Sunday 4th of October 2026

ब्रेकिंग

सालीचौका से दर्जनों गांव जुड़े हुए हैं और यहां बड़ी संख्या में धान का उत्पादन होता है, फिर भी नगर में सेंटर नहीं बनाया

सरकार आपके द्वार के तहत नगरीय निकायों में आयोजित हुए शिविर जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ किए

छात्राओं को बेहतर सुविधाएं देकर उनके सपनों को देंगे नई उड़ान- मंत्री उदय प्रताप सिंह

नरसिंहपुर,चोरी की एक अन्य वारदात भी उजागर,थाना कोतवाली पुलिस ने 03 आरोपियों को किया गिरफ्तार,

"माई की महापंचायत" प्रशासनिक अधिकारी को देगी मांग पत्र

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सेवा सेतु अभियान : सरकार आपके द्वार के तहत नगरीय निकायों में आयोजित हुए शिविर जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ किए

Aditi News Team

Sun, Oct 4, 2026

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार के तहत नगरीय निकायों में आयोजित हुए शिविर

जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ किए गए वितरित

4 हजार 161 आवेदन प्राप्त, 3 हजार 80 आवेदनों का निराकरण किया गया

सेवा सेतु अभियान- सरकार आपके द्वार के अंतर्गत जिले के नगरीय निकायों में आयोजित शिविरों में नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविरों में नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए। अभियान के तहत नगर परिषद चीचली, तेंदूखेड़ा, सांईखेड़ा, सालीचौका तथा नगर पालिका परिषद करेली, गाडरवारा, गोटेगांव एवं नरसिंहपुर में कुल 4 हजार 161 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें 3 हजार 80 आवेदनों का निराकरण किया गया।

जिले में आयोजित सेवा सेतु- संकल्प अभियान के तहत विधायक तेंदूखेड़ा श्री विश्वनाथ सिंह पटेल नगर परिषद तेंदूखेड़ा, विधायक गोटेगांव श्री महेन्द्र नागेश नगर पालिका परिषद गोटेगांव और पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर, करेली व गोटेगांव में शामिल हुए। इसके अलावा नगर परिषद व नगर पालिका परिषदों में स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने मौके पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ देकर हितग्राहियों को लाभांवित किया। इस दौरान उन्होंने आवेदकों की समस्याएं सुनी और निराकरण के निर्देश दिए।

तेंदूखेड़ा में आयोजित शिविर में विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने सहभागिता की। उन्होंने हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभांवित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार लगातार नागरिकों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। शासन द्वारा विभिन्न वर्गों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में लगभग 250 नागरिकों के आवेदनों का निराकरण किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, हितग्राही एवं नागरिकगण उपस्थित रहे।

योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता- विधायक श्री महेन्द्र नागेश

नगर परिषद गोटेगांव में आयोजित सेवा सेतु शिविर में विधायक श्री महेन्द्र नागेश ने सहभागिता की। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान शासन की योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं को आमजन के नजदीक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिल रही है तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र नागरिक इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ लें। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निराकरण किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकार और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

सरकार अंत्योदय के विचार पर कर रही कार्य- पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल

पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल ने आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा नगरीय निकायों में विभिन्न अधोसंरचना विकास के कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से नागरिकों के पक्के आवास के सपने को साकार किया गया है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित शिविरों में नागरिकों से प्राप्त आवेदनों का तत्परता से निराकरण किया जाएगा तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार अंत्योदय के विचार पर कार्य कर रही है। समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे नागरिक तक शासन की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का संकल्प है। सरकार बिना किसी भेदभाव के पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है। सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित शिविरों का उद्देश्य यही है कि शासन की योजनाओं से वंचित नागरिकों को योजनाओं से जोड़ा जाए तथा उनकी शिकायतों एवं समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण किया जा सके।

नरसिंहपुर में 650 नागरिकों का हुआ निराकरण

नगरीय निकाय नरसिंहपुर में आयोजित शिविर में लगभग 650 नागरिकों का निराकरण किया गया। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे, श्री रामसनेही पाठक, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री अजीत ठाकुर, श्रीमती निशा सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री अरविंद सिंह सहित अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

करेली में नागरिकों के आवेदनों का किया गया निराकरण

करेली में आयोजित सेवा सेतु अभियान के तहत नागरिकों के आवेदनों का निराकरण कर विभिन्न हितग्राहियों को योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए। एक अन्य कार्यक्रम में 780 नागरिकों के आवेदनों का निराकरण किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री हाकम सिंह चढ़ार, लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कैलाश सोनी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुशीला ममार, श्री रामसनेही पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिकगण उपस्थित रहे।

गाडरवारा में 640 नागरिकों के आवेदनों का निराकरण

गाडरवारा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में 640 नागरिकों के आवेदनों का निराकरण किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा, एसडीएम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

चीचली, सांईखेड़ा एवं सालीचौका में भी हुआ आवेदनों का निराकरण

नगर परिषद चीचली में 312 आवेदकों, सांईखेड़ा में 392 आवेदकों तथा सालीचौका में 56 आवेदकों के आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविरों में संबंधित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

नगरीय निकायों में 4 हजार 161 आवेदन प्राप्त

सेवा सेतु अभियान- सरकार आपके द्वार के तहत प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद चीचली में 316, तेंदूखेड़ा में 358, सांईखेड़ा में 498, सालीचौका में 320, नगर पालिका परिषद करेली में 843, गाडरवारा में 646, गोटेगांव में 313 तथा नरसिंहपुर में 867 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार नगरीय निकायों में कुल 4 हजार 161 आवेदन प्राप्त हुए।

शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने, उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करने तथा नागरिकों को शासकीय सेवाएं सहज एवं सुगम रूप से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

आयुष स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से 290 नागरिकों को मिला स्वास्थ्य लाभ

सेवा सेतु अभियान- सरकार आपके द्वार के अंतर्गत जिले के नगरीय निकायों में लगाए गए शिविरों के माध्यम से 290 नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में आयुष चिकित्सा पद्धति के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। चिकित्सकों द्वारा नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक परामर्श दिया गया तथा आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के संबंध में उपयोगी जानकारी दी गई। इस दौरान नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने नागरिकों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी स्टॉलों का अवलोकन भी किया।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार

जरूरी खबरें