: नरसिंहपुर के प्रमुख समाचार
Tue, Oct 15, 2024
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जगन्नाथपुरी की यात्रा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 13 दिसम्बर
नरसिंहपुर।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत राज्य शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा जगन्नाथपुरी तीर्थ के लिए पात्र हितग्राहियों से 13 दिसम्बर 2024 तक आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तारीख नियत की गई। यह यात्रा 23 दिसम्बर से 28 दिसम्बर 2024 तक होगी। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 60 वर्ष या अधिक आयु के व्यक्तियों, जो आयकर दाता नहीं हो और वे मप्र के निवासी हों।
राज्य शासन द्वारा प्रदेश के बाहर स्थित विभिन्न नाम निर्दिष्ट तीर्थ स्थानों में से किसी एक स्थान की यात्रा सुलभ कराने के लिए मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना परिकल्पित की गई है। तीर्थ यात्रा में जाने के लिए आवेदक अपना आवेदन पत्र निर्धारित प्रपत्र में संबंधित नगर पालिका अथवा जनपद पंचायत के कार्यालय में समग्र आईडी सहित प्रस्तुत कर सकते हैं। यात्रा की तिथि के दिवस यात्री को स्वयं अपने व्यय से नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन आना होगा। यात्रियों से अपेक्षा की गई है कि वे मौसम के अनुरूप वस्त्र, व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री जैसे कंबल, चादर, तौलिया, साबुन, कंघा, दाढ़ी बनाने का सामान आदि साथ में रखें। यात्रा के उपरांत यात्रियों को वापिस नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन पर उतरना होगा। सहायता की उम्र 18 से 50 वर्ष के बीच होना चाहिये। आवेदक एक या एक से अधिक स्थानों के लिए यात्रा के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकता है, परंतु वह केवल एक ही स्थान की यात्रा कर सकेगा। यह जानकारी संयुक्त कलेक्टर नरसिंहपुर ने दी है।
जिले में अब तक 1152.6 मिमी वर्षा दर्ज
नरसिंहपुर।
नरसिंहपुर जिले में एक जून से 14 अक्टूबर तक की अवधि में औसत रूप से कुल 1152.6 मिमी अर्थात 45.37 इंच वर्षा दर्ज की गयी है। 14 अक्टूबर की सुबह तक बीते 24 घंटे में 7.60 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। तहसील नरसिंहपुर में 8 मिमी, गाडरवारा में 21 मिमी, गोटेगांव में 3 मिमी और तेंदूखेड़ा में 6 मिमी वर्षा आंकी गई है।
अधीक्षक भू- अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 अक्टूबर तक तहसील नरसिंहपुर में 1145 मिमी, गाडरवारा में 1260 मिमी, गोटेगांव में 1241 मिमी, करेली में 963 और तेन्दूखेड़ा में 1154 मिमी वर्षा आंकी गई है।
इसी अवधि में पिछले वर्ष जिले में औसतन 1314.40 मिमी वर्षा हुई थी। इस अवधि में पिछले वर्ष तहसील नरसिंहपुर में 1444 मिमी, गाडरवारा में 1348 मिमी, गोटेगांव में 1129 मिमी, करेली में 1444 मिमी और तेन्दूखेड़ा में 1207 मिमी वर्षा हुई थी।
शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज नरसिंहपुर में तीन वर्षिय डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर
नरसिंहपुर।
शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय नरसिंहपुर में तीन वर्षीय डिप्लोमा में पहला इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्यूनिकेशन, दूसरा कम्प्यूटर साइंस व तीसरा मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट में रिक्त सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया चालू है। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इन पाठ्यक्रमों में 10 वीं एवं 12 वीं उत्तीर्ण छात्र- छात्रायें अपने सभी दस्तावेजों के साथ संस्था में उपस्थित होकर सीधा प्रवेश ले सकते हैं। आईटीआई उत्तीर्ण हो चुके विद्यार्थी लेटरल एंट्री के माध्यम से सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश ले सकते हैं। ऐसे विद्यार्थी जो रूक जाना नहीं योजना अंतर्गत 10 वीं या 12 वीं उत्तीर्ण हो गये हैं, परंतु प्रवेश प्राप्त नहीं कर पाये वह भी प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए स्टेशन शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय नरसिंहपुर के दूरभाष नंबर 07792- 236705 और मोबाइल नंबर 9425171640 पर सम्पर्क कर सकते हैं। यह जानकारी प्राचार्य शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय नरसिंहपुर ने दी है।
नवोदय विद्यालय में कक्षा 9 वीं और कक्षा 11 वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 8 फरवरी को
31 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
नरसिंहपुर।
जिले के पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय बोहानी में कक्षा नवमी एवं ग्यारहवीं में प्रवेश के लिए 8 फरवरी 2025 को जवाहर नवोदय विद्यालय पार्श्व चयन प्रवेश परीक्षा वर्ष 2025 आयोजित की जायेगी। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2024 नियत की गई है।
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बोहानी के प्राचार्य ने बताया कि कक्षा 9 वीं व 11 वीं में प्रवेश के लिए जिले के समस्त शासकीय/ मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा आठवीं एवं कक्षा दसवीं के अध्ययनरत विद्यार्थी नि:शुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कक्षा 9 वीं के लिए
https://cbseitms.nic.in/
2024/nvsix और कक्षा 11 वीं के लिए
https://cbseitms.nic.in/
2024/nvsix_11 नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
: पांच दिवसीय संभाग स्तरीय शालेय योगासन व योग ओलंपियाड प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
Tue, Oct 15, 2024
पांच दिवसीय संभाग स्तरीय शालेय योगासन व योग ओलंपियाड प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
नरसिंहपुर। 5 दिवसीय संभाग स्तरीय शालेय योगासन व योग ओलंपियाड प्रतियोगिता का शुभारंभ असेम्बली हॉल नरसिंहपुर में हुआ। यह ओलंपियाड प्रतियोगिता 14 से 18 अक्टूबर तक आयोजित की जायेगी।योगासन व योग ओलंपियाड का शुभारंभ उपाध्यक्ष नगर पालिका नरसिंहपुर श्री अजीत सिंह ठाकुर, जिला योजना अधिकारी श्री जीके नायक, सहायक एडीपीसी श्री दीपक अग्निहोत्री, जिला खेल अधिकारी श्री संजय कंजर, श्री एसके चतुर्वेदी, जिला योग प्रभारी श्री देवेन्र्द ढिमोले, योग प्रशिक्षक श्री संजय श्रीवास्तव, टीम मैनेजर द्वारा किया गया।इस प्रतियोगिता में जबलपुर संभाग के नरसिंहपुर, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट व सिवनी जिले के कुल 202 विद्यार्थी अपनी सहभागिता करेंगे, जिनमें 97 बालक एवं 105 बालिकायें शामिल हैं। यह प्रतियोगिता प्रथम चरण में जूनियर वर्ग की 17 वर्षीय बालिका से प्रारंभ हुआ। इसमें ग्रुप ए से सर्वांगासन व मत्यासन, ग्रुप बी से पूर्ण चक्रासन व कुक्कुट आसन, ग्रुप सी के 6 आसनों में से एक एच्छिक आसन व 2 एच्छिक आसन व सूर्यनमस्कार में सहभागिता की गई।प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में श्री कंचन रजक, उदघोषक श्री देवेंद्र कुमार ढिमोले, छिंदवाड़ा से शिक्षक श्री तमम राय व श्रीमती रंजना कुमरे, जबलपुर से श्री देवेंद्र मिश्रा व श्री शिवम गुप्ता, नरसिंहपुर से रीना कहार, सिवनी से श्री गजेंद्र बोपचे एवं वालाघाट से श्री राजेन्द्र सहारे व सुश्री कंचन बाला ने भूमिका निभाई। परिणाम आंकलन समिति में श्री अनुज जैन, श्री रोहित जाटव, श्रीमती सुमित्रा ठाकुर, डॉ. अंजिता वर्मा, श्री संदीप तिवारी व श्री संदीप कौरव मौजूद रहे। इस अवसर पर शिक्षक श्री निरंजन सिंह रघुवंशी, श्री आशीष नामदेव, श्री इंद्रकुमार तिवारी, श्री धनीराम मेहरा, श्री मनीष यादव, समस्त दल प्रबंधक, कार्यरत शिक्षकगण, विद्यार्थी आदि मौजूद थे।
: गाडरवारा,तेजस्वी टीम ने किया बनवारी स्कूल का भ्रमण
Mon, Oct 14, 2024
तेजस्वी टीम ने किया बनवारी स्कूल का भ्रमण
गाडरवारा- विकास खंड साईंखेड़ा अंतर्गत गत सोमवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनवारी में इक्कीसवीं सदी के कौशल और मानसिकता पर आधारित कक्षा-9 व कक्षा-11 के विद्यार्थियों के लिए संचालित किये जा रहे तेजस्वी कार्यक्रम की मानीटरिंग के लिए मुम्बई से पधारे केन्द्रीय समन्वयक तेजस्वी टीम से प्रोजेक्ट मैनेजर सनी साबले एवं जिला तेजस्वी समन्वयक कुन्दन विश्वकर्मा, जिला सहायक तेजस्वी अभिनय गर्ग की संयुक्त दल द्वारा मुक्त कंठ से सराहना की गई। टीम द्वारा 12:30 पर तेजस्वी EMC ग्रेड-9 के विद्यार्थियों की जिसमें कार्यक्रम प्रभारी शिक्षक हल्केवीर पटेल समूह में गतिविधि कराते मिले। तत्पश्चात प्रभारी शिक्षक कैलाश वर्मा की कक्षा-11 की मानीटरिंग की गई। केन्द्रीय तेजस्वी टीम से सनी साबले ने एवं जिला तेजस्वी टीम ने बच्चों से अपना परिचय देते हुए संवाद स्थापित किया और विद्यार्थियों में नवीन सोच के साथ उद्यमशील मानसिकता के सृजन के उद्देश्य से राष्टीय शिक्षा नीति के तहत संचालित तेजस्वी उपक्रम के विषय में गहराई से विद्यार्थियों को अवगत कराया। दैनिक जीवन में आने वाली समस्याओं से निपटने के लिए उपयोग किये गए छ: पड़ाव तथा ग्रिट, स्व जागरुकता, स्वतंत्र सोच, कुछ नया आजमाना, संवाद कौशल, तार्किक चिंतन, सहकार्यता तथा रचनात्मक चिंतन आदि कौशलों पर आधारित जिला समन्वयक तेजस्वी टीम से कुन्दन विश्वकर्मा एवं सहायक जिला समन्वयक अभिनय गर्ग द्वारा बच्चों से प्रश्न पूछे जिनका विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक उत्तर दिये। बच्चों के सही सही जबाब सुनकर टीम मुक्त कंठ से सराहना की साथ ही टीम ने कक्षा-9 के बच्चों द्वारा कक्षा की दीवार पर चस्पा की गई चित्रकला, लीडर बोर्ड पोस्टर, कौशलों के पोस्टर, बलबीडिया आदि की सृजनता को देख प्रसन्नता व्यक्त की। इसके लिए टीम ने संस्था प्राचार्य आनंद कुमार चौकसे, एम टी सुनील कुमार द्विवेदी और दोनों तेजस्वी कार्यक्रम के प्रभारी शिक्षकों को धन्यवाद देते हुए अन्य विद्यालयों के लिए अनुकरणीय बताया। संस्था प्राचार्य सहित बरिष्ठ शिक्षक संतोष कुमार श्रीवास तथा उमाकांत पचौरी ने टीम का आभार व्यक्त किया। प्राचार्य ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि विद्यालय में संचालित सभी गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाती है,विद्यार्थियों में उद्यमशीलता एवं सृजनात्मक नवीन सोच के लिए तेजस्वी कार्यक्रम मील का पत्थर साबित होगा। इस मौके पर आशीष शर्मा, सरला झारिया, लालजी प्रसाद कपाड़िया, प्रतीक गुप्ता, केशव प्रसाद विश्वकर्मा, आनन्द तिवारी, दिलीप शुक्ला, सबिता पाठक , लकी द्विवेदी ,रितु पटेल सहित समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।