नरसिंहपुर में 30 सितंबर को मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर : सीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर सियासी हलचल तेज,कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर घेरने की तैयारी में जुटी
Aditi News Team
Mon, Sep 28, 2026
मुख्यमंत्री के नरसिंहपुर आगमन पर जनहित के मुद्दों को लेकर घेरेगी जिला कांग्रेस
रिपोर्टर संदीप राजपूत नरसिंहपुर
नरसिंहपुर।जिला मुख्यालय में 30 सितंबर को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित दौरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री के समक्ष जिले की ज्वलंत समस्याओं और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की पूरी तैयारी कर ली है। कांग्रेस द्वारा किसानों की समस्याओं और शहर की बदहाल व्यवस्थाओं पर मुख्यमंत्री से सीधे जवाब मांगा जाएगा।
कांग्रेस के जिला मीडिया प्रभारी व प्रवक्ता आशीष गुप्ता एवं अजय दुबे ने बताया कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। इस दौरान पूर्व में की गई घोषणाओं और स्वीकृत योजनाओं की प्रगति, बजट आवंटन, वर्तमान स्थिति तथा कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी जाएगी।
प्रमुख मांगें और उठाए जाने वाले मुद्दे:
शिक्षा व स्वास्थ्य संस्थान: विधानसभा चुनाव के दौरान नरसिंहपुर में मेडिकल कॉलेज, कृषि महाविद्यालय और इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना को लेकर किए गए वादों की वर्तमान प्रगति पर सवाल किए जाएंगे।
गन्ना किसानों की समस्याएं: गन्ना किसानों के बोनस और पिछले लंबित भुगतान को जल्द चुकता करने की मांग रखी जाएगी। आगामी गन्ना पेराई सीजन में रिकवरी के आधार पर गन्ने का उचित खरीद मूल्य तय करने और सीजन शुरू होने से पहले किसानों का पूरा बकाया शुगर मिलों से दिलाने पर जोर दिया जाएगा।
फसल क्षति का मुआवजा: हाल ही में प्राकृतिक आपदाओं व अतिवृष्टि के कारण जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, उन्हें अविलंब उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की जाएगी।
शहर की बदहाली व अस्पताल व्यवस्था: नरसिंहपुर नगर में सीवर लाइन परियोजना के चलते खुदी पड़ी सड़कों, अधूरे विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था की बदहाली और जिला अस्पताल में लंबे समय से रिक्त पड़े चिकित्सकों के पदों को तुरंत भरने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर जिला भाजपा
नरसिंहपुर जिला कांग्रेस