सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर का हुआ शुभारंभ : पंचायत सचिव संगठन के तत्वावधान में पीजी कॉलेज में आयोजित हुआ शिविर 60 से अधिक रक्तदाताओं ने किया रक्तदान
Aditi News Team
Thu, Sep 17, 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर का हुआ शुभारंभ
पंचायत सचिव संगठन के तत्वावधान में पीजी कॉलेज में आयोजित हुआ शिविर
60 से अधिक रक्तदाताओं ने किया रक्तदान
सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में मध्यप्रदेश पंचायत सचिव संघ के तत्वावधान में पीजी कॉलेज नरसिंहपुर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम नरसिंहपुर में आयोजित रक्तदान शिविर में पूर्व राज्य मंत्री श्री जालम सिंह पटेल, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, वरिष्ठ समाजसेवी श्री रामसनेही पाठक, श्री अजय गुप्ता प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर,कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, पंचायत संगठन के अध्यक्ष,सदस्य,सीएमएचओ डॉ मनीष मिश्रा,डॉ. स्वाति मीणा, डॉ. जी.पी. भनारिया सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहा। इस अवसर पर रक्तदाताओं का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
रक्तदान शिविर में पंचायत सचिव और ग्राम रोजगार सहायक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 60 सचिव एवं जीआरएस ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर में पहली बार रक्तदान करने व्यक्ति भी शामिल हुए। पहली बार रक्तदान करने वाले सचिव और जीआरएस ने रक्तदान के बाद खुशी जाहिर करते हुए कहा कि रक्तदान को लेकर मन में जो संकोच था, वह रक्तदान के बाद दूर हो गया। उन्होंने अन्य युवाओं एवं नागरिकों से भी आगे आकर रक्तदान करने की अपील की।अतिथियों द्वारा रक्तदाताओं को सम्मानित कर प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
शिविर में वरिष्ठ नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अपने जीवन में कई बार रक्तदान किया है और नियमित अंतराल पर रक्तदान करने से उन्हें किसी प्रकार की कमजोरी अथवा समस्या का सामना नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है और स्वस्थ व्यक्ति को जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान अवश्य करना चाहिए।श्री सुनील कोठारी अब तक 56 बार,श्री रामसनेही पाठक अब तक 26 बार रक्तदान कर चुके हैं।
रक्तदान है जीवन बचाने का माध्यम
शिविर में उपस्थित अतिथियों एवं चिकित्सकों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन तथा अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में रक्तदाताओं द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति आगे आएं और रक्तदान कर मानव सेवा में अपना योगदान दें। एक रक्तदाता का रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति और उसके परिवार के लिए नई उम्मीद बन सकता है।
जिलेभर में आयोजित हुए रक्तदान शिविर
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रक्तदान को जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में भी रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सिविल अस्पतालों एवं जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए ब्लड बैंक एवं रेडक्रॉस से समन्वय किया गया। शिविर में रक्तदाताओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। रक्त संग्रहण के लिए आवश्यक उपकरणों के साथ रक्तसंग्रह वाहन, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल टीम की तैनाती की गई। साथ ही रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं।
सेवा संकल्प को जनआंदोलन बनाने की दिशा में पहल
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में सेवा, स्वच्छता, जनभागीदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रक्तदान शिविर इसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों ने एकजुट होकर मानव सेवा का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर में शामिल रक्तदाताओं ने कहा कि रक्तदान केवल एक व्यक्ति द्वारा किया गया दान नहीं, बल्कि किसी अनजान जरूरतमंद के जीवन को बचाने की मानवीय पहल है। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से रक्तदान के इस पुनीत कार्य
से जुड़ने का आह्वान किया।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल