गाडरवारा ट्रेन से सामान चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार : पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर श्रीधाम एक्सप्रेस में महिला यात्री का आईफोन सहित 84,800 रु. का मशरूका बरामद किया
Aditi News Team
Tue, Nov 24, 2026
श्रीधाम एक्सप्रेस में महिला यात्री का 88,900 रुपये का सामान चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार,
आईफोन सहित 84,800 रुपये का मशरूका बरामद
गाडरवारा। ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध जीआरपी थाना गाडरवारा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने श्रीधाम एक्सप्रेस में यात्रा कर रही भोपाल निवासी महिला यात्री का कीमती सामान चोरी करने के मामले में एक 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गया आईफोन एवं चार्जर सहित कुल 84,800 रुपये का सामान बरामद किया गया है।
सोते समय सीट पर रखा बैग हुआ था चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादिया जोया खान निवासी भोपाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 13 नवंबर 2026 को वह ट्रेन नंबर 12191 श्रीधाम एक्सप्रेस के कोच ए/2 की बर्थ नंबर 18 पर भोपाल से जबलपुर की यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान सोते समय सीट पर रखा उनका लेडीज हैंडबैग अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। बैग में आईफोन चार्जर, ईयरबड्स, घड़ी एवं अन्य दस्तावेज रखे हुए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत 88,900 रुपये बताई गई। फरियादिया की रिपोर्ट पर जीआरपी थाना गाडरवारा में अपराध क्रमांक 491/26, धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, आईफोन और चार्जर बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर आशुतोष मिश्र के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुश्री अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में जीआरपी थाना प्रभारी उप निरीक्षक एल.पी. झारिया द्वारा विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 23 नवंबर 2026 को आरोपी सूर्यांश वैष्णव पिता अजयदास वैष्णव, उम्र 21 वर्ष, निवासी सतीश टॉकीज के पीछे, थाना कोतवाली, जिला नरसिंहपुर को दस्तयाब किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया एक आईफोन एवं चार्जर, जिसकी कुल कीमत 84,800 रुपये है, बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रेनों में कोच अटेंडर का कार्य करता है। उसे गिरफ्तार कर शेष मशरूका की बरामदगी एवं अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में जीआरपी थाना गाडरवारा के थाना प्रभारी उप निरीक्षक एल.पी. झारिया, चौकी प्रभारी पिपरिया सहायक उप निरीक्षक वी.पी. पासी, सहायक उप निरीक्षक राकेश कुमार चौधरी, सुशील सिंह, प्रधान आरक्षक योगेश पचोरी, मेताब बघेल, राजकुमार कौरव, अजय श्रीवास्तव, मिहीलाल, आरक्षक विजय शर्मा, आशीष सराठे, महिला आरक्षक ज्योति ठाकुर, रेल रक्षा समिति सदस्य शिवराज सेनपुरिया तथा साइबर सेल जबलपुर के प्रधान आरक्षक सागर उपाध्याय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विशेष रूप से साइबर सेल जबलपुर के प्रधान आरक्षक सागर उपाध्याय एवं आरक्षक विजय शर्मा द्वारा मोबाइल की लोकेशन लगातार ट्रेस कर आरोपी तक पहुंचने में सराहनीय योगदान दिया गया।
पुलिस टीम को किया जाएगा पुरस्कृत
जीआरपी पुलिस की इस सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से रेल यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई का संदेश गया है।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
थाना प्रभारी उप निरीक्षक एल.पी. झारिया,