: भटेरा एवं बिछुआ हाई स्कूल में विद्यार्थियों को मिली साईकिलें
Thu, Oct 24, 2024
भटेरा एवं बिछुआ हाई स्कूल में विद्यार्थियों को मिली साईकिलें
गाडरवारा। गत दिवस तेंदुखेड़ा विधानसभा क्षेत्र एवं साईंखेड़ा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम भटेरा एवं बिछुआ के शासकीय हाई स्कूलों 9 वी के विद्यार्थियों को मप्र शासन की साईकिल वितरण योजना के तहत निःशुल्क साईकिलों का वितरण किया गया। उपरोक्त कार्यक्रमो में बिछुआ के पात्र 54 एवं भटेरा के 35 विद्यार्थियों को विधायक विश्वनाथ सिंह पटैल ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर श्री पटैल ने कहा कि छात्र छात्राओं को बेहतर शिक्षा देने के उद्देश्य से सरकार अनेक योजनाएं चला रही है जिनका लाभ उन्हे मिल रहा है। स्कूलों में बेहतर पढ़ाई के साथ छात्र छात्राओं का भविष्य उज्जवल बने यही सरकार की मंशा है। साइंखेड़ा जनपद अध्यक्ष छत्रपाल राजपूत ने कहा कि साईकिलों के मिलने के बाद स्कूल तक आवागमन में छात्र छात्राओं को सहूलियत होगी एवं वे बिना किसी परेशानी के पढ़ाई कर सकेंगे। विदित हो कि उक्त दोनों ग्रामों के स्कूलों में जनप्रतिनिधियो के पहुँचने पर बीईओ प्रतुल इंदुरख्या, प्राचार्य ए के गुबरेले, सतीश नाईक सहित शिक्षकों संगीता मेहरा, सतीश साहू, भागवती मेहरा ने स्वागत किया। उक्त कार्यक्रमों मे राव शैलेश सिंह,अनिल कौरव, रमाकांत शर्मा, रामकुमार पाराशर, भैया जी टेकन,भागवेंद्र पटैल, रामगोपाल गुर्जर, रजत कौरव, ठा तिलक सिंह, राजेंद्र तिवारी सहित अनेक क्षेत्रीय नेता, ग्रामवासी, शिक्षक एवं छात्र छात्राएँ उपस्थित रहे।
: सर्वदलीय लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति की बैठक आज 25 अक्टूबर को
Thu, Oct 24, 2024
सर्वदलीय लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति की बैठक आज 25 अक्टूबर को
सिहोरा - सर्वदलीय लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति की द्वितीय बैठक आज शुक्रवार को शाम 5 बजे से सिहोरा में आयोजित की गई है ।इस बैठक में सिहोरा को जिला बनाए जाने हेतु क्या कदम उठाए जाने चाहिए इस पर एक ठोस रणनीति की घोषणा समिति के सदस्यों के द्वारा की जाएगी। समिति के दिलीप दुबे, संध्या दुबे रश्मि महेंद्र अग्निहोत्री, सत्य प्रकाश खरे, बिहारी पटेल, प्रभात कुररिया, बाबा कुरैशी, राजेश चौबे,अशोक खरे,बबीता गोंटिया,संतोष वर्मा, रविदीप सिंह,शैलेंद्र दुबे, जितेंद्र श्रीवास्तव,शिशिर पांडे,नवीन शुक्ला,अमोल चौरसिया,माधव मिश्रा,आनंद प्रकाश जैन,,विकास दुबे,कृष्ण कुमार कुररिया,अनिल जैन,मानस तिवारी,सुशील जैन,रामजी शुक्ला,अमित बक्शी आदि ने सभी से शाम 5:00 बजे नवीन सामुदायिक भवन थाने के पास सिहोरा पहुंचने की अपील की है।
: चक्रवात दाना के मद्देनजर आपातकालीन ऑपरेशन के लिए भारतीय नौसेना की तैयारी
Thu, Oct 24, 2024
चक्रवात दाना के मद्देनजर आपातकालीन ऑपरेशन के लिए भारतीय नौसेना की तैयारी
ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट पर चक्रवात दाना के गंभीर प्रभाव की आशंका को देखते हुए , भारतीय नौसेना मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) अभियान चलाने की तैयारी कर रही है।पूर्वी नौसेना कमान ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में नौसेना अधिकारियों के प्रभारी (एनओआईसी) के साथ समन्वय में एक व्यापक आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय किया है। कमान बेस विक्टुअलिंग यार्ड (बीवीवाई), मैटेरियल ऑर्गनाइजेशन और नौसेना अस्पताल आईएनएचएस कल्याणी के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि राज्य प्रशासन द्वारा आवश्यक आपूर्ति और चिकित्सा सहायता मांगे जाने पर दिया जा सके ।इस तैयारी के तहत आवश्यक कपड़े, पीने का पानी, भोजन, दवाइयाँ और आपातकालीन राहत सामग्री सहित एचएडीआर पैलेट को प्रभावित होने की आशंका वाले क्षेत्रों में सड़क मार्ग पर रखा गया है। इसके अलावा, बाढ़ राहत और गोताखोरों की टीमों को ज़रूरत पड़ने पर समन्वित बचाव और राहत कार्यों में सहायता के लिए जुटाया जा रहा है।समुद्र से राहत प्रयासों में सहायता के लिए पूर्वी बेड़े के दो जहाज आपूर्ति तथा बचाव एवं गोताखोर टीमों के साथ खड़े हैं ।भारतीय नौसेना स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा चक्रवात दाना से प्रभावित नागरिक प्राधिकारियों और लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह से तैयार है ।