नयाखेड़ा_बासादेही में आयोजित हुआ जन संवाद शिविर : सरकार धरातल पर उतरकर नागरिकों को उपलब्ध करा रही है जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ- सांसद दर्शन सिंह चौधरी
Aditi News Team
Fri, Nov 13, 2026
सरकार धरातल पर उतरकर नागरिकों को उपलब्ध करा रही है जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ- सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी
नयाखेड़ा-बासादेही में आयोजित हुआ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत जन संवाद शिविर
जन संवाद शिविर में सांसद एवं जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ
नरसिंहपुर। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने और नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा विभिन्न अभियान एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से शासन की सेवाओं और योजनाओं को सीधे आम नागरिकों तक पहुंचाने की पहल की है। सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और उसकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण हो। यह बात सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने शुक्रवार को जनपद पंचायत करेली की ग्राम पंचायत नयाखेड़ा-बासादेही में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित जन संवाद शिविर को संबोधित करते हुए कही।
सांसद श्री चौधरी एवं अन्य अतिथियों ने मंच से विभिन्न हितग्राहियों को शासन की योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ वितरित किए। इस दौरान अतिथियों ने 13 स्वसहायता समूह की महिलाओं को 46 लाख 50 हजार रुपये के ऋण के चेक वितरित किए। इसके अलावा हितग्राहियों को प्रधानमंत्री सुकन्या योजना के तहत 13, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 12, स्वीकृति पत्र, फूड बास्केट, ऋण वितरण सहित अन्य योजनाओं के लाभ प्रदान किए गए। सांसद श्री चौधरी ने ग्रामीणजनों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए।
सांसद श्री चौधरी ने कहा कि सरकार केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रशासन को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाकर नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। जन संवाद शिविर इसी व्यवस्था का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन शिविरों के जरिए ग्रामीणों को अपनी समस्याएं रखने, योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और पात्रतानुसार हितलाभ प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आम नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी श्री रामसनेही पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा, महिला और जरूरतमंद वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को उपचार की सुविधा मिल रही है। इसी तरह विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इन योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचे। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणजनों से भी अपील की कि वे शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रतानुसार उनका लाभ लें। साथ ही अपने आसपास के ऐसे जरूरतमंद लोगों को भी योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें, जो जानकारी के अभाव में लाभ से वंचित रह जाते हैं।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अन्य जनप्रतिनिधि तथा जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
शिविर में 128 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
ग्राम पंचायत नयाखेड़ा में आयोजित जन संवाद शिविर में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कुल 128 मरीजों का पंजीयन कर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं दूसरी ओर आयुष विभाग के द्वारा 73 नागरिकों के स्वास्थ्य संबंधी जांच कर उन्हें आयुष औषधियों का नि:शुल्क वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा 128 मरीजों की एनसीडी स्क्रीनिंग की गई तथा 124 मरीजों की एक्स-रे जांच की गई। साथ ही गर्भवती महिलाओं की उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (एचआरपी) की पहचान के लिए जांच की गई। शिविर में 3 गर्भवती महिलाओं की जांच भी की गई। स्वास्थ्य शिविर के दौरान 5 हितग्राहियों को फूड बास्केट वितरित की गई तथा 10 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इसके अतिरिक्त 14 लोगों की आभा आईडी बनाई गई।
36 नागरिकों के आधार कार्ड किए गए अपडेट
नागरिकों को आधार संबंधी जानकारी एवं अपडेट कराने के लिए जिला या तहसील मुख्यालय तक जाना न पड़े तथा उन्हें गांव में ही यह सुविधा मिल सके, इस उद्देश्य से जन संवाद शिविर में आधार अपडेट की व्यवस्था की गई। इसके तहत शिविर में 36 नागरिकों के आधार कार्ड में आवश्यक अपडेट किए गए। इस तरह ग्राम पंचायत स्तर पर ही शिविर के माध्यम से आधार संबंधी सुविधाएं मुहैया कराई गई।
विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से प्राप्त हुए करीब 58 आवेदन, 10 से अधिक आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण
शिविर में विभिन्न विभागों के द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों का पंजीयन करने के साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। इस दौरान खाद्य, पुलिस, पशुपालन, पंचायत, मत्स्य, सामाजिक न्याय, राजस्व सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों में करीब 58 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए और 10 से अधिक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
ग्रामीणों ने राशन पर्ची में नाम जुड़वाने, झूठी शिकायत करने, प्रधानमंत्री सड़क बनवाने, बिजली बिल में सुधार करवाने, विभिन्न सामाजिक पेंशन दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने आदि से संबंधित विभिन्न आवेदन प्राप्त हुए। इन आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही जिन आवेदनों का मौके पर निराकरण नहीं हो सका, उन आवेदनों को समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
सांसद दर्शन सिंह चौधरी