नरवाई जलाने वालों पर कार्रवाई के दिए निर्देश : नरवाई न जलाएं, उन्नत कृषि यंत्रों को अपनाकर खेती को बनाएं आसान और लाभकारी- कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
Aditi News Team
Sat, Nov 14, 2026
नरवाई न जलाएं, उन्नत कृषि यंत्रों को अपनाकर खेती को बनाएं आसान और लाभकारी- कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
कलेक्टर ने नवलगांव में रोटावेटर से फसल अवशेष प्रबंधन एवं सुपर सीडर से चना की बुवाई का किया अवलोकन
हार्वेस्टर में स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम लगाने के लिए किसानों को करें प्रेरित
नरवाई जलाने वालों पर कार्रवाई के दिए निर्देश
नरसिंहपुर।खेतों में नरवाई जलाने से पर्यावरण प्रदूषण के साथ मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी प्रभावित होती है। नरवाई जलाने के बजाय आधुनिक कृषि यंत्रों के माध्यम से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन कर खेती को आसान, लाभकारी और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है। यह बात कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने ग्राम नवलगांव में कृषि कार्यों का अवलोकन करते हुए कही।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने ग्राम नवलगांव में कृषक श्री स्वप्निल चौकसे के खेत में धान की कटाई के बाद रोटावेटर से किए जा रहे फसल अवशेष प्रबंधन तथा कृषक श्री शैलेष महाजन के खेत में सुपर सीडर से की जा रही चने की बुवाई का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी ली और कृषि विभाग के अधिकारियों को इनका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कृषक श्री स्वप्निल चौकसे के खेत में हार्वेस्टर का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि हार्वेस्टर में स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) लगाकर फसल अवशेषों का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है। कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को इसके उपयोग के लिए प्रेरित करें, ताकि धान की कटाई के बाद खेतों में नरवाई जलाने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने निर्देश दिए कि नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखी जाए तथा ऐसा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि रोटावेटर, सुपर सीडर एवं हैप्पी सीडर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से फसल अवशेषों को खेत में ही मिलाया जा सकता है। इससे मिट्टी में जैविक तत्वों की मात्रा बढ़ाने, मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और अगली फसल की समय पर बुवाई करने में मदद मिलती है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन किसानों के पास ये कृषि यंत्र उपलब्ध हैं, उनकी जानकारी अन्य किसानों तक भी पहुंचाई जाए। किसान आपसी सहयोग से अथवा किराये पर कृषि यंत्र लेकर भी इनका उपयोग कर सकते हैं।
इस दौरान कृषक श्री शैलेष महाजन ने कलेक्टर श्रीमती सिंह को बताया कि सुपर सीडर के माध्यम से एक घंटे में लगभग एक एकड़ क्षेत्र में चने की बुवाई की जा रही है। इससे समय और श्रम की बचत होने के साथ कृषि कार्य भी आसान हो रहा है। उन्होंने सिंचाई व्यवस्था एवं कृषि कार्यों के लिए बिजली की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। कृषक ने बताया कि उन्हें कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त बिजली मिल रही है तथा बोरवेल के माध्यम से खेतों में सिंचाई की जा रही है।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि खेती में पानी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए वर्षा जल का अधिक से अधिक संचयन करना जरूरी है। उन्होंने खेतों में खेत तालाब बनाकर वर्षा जल का संग्रहण करने तथा आवश्यकता के अनुसार सिंचाई कार्य में इसका उपयोग करने की सलाह दी। इससे भूजल पर निर्भरता कम करने और जल स्तर बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने बोरवेल के आसपास रिचार्ज शाफ्ट बनाने की सलाह भी दी, ताकि वर्षा जल का भूजल में पुनर्भरण हो सके और भूजल स्तर बनाए रखने में मदद मिले। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के साथ जल संरक्षण के उपायों पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि श्री सुरेंद्र कुमार अमरूते सहित अन्य अधिकारी और किसान मौजूद थे।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह