: गाडरवारा, स्कूलों में हुआ शाला प्रबंधन समितियों का गठन
Wed, Sep 22, 2021
गाडरवारा। स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था में बेहतर प्रबंधन और शैक्षिक गतिविधियों के संचालन के लिए क्षेत्र की सभी शासकीय और अनुदान प्राप्त प्राथमिक, माध्यमिक एवं कक्षा पहली से आठवीं तक संचालित संयुक्त माध्यमिक स्कूलों में शाला प्रबंधन समितियों का गठन राज्य शिक्षा केंद्र के आदेशानुसार बीते बुधवार को किया गया । विदित हो की शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत सभी शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूलों में शाला प्रबंधन समितियों का गठन किया जाता है। ये समितियां बच्चों के शाला नामांकन, नियमित उपस्थिति, गुणवत्तायुक्त शिक्षा और अधोसंरचना कार्यों के साथ बच्चों के बहुआयामी विकास में महत्वपूर्ण भमिका निभाती हैं।
इन समितियों का कार्यकाल आगामी 2 शैक्षणिक सत्रों के लिए निर्धारित होगा। गठित हुई शाला प्रबंधन समितियों के 18 सदस्यों में शाला में अध्ययनरत् बच्चों के पालक, शाला के प्रधान शिक्षक, वरिष्ठतम् महिला शिक्षिका तथा स्थानीय वार्ड के पंच/पार्षद या स्थानीय निकाय के सरपंच/अध्यक्ष/महापौर द्वारा नामित अन्य वार्ड की एक महिला पंच/पार्षद के रुप में निर्वाचित जनप्रतिनिधि को शामिल किया गया। इन समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन विद्यार्थियों के अभिभावकों में से किया गया। वहीं शाला के प्रधान पाठक समिति के सचिव बनाये गए। उल्लेखनीय है की शासन द्वारा शाला के स्थानीय प्रबंधन के अधिकार भी इन समितियों को सौंपे गए हैं।
: गाडरवारा, जिला शिक्षा अधिकारी ने किया स्कूल खुलने का शुभारंभ
Wed, Sep 22, 2021
गाडरवारा। बीते सोमवार को राज्य शासन के निर्देशानुसार प्राथमिक शालायें खुलने पर प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती जे एस विल्सन ने प्रदेश की राज्य स्तरीय मॉडल शाला शासकीय प्राथमिक बालक शाला तूमड़ा पहुंचकर घंटा बजाकर स्कूल खुलने की शुरुआत की । तत्पश्चात उन्होंने शाला का भ्रमण कर शौचालय व परिसर की स्वच्छता, हैन्डबास यूनिट में साबुन व स्कूल में पर्याप्त सैनीटाइजर की उपलब्धता, बच्चों के चेहरे पर मास्क के साथ सोशल डिस्टेन्सिंग का पालन ,शालेय अभिलेख एवं राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे 2021 के अभ्यास की स्तिथि आदि का गहनता पूर्वक जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं में पहुँकर बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता को परखने के उद्देश्य से बच्चों से प्रश्न पूछे एवं बच्चों द्वारा सही जबाव देने पर उनकी सराहना की। निरीक्षण के दौरान श्रीमती बिल्सन ने शाला के नवाचारी शिक्षक हल्के वीर पटैल के नवाचारों का अवलोकन किया एवं नवाचारों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये इसे विद्यार्थियों के अनुरूप व उपयोगी बताया। विद्यालय के उपरांत उन्होंने पैदल एक छात्रा के घर पहुँचकर कोरोना महामारी के दौरान शिक्षक हल्के वीर पटैल द्वारा संचालित किए जा रहे मैरा घर- मेरी पाठशाला अभियान का निरीक्षण किया। उक्त अवसर पर उन्होंने छात्रा से घरों की दीवारों पर अंकित शैक्षणिक लेखन को पढ़वाकर देखा एवं शिक्षक की इस मुहिम को एक सफल नवाचार बताया।
: भोपाल, कोरोना प्रोटोकॉल के साथ शुरू हुईं प्रदेश की प्राथमिक शालाएँ
Mon, Sep 20, 2021
मंत्री श्री सारंग ने किया निरीक्षण, टॉफी और पेन-पेंसिल बाँटी
भोपाल। चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने आज शासकीय नवीन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तुलसी नगर पहुँचकर प्राथमिक शालाओं का निरीक्षण किया। मंत्री श्री सारंग ने बच्चों को तिलक लगाकर टॉफी, पेन-पेंसिल और पुस्तकें भेंट कीं। उन्होंने बच्चों को स्नेहपूर्वक पढ़ाया भी।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि आज से प्रदेश में कोरोना गाइड-लाइन के पालन के साथ शासकीय प्राथमिक शालाएँ लम्बी अवधि के बाद फिर से शुरू की गई हैं। बच्चे मास्क लगाकर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ स्कूल आये हैं। अभिभावकों की रजामंदी पर ही बच्चे कक्षाओं में उपस्थित हुए हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल अभी 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ शुरू किये गये हैं।
प्रदेश में बहुत समय के बाद प्राथमिक शालाएँ पुन: शुरू की गई हैं। तुलसी नगर स्थित विद्यालय बच्चों के आगमन के लिये सजाया गया था। बच्चे अपनी कक्षाओं को बैलून से सजा देखकर गद्गद हो रहे थे। उनके आगमन पर तिलक और टॉफी, पेन-पेंसिल, किताबें आदि उन्हें मिलने से उनकी खुशी दोगुनी हो गई थी।