: खाद्य पदार्थो में मिलावट रोकने आज कई प्रतिष्ठानों की जाँच की गई
Mon, Nov 23, 2020
जबलपुर/खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने चलाये जा रहे मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत कलेक्टर कर्मवीर शर्मा के निर्देश पर आज रविवार को जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में प्रशासनिक अमले द्वारा कई प्रतिष्ठानों की जाँच की गई। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के प्रभारी अधिकारी एसडीएम पाटन आशीष पांडे के अनुसार खाद्य पदार्थों में मिलावट और दूषित खाद्य पदार्थो का विक्रय रोकने की रविवार को की गई इस कार्यवाही में छोटी बजरिया गढा स्थित तिवारी डेयरी और उपाध्याय डेयरी का निरीक्षण कर दूध से बने उत्पादों के सेम्पल लिये गये। इसी प्रकार घमापुर में होलाराम स्वीट्स, कटंगी में माँ नर्मदा दूध डेयरी, सीहोरा में ऑयल मिल, गोसलपुर में महावीर किराना स्टोर, पनागर में जैन स्वीट्स और एक अन्य मिष्ठान्न सेंटर तथा रांझी में किराना दुकान की जाँच कर परीक्षण हेतु खाद्य पदार्थों के सेम्पल लिये गये।
: सीईओ जिला पंचायत ने किया कोविड कमांड सेंटर का निरीक्षण
Sun, Nov 22, 2020
नरसिंहपुर,
सीईओ जिला पंचायत श्री केके भार्गव ने नरसिंहपुर में बनाये गये कोविड कमांड व कन्ट्रोल सेंटर का रविवार को निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थायें देखी और जानकारी ली। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मौजूद चिकित्सकों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिये। इस दौरान संबंधित अमला मौजूद था।
: फेस मास्क और फिजिकल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने वालों पर लगा 10 लाख 80 हजार 20 रूपये का जुर्माना
Sun, Nov 22, 2020
नरसिंहपुर/
कलेक्टर वेद प्रकाश द्वारा कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए तय की गई गाइड लाइन के मुताबिक मास्क नहीं लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं। निर्देशों के परिपालन में जिले में अधिकारियों द्वारा 21 नवम्बर तक 8206 व्यक्तियों के विरूद्ध कुल 10 लाख 80 हजार 20 रूपये का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया है।
संयुक्त टीमों द्वारा अनुविभाग नरसिंहपुर के अंतर्गत 809 व्यक्तियों के विरूद्ध 97 हजार 640 रूपये, गोटेगांव के अंतर्गत 2051 व्यक्तियों के विरूद्ध 3 लाख 10 हजार 715 रूपये, करेली के अंतर्गत 840 व्यक्तियों के विरूद्ध 2 लाख 11 हजार 970 रूपये, तेंदूखेड़ा के अंतर्गत 851 व्यक्तियों के विरूद्ध 91 हजार 270 रूपये और गाडरवारा अनुविभाग के अंतर्गत 3655 व्यक्तियों के विरूद्ध 3 लाख 68 हजार 425 रूपये का जुर्माना लगाया गया।