गाडरवारा में 50 बिस्तरीय कन्या छात्रावास की घोषणा : छात्राओं को बेहतर सुविधाएं देकर उनके सपनों को देंगे नई उड़ान- मंत्री उदय प्रताप सिंह
Aditi News Team
Sun, Oct 4, 2026
छात्राओं को बेहतर सुविधाएं देकर उनके सपनों को देंगे नई उड़ान- मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह
गाडरवारा में 50 बिस्तरीय कन्या छात्रावास की घोषणा
आदिवासी छात्रावास में ई-लाइब्रेरी का शुभारंभ
==========
बेटी है तो कल है और बेटियों से ही देश आगे बढ़ेगा। बेटियों में अद्भुत क्षमता है, उन्हें सही अवसर और बेहतर मंच मिले तो वे देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं। यह बात प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने सेवा संकल्प अभियान के तहत गाडरवारा स्थित आदिवासी सीनियर कन्या छात्रावास में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम में छात्राओं को संबोधित करते हुए कही।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश में एक माह तक सेवा के विभिन्न अभियानों के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिले सहित प्रदेश में रक्तदान, पौधरोपण, महात्मा गांधी जी की जयंती के उपलक्ष्य में स्वच्छता कार्यक्रम, शासन की योजनाओं का लाभ नागरिकों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज छात्रावास की बेटियों से संवाद करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि देश की बेटियां आज विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। देश-विदेश में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में भारतीय बेटियां शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रही हैं। उन्होंने छात्रावास की छात्राओं को भी पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने तथा देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
50 बिस्तरीय कन्या छात्रावास बनाने की घोषणा
कार्यक्रम में छात्राओं ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति सीनियर छात्रावास के भवन के लिए बीटीआई के पास स्थान उपलब्ध कराने की मांग रखी। छात्राओं की मांग पर मंत्री श्री सिंह ने अनुविभागीय राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए कि बीटीआई परिसर में आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की संभावनाएं देखी जाएं। उन्होंने 50 बिस्तरीय कन्या छात्रावास के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी और सभी बेटियां एक स्थान पर रहकर पढ़ाई, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में बेहतर तरीके से सहभागिता कर सकेंगी।
उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच आकर उन्हें अपने छात्र जीवन की पुरानी स्मृतियां ताजा हो गईं। समय बहुत तेजी से निकलता है, इसलिए हमें समय का सदुपयोग करना चाहिए। छात्राओं को पूरी मेहनत और ताकत के साथ पढ़ाई करनी चाहिए तथा अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपने माता-पिता और गुरुओं का सम्मान करना चाहिए तथा किसी का अपमान नहीं करना चाहिए। बिना मेहनत के सफलता हासिल नहीं की जा सकती। निरंतर परिश्रम और लगन से किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता दिलाता है।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि हमेशा अच्छे कार्य करने वाले व्यक्तियों का अनुसरण करना चाहिए और उनसे अच्छी बातें सीखनी चाहिए। बच्चों में सीखने की अद्भुत क्षमता होती है। यदि उन्हें सही समय पर उचित मार्गदर्शन और अच्छा मंच मिल जाए तो वे जीवन में बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं।
10 हजार क्लास रूम होंगे स्मार्ट क्लास में परिवर्तित
मंत्री श्री सिंह ने छात्राओं से स्मार्ट क्लास के माध्यम से पढ़ाई में आए बदलाव के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में एक साथ 10 हजार क्लास रूम को स्मार्ट क्लास में परिवर्तित किया जा रहा है। यह बदलते हुए भारत की तस्वीर है। जो संसाधन पहले उपलब्ध नहीं थे, आज वे विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध हैं। देश बदल रहा है और सरकार की काम करने की क्षमता भी लगातार बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का प्रयास है कि बच्चों के अंदर मौजूद क्षमताओं को विकसित किया जाए। जो युवा अपना स्वयं का व्यवसाय या उद्योग स्थापित करना चाहते हैं, उनके लिए स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आईटीआई को बढ़ावा देने के साथ ही तकनीकी संस्थानों की स्थापना की गई है।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सुविधाओं का भी लगातार विस्तार हुआ है। नए मेडिकल संस्थानों और मेडिकल कॉलेजों की शुरुआत की गई है तथा देश में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाई गई है। इन प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाएं आम नागरिकों के लिए और अधिक सुलभ हुई हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी लगातार देश को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रहे हैं और विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में एयर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई है। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल एयर एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराकर समय पर बेहतर उपचार दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार हर स्तर पर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
ई-लाइब्रेरी का किया शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने आदिवासी छात्रावास में छात्राओं के लिए ई-लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से छात्राओं को अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ई-लाइब्रेरी के माध्यम से छात्राएं विभिन्न विषयों की अध्ययन सामग्री तक आसानी से पहुंच बना सकेंगी और अपनी पढ़ाई को और बेहतर कर सकेंगी। उन्होंने छात्राओं से ई-लाइब्रेरी का अधिक से अधिक उपयोग करने का आह्वान किया।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मंत्री श्री सिंह ने छात्रावास परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी आवश्यक है। कार्यक्रम में श्री मुकेश मरैया, श्री राव संदीप सिंह, जिला पंचायत सदस्य डॉ. योगेश कौरव, सुश्री अंजु शुक्ला, श्री कीरत सिंह गुर्जर, श्री अरुण बढ़कुर, श्री रमाकांत शुक्ला, श्री रविशंकर राय, श्री शुभम राजपूत, श्री बंशीलाल अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी श्रीमती प्रगति वर्मा, जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग सुश्री निशा जैन, छात्रावास अधीक्षिका, अधिकारी-कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह