Wednesday 29th of July 2026

ब्रेकिंग

गुरु ज्ञान को जन-जन तक पहुँचाने वाले सूर्य हैं, जिसका कोई गुरु नहीं उसका जीवन शुरू नहीं" — निर्यापक श्रमण मुनि श्री समता

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक पहुंचे बरमान घाट

किसानों से की बातचीत, समक्ष में करवाई तुलाई

सिहोरा जिला के दावे के परीक्षण के लिए राजस्व विभाग का पुनर्गठन आयोग को पत्र

सभी खिलाड़ियों को नशामुक्त जीवन अपनाने एवं समाज को नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

विद्यार्थी नियमित स्कूल आएं, नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह : शिक्षण बने रोचक, हर स्कूल बनाए बोर्ड परीक्षा की कार्ययोजना :

Aditi News Team

Wed, Jul 29, 2026

विद्यार्थी नियमित स्कूल आएं, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

शिक्षण बने रोचक, हर स्कूल बनाए बोर्ड परीक्षा की कार्ययोजना :

प्रत्येक विद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करना होना चाहिए। विद्यार्थी नियमित रूप से स्कूल आएं, इसके लिए विद्यालयों में आकर्षक एवं प्रेरक शैक्षणिक वातावरण बनाया जाए तथा शिक्षण को रोचक एवं गतिविधि आधारित बनाया जाए। यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने शिक्षा विभाग की साईखेड़ा में आयोजित समीक्षा बैठक में प्राचार्यों को दिए। बैठक में शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के परीक्षा परिणाम, शैक्षणिक गुणवत्ता और नामांकन की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि विद्यालयों में बैगलेस डे, खेलकूद तथा अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, जिससे विद्यार्थियों की रुचि विद्यालय आने और सीखने में बढ़े। उन्होंने प्राचार्यों को निर्देशित किया कि कठिन विषयों की अपेक्षा पहले सरल विषयों और अध्यायों का अध्यापन कर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित करें, इसके बाद जटिल विषयों की ओर बढ़ें। बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स को विद्यार्थियों के बीच बुलाकर उनसे रूबरू कराया जाए। टॉपर्स की अध्ययन पद्धति और सफलता की रणनीति विद्यार्थियों के साथ साझा कराई जाए, ताकि अन्य विद्यार्थी भी उनसे प्रेरणा लेकर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों पर शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ही सतत ध्यान रखा जाए। त्रैमासिक एवं अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के परिणामों का विषयवार और अध्यायवार विश्लेषण किया जाए, ताकि यह पता चल सके कि विद्यार्थियों को किन विषयों और किन अध्यायों में अधिक कठिनाई हो रही है। जिन विद्यार्थी परीक्षा में अनुत्तीर्ण हुए हैं अथवा अपेक्षाकृत कम अंक प्राप्त कर रहे हैं, उनके लिए विशेष शैक्षणिक योजना बनाकर अतिरिक्त कक्षाएं एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि साईखेड़ा ब्लॉक का परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष कम रहा था इसे बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किया जाना होगा।

समीक्षा के दौरान कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में खुर्सीपार उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं देतपोन हाई स्कूल का परिणाम संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं बिछुआ हाई स्कूल एवं मनवारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहने पर इन विद्यालयों के प्राचार्यों की सराहना की गई तथा उनकी कार्यप्रणाली और रणनीति साझा की गई।

कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय अभी से बोर्ड परीक्षाओं के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करे तथा उसका नियमित क्रियान्वयन सुनिश्चित करे। साथ ही विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि इच्छुक विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री एवं अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता के समान अवसर मिल सकें।

बैठक में अधिकारियों एवं प्राचार्यों को निर्देश दिए गए कि सभी विद्यालय निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कार्य करें और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाते हुए जिले के परीक्षा परिणामों को बेहतर बनाने के लिए मिशन मोड में प्रयास करें।

इस अवसर पर एसडीएम श्रीमती प्रगति वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अनिल कुशवाहा, जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) श्री प्रदीप द्विवेदी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सुश्री सीमा डोंगरे, संकुल प्राचार्य, बीआरसी एवं बीएसी उपस्थित रहे।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

नरसिंहपुर,कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

जरूरी खबरें