: Narsinghpur कलेक्टर ने ली पोषण अभियान की बैठक
Tue, Nov 10, 2020
आंगनबाड़ी केन्द्रों के 5 वर्ष तक के सभी बच्चों की एनीमिया की जांच होगी
कलेक्टर श्री वेद प्रकाश की अध्यक्षता में पोषण अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय अभिसरण की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। कलेक्टर ने जिले में पोषण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों के 5 वर्ष तक के सभी बच्चों की एनीमिया की जांच 24 नवम्बर तक कराने के निर्देश सीएमएचओ को दिये गये।
बैठक में सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में एमोक्सिीसिलिन, एलवेंडाजोल, आयरन सीरप, मल्टी विटामिन, फॉलिक एसिड गोली, विटामिन ए सीरप आदि दवाईयां उपलब्ध कराने के लिए सीएमएचओ से कहा गया। सहायक संचालक उद्यानिकी को आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए मुनगा, आंवला, पपीता, अमरूद, नींबू आदि के पौधे/ बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये। स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ईई पीएचई को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने निर्देश दिये कि महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी अपूर्ण आंगनबाड़ी भवनों की सूची एवं फोटो और जिन पंचायतों में आंगनबाड़ी में शौचालय के लिए 12 हजार रूपये की राशि प्राप्त हुई है, उनकी सूची सीईओ जिला पंचायत को उपलब्ध करायें। जिले की सभी गुड़ भट्टियों से 225 क्विंटल गुड़ और जन सहयोग से मूंगफली प्राप्त कर सभी कम एवं अतिकम वजन के बच्चों को वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश परियोजना अधिकारी, उप संचालक कृषि एवं उप संचालक गन्ना के लिए दिये गये। पोषण मटका के अंतर्गत सभी ग्रामों में कुपोषित बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों में अनाज एवं दालें प्रदान करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में संबंधित विभागों के जिला प्रमुख, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास, जिला वर्ल्ड विजन संस्था संचालक और जिला समन्वयक सीएचएआई मौजूद थे।
: Narsinghpur जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक सम्पन्न
Mon, Nov 9, 2020
नरसिंहपुर, 09 नवम्बर 2020.
जिले में कोरोना संक्रमण की प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी, विधायक श्री जालम सिंह पटैल व श्री संजय शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संदीप पटैल, कलेक्टर श्री वेद प्रकाश, पुलिस अधीक्षक श्री अजय सिंह, अपर कलेक्टर श्री मनोज कुमार ठाकुर, सीईओ जिला पंचायत श्री केके भार्गव की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को सम्पन्न हुई।
बैठक में जिले में कोरोना संक्रमण की प्रभावी रोकथाम पर चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने कोरोना प्रोटोकाल के पालन के साथ साप्ताहिक हाट बाजार खोले जाने का सुझाव दिया। कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ग्राम पंचायतों में सेनेटाईजेशन, सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क के अनिवार्य उपयोग आदि के बारे में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में सुझाव दिया गया कि जिले में कोविड नियंत्रण के लिए उपलब्ध राशि का उपयोग जिले के अस्पतालों में विभिन्न आवश्यकताओं की पूर्ति और स्वास्थ्य सुविधा के विस्तारीकरण के लिए किया जावे। जिला अस्पताल में पर्याप्त मानव संसाधन की पूर्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाये और यथाशीघ्र अमले की प्रतिपूर्ति हो। इस संबंध में सीएमएचओ ने बताया कि स्वास्थ्य अमले की पूर्ति के लिए भर्ती प्रक्रिया चालू है। बैठक में सीटी स्केन मशीन की उपलब्धता के बारे में चर्चा की गई। इस बारे में सिविल सर्जन ने बताया कि राज्य स्तर पर सीटी स्केन मशीन के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। प्रत्येक जिले को एक- एक सीटी स्केन मशीन राज्य स्तर से उपलब्ध कराई जा रही है।
बैठक में कलेक्टर श्री वेद प्रकाश ने पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से कोरोना वायरस से निपटने के लिए जिले में किये जा रहे कार्यों और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में कुल कोरोना पॉजिटिव की संख्या 3073 है, जिसमें से 3003 व्यक्ति स्वस्थ हो चुके हैं, 27 व्यक्ति की मृत्यु हुई है और 43 केस एक्टिव हैं। जिले में 14 फीवर क्लीनिक कार्यरत हैं। फीवर क्लीनिक में जाकर कोई भी सेंपलिंग करा सकता है। जिले में मोबाइल यूनिट के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर सेंपलिंग कराई जा रही है। जिले में प्रतिदिन 600 से 650 सेंपल आरएटी एवं आरटीपीसीआर के माध्यम से कराये जा रहे हैं। साप्ताहिक बाजारों, एनटीपीसी, गुड़ भट्टियों पर काम करने वालों और बाहर से आने वालों की सेंपलिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने जिले में कोरोना पॉजिटिव एवं स्वस्थ हुये व्यक्तियों की अगस्त, सितम्बर, अक्टूबर एवं नवम्बर माह की अब तक की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में आईसीयू वार्ड चालू हो गया है, जहां 12 आईसीयू बैड एवं 6 वेंटीलेटर उपलब्ध हैं।
सीएमएचओ ने बताया कि कोविड सेंपलिंग के लिए जिले में पर्याप्त किट उपलब्ध हैं।
बैठक में सीएमएचओ डॉ. पीसी आनंद, सिविल सर्जन डॉ. अनीता अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती वंदना पटैल, सांसद प्रतिनिधि श्री नवीन अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि गोटेगांव श्री अरूण गुप्ता, श्री विनोद श्रीवास्तव, श्री भगवान सिंह पटैल, अन्य सदस्य एवं अधिकारी मौजूद थे।