: गाडरवारा,बिरसा मुंडा का अहम योगदान : जोशी
Mon, Nov 15, 2021
गाडरवारा । भारत की आजादी में वनवासी समाज का महत्वपूर्ण योगदान है उन्हीं में से एक बिरसा मुंडा सनातन संस्कृति के महान योद्धा थे जिन्होंने जनजाति समाज के गौरव को आगे बढ़ाने का काम किया और कभी भी अंग्रेजों की दासता स्वीकार नहीं की आज भी बिरसा मुंडा को बिहार, उड़ीसा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के आदिवासी इलाकों में भगवान की तरह पूजा जाता है।
उक्त विचार वनबंधु परिषद एकल अभियान के तत्वाधान में सरस्वती स्कूल में आयोजित बिरसा मुंडा जयंती कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वसंत जोशी ने व्यक्त किए। कार्यक्रम का प्रारंभ बिरसा मुंडा और भारत माता पूजन के साथ प्रारंभ हुआ कार्यक्रम में श्री सुनील राय ने बिरसा मुंडा के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया अंग्रेजों से लड़ते हुए रांची कारागार में आपने अंतिम सांस ली परंतु कभी भी अंग्रेजों के सामने झुके नहीं। कार्यक्रम का संचालन परमानंद जी डेहरिया ने किया आभार श्रीमती बसंती पालीवाल ने किया इस अवसर पर पूर्व शिक्षक श्री परमानंद जी धुर्वे का सम्मान भी किया गया। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ कार्यक्रम में हनी राजपूत, ममता पांडे, पूजा तिवारी, मालती गुर्जर, शिवा त्रिवेदी, सुषमा साहू, चंद्रभान कुशवाहा ओमप्रकाश कीर, हेमंत राजपूत विपिन श्रीवास्तव आदि के साथ एकल अभियान के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
: गाडरवारा,प्रयोगशाला का भ्रमण कर छात्र लेंगे ज्ञान
Mon, Nov 15, 2021
गाडरवारा। अब सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को क्षेत्र की चीचली एवं साईंखेड़ा विकासखण्ड की शासकीय शालाओं के 11 एवं 12 वी के छात्र छात्राएँ स्थानोय बीटीआई स्कूल की प्रयोगशाला का भ्रमण कर नए नवाचार सीखेंगे। उक्ताशय की जानकारी देते हुए जिला मीडिया दल सदस्य मधुसूदन पटैल ने बताया की जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती जे एस विल्सन ने उक्त विकासखंडों के समस्त प्राचार्यो को जारी आदेश के माध्यम से निर्दश दे दिए है। विदित हो की पिछले दिनों सहायक कलेक्टर नागार्जुन बी गौड़ा, राज्य शिक्षा केन्द्र से ओआईसी श्रीमती प्रमिला सिंह, डीईओ श्रीमती जे एस विल्सन ने बीटीआई स्कूल की प्रयोगशाला की भव्यता एवं वहां उपलब्ध संसाधनों को देखकर शिक्षक के के राजौरिया की प्रशंसा करते हुए इसे अन्य शालाओं के लिए रोल मॉडल बताया था।
: मुख्यमंत्री चौहान ने की प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा
Sun, Nov 14, 2021
वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर निर्धारित किया कार्यक्रम का स्वरूप
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज जनजातीय गौरव दिवस पर जंबूरी मैदान में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी कार्यक्रमों के सुचारू रूप से क्रमानुसार सम्पन्न किए जाने के संबंध में चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम के स्वरूप के संबंध में समीक्षा की और तैयारियों से आश्वस्त हुए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि शहीदों के माटी कलश प्रधानमंत्री श्री मोदी को सौंपा जाना और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में भव्य रूप में भोपाल में आयोजित करना गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा संसद में भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर लगाने का निर्णय लिया गया है। मध्यप्रदेश जनजातीय बहुल राज्य है। प्रधानमंत्री की उपस्थिति में भोपाल में जनजातीय गौरव दिवस का समारोह प्रदेशवासियों के लिए गर्व और गौरव का विषय है। संपूर्ण कार्यक्रम गरिमामय ढंग से सम्पन्न हो, यह हम सभी की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जनजातीय गौरव दिवस समारोह में आंचलिक लोक-नृत्यों की प्रस्तुति, मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम योजना के शुभारंभ, लघु फिल्म प्रदर्शन, हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान करने, सिकल सेल उन्मूलन मिशन के हितग्राहियों को कार्ड प्रदान करने और एकलव्य आवासीय विद्यालयों के शिलान्यास के संबंध में निर्धारित की गई रूपरेखा की जानकारी प्राप्त की। मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री मनीष रस्तोगी, आयुक्त जनसंपर्क डॉ. सुदाम खाड़े और अन्य अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।