माहेश्वरी समाज ने ऋषि पंचमी पर रक्षाबंधन पर्व मनाया : गाडरवारा में ऋषि पंचमी पर माहेश्वरी समाज सहित राजस्थानी परिवारों में रक्षाबंधन का पर्व पारंपरिक उल्लास से मनाया
Aditi News Team
Tue, Sep 15, 2026
माहेश्वरी समाज ने ऋषि पंचमी पर रक्षाबंधन पर्व मनाया
गाडरवारा । भाद्रपद शुक्ल ऋषि पंचमी के पावन अवसर पर माहेश्वरी समाज सहित राजस्थानी परिवारों में रक्षाबंधन का पर्व श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। स्थानीय स्तर पर 'ऋषि पंचमी राखी' के नाम से प्रसिद्ध यह उत्सव ऐतिहासिक व आध्यात्मिक कृतज्ञता का प्रतीक है।
पौराणिक मान्यता के अनुसार, महेश नवमी पर भगवान शिव की कृपा और ऋषियों के आशीर्वाद से क्षत्रिय धर्म से अहिंसक वैश्य धर्म में दीक्षित होने के कारण माहेश्वरी समाज ऋषियों को अपना आध्यात्मिक संरक्षक मानता है। इसी कृतज्ञता भाव के तहत समाज में श्रावण पूर्णिमा के स्थान पर ऋषि पंचमी को रक्षा सूत्र बांधने की अनूठी कुल-परंपरा है।
इस दिन अरुंधति सहित सप्तऋषियों का विधि-विधान से पूजन किया गया।। देश और विदेशों में फैले प्रवासी राजस्थानी परिवारों ने इस पर्व के माध्यम से अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक जड़ों और संस्कारों को जीवंत रखने का क्रम वर्षो से बनाये रखा है जो प्रशंसनीय है ।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
माहेश्वरी समाज गाडरवारा