़ आदि पारंपरिक खेल होंगे। दोपहर एक बजे भंडारा होगा। रंगोली सजाई जायेगी। रथ एवं कलश यात्रा निकाली जायेगी। नगर के सभी घरों एवं प्रमुख तिराहों व चौराहों पर शाम को दीप प्रज्जवलन किया जायेगा। इस दिन शाम 7 बजे महाआरती होगी, इसका एलईडी से सीधा प्रसारण होगा और रात्रि 8 बजे प्रसाद वितरण किया जायेगा। इसके बाद रात्रि 8.30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
अधिकारियों को सौंपे दायित्व
बैठक में निर्देशित किया गया कि नगर गौरव दिवस के कार्यक्रम के अंतर्गत रामधुन में बच्चों एवं किसानों को भी जोड़ा जाये। लाउड स्पीकर लगाकर रामधुन सम्पूर्ण नगर में भ्रमण करें। इसका दायित्व उप संचालक कृषि, महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक एवं जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया। पूरे शहर में झंडियां लगाने का दायित्व पीएचई विभाग को दिया गया। मैराथन दौड़ में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को स्टीकर लगाकर नम्बर दिया जावे। मैराथन दौड़ विभिन्न आयु वर्ग में आयोजित की जावे। इसमें 18 वर्ष से कम उम्र, 18 से 40 वर्ष, 40 से 60 वर्ष और 60 वर्ष से अधिक आयु के समूह में मैराथन दौड़ आयोजित की जायें। मैराथन दौड़ के रास्ते में चाय- नाश्ता, ग्लूकोज, केला आदि की व्यवस्था सीएमओ करें। प्रदर्शनी के लिए विभिन्न मेला समितियों से सम्पर्क कर बड़े झूले जैसे मनोरंजन के साधन बुलवाये जायें। प्रदर्शनी के साथ हाट बाजार की व्यवस्था भी की जावे। इसका दायित्व प्रभारी अधिकारी डूडा/ सीएमओ गोटेगांव को सौंपा गया। स्वच्छता अभियान के सभी नोडल अधिकारी संबंधित वार्डों के सभी घरों में लाइट लगवाना और दीपक जलवाना सुनिश्चित करें। नरसिंह तालाब में थर्माकोल का मंदिर बनाकर एलईडी लाइट की व्यवस्था करने का दायित्व परियोजना अधिकारी मनरेगा को दिया गया। शहर के सभी खंबों पर नगर दिवस लिखे हुए फ्लैक्स लगवाने का कार्य सीएमओ नरसिंहपुर करेंगे।
नगर गौरव दिवस के कार्यक्रमों के सुचारू आयोजन के लिए कलेक्टर ने दिये अधिकारियों को निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने नगर गौरव दिवस के कार्यक्रमों के दौरान आयोजित होने वाले चैस, कैरम, चौपड़, लूडो आदि की प्रतियोगिताओं के लिए स्थल चयन करने एवं प्रतिभागियों के लिए आवश्यक व्यवस्थायें करने के निर्देश दिये। बैठक में पतंग उत्सव के सुचारू आयोजन के लिए जिला परियोजना समन्वयक ग्रामीण आजीविका मिशन को दायित्व सौंपा गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के व्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन के लिए जन अभियान परिषद, डीपीओ, खनिज अधिकारी एवं आरटीओ को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने 13 मई को आयोजित होने वाली साईकिल रैली में जिला मुख्यालय के सभी अधिकारी- कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। इसी तरह बाईक रैली में सभी की सहभागिता के लिए निर्देशित किया गया। उन्होंने 12 से 14 मई तक सभी शासकीय कार्यालयों एवं शासकीय भवनों/ आवासों में लाइटिंग की व्यवस्था के निर्देश दिये। 12 एवं 13 मई को प्रमुख तिराहों एवं चौराहों पर दीप प्रज्जवलन करने और 14 मई को सभी घरों के बाहर दीपक जलाने के लिए लोगों को प्रेरित करने की बात कही गई।
इसी तरह 14 मई को प्रभात फेरी, अभिषेक एवं स्वस्ति वाचन, भंडारा और रथ यात्रा के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये। रथ यात्रा का रूट निर्धारित करने और कार्यक्रम में सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कलेक्टर ने श्री नरसिंह जयंती पर नगर में वंदनवार, तोरण द्वार एवं विभिन्न स्थानों पर प्रवेश द्वार की अच्छी सजावट करने के लिए निर्देशित किया। प्रवेश द्वारों पर दोनों तरफ नगर गौरव दिवस के बैनर लगाने के लिए कहा गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों की भागीदारी पर भी जोर दिया गया। बैठक में कार्यक्रम स्थल एवं अन्य स्थानों पर प्राथमिक उपचार व एम्बुलेंस की व्यवस्था करने के लिए सीएमएचओ को निर्देशित किया गया।
: गाडरवारा ,पूर्व छात्रो ने किया सम्मान
Mon, May 9, 2022
पूर्व छात्रो ने किया सम्मानगाडरवारा। गत दिवस स्थानीय शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बीटीआई) मे 1979 बैच के पूर्व छात्रों ने उस समय उन्हें शिक्षा देने वाले गुरुजनों एवं स्कूल के वर्तमान शिक्षको को सम्मानित करते हुए 1979 की यादों एवं अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर 1982 बैच के छात्रो को भी सम्मानित करते हुए विद्यालय हित मे उनके द्वारा कराये गए कार्यों को भी सभी ने सराहा। इस अवसर पर सर्वप्रथम सभी ने शाला परिसर में पौधे लगाए तदोपरांत विद्यालय हॉल में आयोजित कार्यक्रम में सभी का स्वागत प्राचार्य जयमोहन शर्मा सहित विद्यालय् के शिक्षको ने फूल माला पहनाकर किया । इस अवसर पर प्राचार्य जयमोहन शर्मा ने स्वागत भाषण में पूर्व छात्रो द्वारा विद्यालय को समय देने पर प्रसन्नता जाहिर की। कार्यक्रम में भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं बीटीआई के पूर्व छात्र भरत जैन ने कार्यक्रम में कहा कि हम लोगों के जीवन की सफलता में बीटीआई स्कूल से मिली अच्छी शिक्षा का बड़ा योगदान है। हम सभी ने तय किया कि जिस स्कूल से हम सभी पढ़े है उस स्कूल के लिए भी हम कुछ कर सकें तो ये हमारे जीवन की बड़ी उपलब्धि होगी। भोपाल में मैनिट के डायरेक्टर एवं पूर्व छात्र नरेंद्र सिंह रघुवंशी ने उस समय स्कूल से मिला अच्छा ज्ञान आज हम लोगो के काम आ रहा है। उस समय स्कूल जीवन की यादें हम लोगो को भावुक कर देती है। कार्यक्रम में 1979 बेच के पूर्व छात्र गोपाल गुप्ता, डॉ सुशील वर्मा, आशीष जैन, सुरेन्द्र कोरी,लेखराम पटैल, शशिभूषण श्रीवास्तव,रजनीश जैन, श्रीकांत ब्रिजपुरिया,प्रमोद चौकसे, बद्री साहू एवं 1982 बैच के राजेंश कौरव, कृपाल पटैल, रजनीश गुप्ता, नरेंद्र सोनी, मनोज वशा , अजीत पटैल, राधारमण राय एवं प्रसन्न खत्री ने भी अपने संस्मरण साझा किए। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक मलखान सिंह मेहरा ने विद्यालय की गतिविधियों से अवगत कराया। इस अवसर पर 1979 के पूर्व छात्रो ने विद्यालय के विकास के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में मंच संचालन विद्यालय की शिक्षिका अर्पणा ब्राउन एवं आभार मनोज वशा ने किया। इस अवसर पर रिटायर्ड शिक्षक वी पी रघुवंशी, आर के मेहता विद्यालय से विनय शंकर शर्मा, के के राजोरिया,मनमोहन शर्मा, अनुज जैन, प्रमोद राय, शिल्पी गुप्ता, सुनीता शर्मा,गोल्हानी मेम सहित मधुसूदन पटैल, डी एस साहू एवं छात्र उपस्थित रहे।