: अपरा/अचला एकादशी कल
Thu, May 22, 2025
अपरा/अचला एकादशी कल
अपरा का अर्थ है असीमित और इस व्रत को करने से सभी पापों का शमन करने में मदद मिलती है। ओडिशा में इसे जलक्रीड़ा एकादशी कहा जाता है और यह जगन्नाथ जी के सम्मान में मनाई जाती है।ऐसा माना जाता है कि पांडवों ने महाभारत युद्ध शुरू होने से पहले यह व्रत किया था और विजयी हुए थे।इसी प्रकार एक बार एक धर्मात्मा राजा महीध्वज को उसके दुष्ट छोटे भाई ने मार डाला। अप्राकृतिक मृत्यु के कारण उनकी आत्मा पीपल के पेड़ पर रह गयी। एक बार, ऋषि धौम्य उसी रास्ते पर आए और महीध्वज को राहत देने के लिए, उनके लिए अपरा एकादशी व्रत रखा। इससे महीध्वज को मोक्ष प्राप्त हुआ और तब से, असीमित लाभ प्राप्त करने के लिए यह व्रत मनाया जाता है।
: एक कप चाय और सौ जज़्बात (विश्व चाय दिवस पर एक व्यंग - सुशील शर्मा
Wed, May 21, 2025
एक कप चाय और सौ जज़्बात
(विश्व चाय दिवस पर एक व्यंग - सुशील शर्मा)
आज विश्व चाय दिवस है। चाय, यानी वो द्रव्य जो भारतीय आत्मा में यूँ रच-बस गया है जैसे राजनीति में वादे, या फिल्मों में आइटम सॉन्ग। यह वह अमृत है जो हर दफ़्तर के झगड़े को कुछ मिनटों के लिए विराम देता है, हर बेरोज़गार को ‘फिलहाल व्यस्त’ बना देता है, और हर गॉसिप को एक जायज़ मंच देता है।सुबह की शुरुआत अगर चाय से न हो, तो लगता है सूरज भी किसी कॉर्पोरेट में काम करता है और देर से उठ रहा है। घर में बर्तन भले चमकें न, गैस भले खत्म हो जाए लेकिन "कप भर चाय" का इंतज़ाम हर भारतीय रसोई में ब्रह्मांड के नियमों से भी ज्यादा पक्का होता है।अब देखिए, चाय सिर्फ एक पेय नहीं, एक सामाजिक आन्दोलन है। मोहल्ले की चाय दुकान ही असली ‘लोकसभा’ है जहाँ देश के सारे मसलों का समाधान ढाई इंच के स्टील के गिलास में डूबा पड़ा होता है। वहां बैठा हर आदमी न केवल अर्थशास्त्री होता है बल्कि विदेश नीति का विशेषज्ञ और बॉलीवुड समीक्षक भी।"एक कट देना" बोलने वाला इंसान चाहे कितना भी टूटा हो, उसकी आत्मा में अभी थोड़ा कैफ़ीन बाक़ी होता है।और यह तो मानिए कि चाय, केवल पेय नहीं, रिश्तों की नींव है। कई प्रेम कहानियाँ कट चाय से शुरू होकर परिवार की कटिंग में बदल जाती हैं।दफ्तरों में ‘चाय ब्रेक’ असल में काम से ब्रेक नहीं, सांस लेने का एक मौका होता है, जहाँ बॉस भी ‘सर’ से ‘शर्माजी’ बन जाता है। और वो प्याली पकड़ते हुए जब बॉस कहे “आज बड़ी थकावट है”, तो समझ जाइए कंपनी में लोन एप्लाई करने का सबसे उपयुक्त समय आ गया है।अब सरकारें तो चाय पर चर्चाएँ करती हैं, और नेता गर्व से कहते हैं “मैं तो चाय वाला हूँ।” पर सच बताऊँ ठेले पर दिनभर तपते सूरज में खौलती केतली को प्रेम से देखते हैं, जैसे केतली नहीं कोई संस्कार हो।और उसमें से प्रधानमंत्री बनने का रास्ता जाता हो।लेकिन अब चाय भी वर्ग में बँट गई है , ग्रीन टी, ब्लैक टी, हर्बल टी, और पता नहीं कौन-कौन सी ‘टी’ जो चाय कम, लेबोरेटरी का प्रोजेक्ट ज्यादा लगती है। अरे भई, चाय वो जो कुल्हड़ में खनके, जिसमें अदरक की झन्नाट हो, और जो गले से उतरते ही माँ की फटकार और दादी के हल्के थप्पड़ की याद दिलाए।तो आज इस विश्व चाय दिवस पर, मैं उन तमाम चाय वालों को सलाम करता हूँ जिन्होंने इस देश को नशे में नहीं, नशेड़ी बना रखा है वो भी सिर्फ चाय के।तो आइए एक कप चाय हो जाए?
(शक्कर कम, व्यंग्य थोड़ा ज़्यादा)
✒️सुशील शर्मा✒️
: ब्लॉक कांग्रेस ने राजीव गांधी का किया स्मरण श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को किया याद
Wed, May 21, 2025
ब्लॉक कांग्रेस ने राजीव गांधी का किया स्मरण
श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को किया याद
गाडरवारा । स्थानीय झंडाचौक पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने जब तक सूरज चांद रहेगा राजीव जी का नाम रहेगा नारे लगाकर उनके योगदान को याद किया । ब्लाक कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कांग्रेस जनों ने राजीव गांधी के तेल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनका स्मरण किया । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एच व्ही रफीक ने राजीव गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राजीव गांधी को संचार क्रांति का जनक कहा जाता है वह 40 साल की उम्र में प्रधानमंत्री बन गए थे उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत किया, 21 मई आज ही के दिन आत्मघाती हमले में देश की एकता अखंडता के लिए राजीव गांधी ने अपने प्राण निछावर किए थे । ऐसे महान नेता को सदैव याद किया जाएगा । ब्लाक कांगेस अध्यक्ष जिनेश जैन ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि युवाओ को 18 साल का मताधिकार का तोहफा राजीव गांधी की देन है । देश के विकास में राजीव जी का महत्वपूर्ण योगदान है राजीव गांधी के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता । वरिष्ट कांग्रेस नेता सुरेंद्र पटेल मझले भैया , रमेश अग्र्रवाल, डॉक्टर उमाशंकर दुबे, शिवकुमार नीखरा, के जी आजाद ने राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह देश के महान सपूत थे महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष संगीता जायसवाल, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक पटेल, उमा गुप्ता, मुकेश गुप्ता बंटू, राजीव दुवे , अभिषेक पटेल मेहमूद पहलवान, सर्वेश्वर पांडे मोनू ने भी राजीव जी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजीव जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी । कांगेस उनके बताए हुए मार्ग पर चलकर उनके सपनों को साकार करेगी । इस अवसर पर पूर्व नपा अध्यक्ष उमेश नीरस, सबिता सेन ,मधु साहू, सत्यवती चौधरी, मुस्तान खान, सतीश सैनी, विनोद ठाकुर,अनिल साहू, अनिल सोनी, राजेश नीरस ,राकेश जायसवाल, कपिल नीखरा , चंदन साहू ,तिलक चौहान,आयुष जैन, राधेश्याम सराठे, टिंगू राजपूत, कन्हैया श्रीवास, शिवकुमार कौरव,रामगोपाल सराठे, बालाराम जाटव, मधुकांत पटेल सहित ब्लाक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, महिला कांग्रेस, आई टी सेल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओ ने राजीव गांधी को 2 मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की । कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री सतीश सैनी ने किया ।