: नरसिंहपुर,खनिज निरीक्षक निलंबित, जिला खनिज अधिकारी को नोटिस जारी
Wed, Aug 10, 2022
खनिज निरीक्षक निलंबित, जिला खनिज अधिकारी को नोटिस जारी
नरसिंहपुर। अवैध खनिज परिवहन के मामले में जप्त किए गए ट्रैक्टर को अनाधिकृत रूप से छोड़ने पर कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने खनिज निरीक्षक श्री सुमित गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया है। यह कार्यवाही मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम के प्रतिकूल पाए जाने पर की गयी हैएसडीएम गाडरवारा के द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन अनुसार खनिज निरीक्षक श्री गुप्ता द्वारा बग़ैर वैधानिक कार्यवाही के गाडरवारा थाने में जप्त कर लाए गए उक्त ट्रैक्टर को छोड़ दिया गया। ज़िला खनिज अधिकारी के अनाधिकृत निर्देशों के परिपालन मे यह कृत्य किया गया है। इस संबंध में एसडीएम गाडरवारा को जांच के निर्देश दिये गए हैं।जिला खनिज अधिकारी को अवैध खनिज परिवहन की शिकायतें प्राप्त होने पर कोई कार्यवाही नहीं करने, वरिष्ठ अधिकारियों से तथ्यों को छुपाने, उदासीनता एवं लगातार लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
रेत खनिज की जिला सर्वेक्षण रिपोर्ट एनआईसी पोर्टल पर उपलब्ध
सुझाव आमंत्रितनरसिंहपुर। शासन के निर्देशानुसार गठित समिति द्वारा अनुमोदित रेत खनिज की जिला सर्वेक्षण रिपोर्ट- डीएसआर के प्रारूप आम जनता के अवलोकन और उनके सुझाव के लिए कार्यालय कलेक्टर नरसिंहपुर के एनआईसी पोर्टल- nic.narsinghpur पर उपलब्ध है। इस रिपोर्ट का अवलोकन आम जनता कर सकती है और इस पर अपने सुझाव दे सकती है। यह जानकारी प्रभारी अधिकारी खनिज शाखा नरसिंहपुर ने दी है।
जिले में अब तक 557 मिमी वर्षा दर्ज
नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले में एक जून से 10 अगस्त तक की अवधि में औसत रूप से कुल 557 मिमी अर्थात 21.93 इंच वर्षा दर्ज की गयी है। 10 अगस्त की सुबह तक बीते 24 घंटे में जिले में औसतन 58.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इस दिन तहसील नरसिंहपुर में 35 मिमी, गाडरवारा में 168 मिमी, गोटेगांव में 4 मिमी, करेली में 80 मिमी और तेंदूखेड़ा में 4 मिमी वर्षा आंकी गई है।अधीक्षक भू- अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 अगस्त तक तहसील नरसिंहपुर में 552 मिमी, गाडरवारा में 674 मिमी, गोटेगांव में 422 मिमी, करेली में 639 मिमी और तेन्दूखेड़ा में 498 मिमी वर्षा आंकी गई है।इसी अवधि में पिछले वर्ष जिले में औसतन 655 मिमी अर्थात 25.79 इंच वर्षा हुई थी। इस अवधि में पिछले वर्ष तहसील नरसिंहपुर में 614 मिमी, गाडरवारा में 669 मिमी, गोटेगांव में 520 मिमी, करेली में 560 और तेन्दूखेड़ा में 912 मिमी वर्षा हुई थी।
12 अगस्त को ली जायेगी नशामुक्ति की शपथ
नरसिंहपुर, 10 अगस्त 2022. राज्य शासन के सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग के निर्देशानुसार नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 12 अगस्त को स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर नशामुक्ति की शपथ दिलाई जायेगी।यह जानकारी उप संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण नरसिंहपुर ने दी है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, सभी सीईओ जनपद पंचायत, सीएमओ नगरीय निकाय से इस संबंध में शासन के निर्देशानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा है।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर स्कूली विद्यार्थियों को विशेष भोज
प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण के अंतर्गत शालाओं में होगा विशेष भोजनरसिंहपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण के अंतर्गत सभी शासकीय एवं शासन से अनुदान प्राप्त प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के विद्यार्थियों को विशेष भोज देने के निर्देश राज्य समन्वयक प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण द्वारा जारी किये गये हैं। विशेष भोज में विद्यार्थियों को सब्जी- पूरी- खीर अथवा सब्जी- पूरी- हलवा तथा इसके साथ लड्डू का वितरण किया जाना है।इस सिलसिले में सीईओ जिला पंचायत ने जिले के सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों, जिला शिक्षा अधिकारी व जिला परियोजना समन्वयक को निर्देशित किया गया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि विशेष भोज के दौरान विद्यार्थियों को दिया जाने वाला भोजन विशेषकर सब्जी आदि पूर्णत: शुद्ध व ताजी हो और इसके वितरण में किसी प्रकार की शिकायत नहीं हो। इस तथ्य का विशेष ध्यान रखा जावे कि भोजन स्वच्छ स्थान पर बनाया जावे और शुद्ध व गुणवत्ता पूर्ण हो। संबंधित प्रधान अध्यापक/ शाला के नोडल शिक्षक को यह दायित्व सौंपा जावे कि वे अपनी निगरानी में सामग्री का परीक्षण कर भोजन तैयार करावें। यह भी सुनिश्चित किया जावे कि प्रत्येक शाला के लिए निरीक्षण रोस्टर के अनुसार निर्धारित अंत्योदय कार्डधारी वृद्धजन और मातायें एवं जनप्रतिनिधि भी विशेष भोज में सहभागी हो। साथ ही उनके द्वारा भोजन का निरीक्षण किया जावे। इस बारे में संबंधित शालाओं में शासन के निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।अनुविभाग के विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों का रोस्टर बनाकर उन्हें भी जिले की कम से कम एक शाला में 15 अगस्त को विशेष भोज में भाग लेने के निर्देश जारी करने की हिदायत दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड स्रोत समन्वयक और जन शिक्षा केन्द्र प्रभारी को इस आयोजन की मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिये गये हैं। बड़ी संख्या में बच्चों को भोजन प्रदाय करने की व्यवस्था में प्रत्येक स्तर पर समुचित साफ- सफाई व अन्य सावधानियां बरती जाने और कोविड- 19 के संबंध में प्राप्त सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत भी दी गई है।
खाद्य सामग्री की जांच के लिए चलाया जा रहा अभियान
खाद्य पदार्थों व मिठाईयों के 42 नमूने लिये गये
नरसिंहपुर। रक्षाबंधन व अन्य त्यौहारों के मद्देनजर खाद्य सामग्रियों की सघन जांच के लिए कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने जिले के खाद्य अधिकारियों को दिये थे। इन निर्देशों के परिपालन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में अभियान चलाकर मिठाईयों व विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्री की लगातार सघन जांच की जा रही है। जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा अब तक कुल 42 नमूने लिये गये हैं। इन नमूनो को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। पहले दिन जिले में मिठाईयों के विक्रेता एवं निर्माता के प्रतिष्ठानों की सघन जांच कर खोवा के 4, छैना के 5, बर्फी समेत पेड़ा, मिल्क केक, हल्दीराम एवं आकाश की पैक्ड मिठाईयों के कुल 14 नमूने लिये गये। दूसरे दिन तहसील गाडरवारा, करेली, गोटेगांव, तेंदूखेड़ा एवं नरसिंहपुर के प्रतिष्ठानों में विभिन्न खाद्य पदार्थों एवं मिठाईयों के कुल 28 नमूने लिये गये।त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य पदार्थों के नमूना संग्रहण, निरीक्षण व जांच की कार्यवाही सतत जारी रहेगी। यह जानकारी खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अमित गुप्ता ने दी है।
: नरसिंहपुर,कलेक्टर व एसपी ने किया पौधरोपण
Wed, Aug 10, 2022
कलेक्टर व एसपी ने किया पौधरोपण
नरसिंहपुर। अंकुर अभियान के अंतर्गत जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जगह- जगह पौधरोपण किया जा रहा है। कलेक्टर श्री रोहित सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव ने पीजी कॉलेज नरसिंहपुर के परिसर में बुधवार को पौधरोपण किया। यहां विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी विभिन्न प्रजाति के पौधे रोपे।
जगह- जगह किया जा रहा पौधरोपण
अंकुर अभियान के अंतर्गत जिले में जगह- जगह पौधरोपण किया जा रहा है। जिला समन्वयक मप्र जनअभियान परिषद श्री जयनारायण शर्मा ने बताया कि जिले में बुधवार को 5 हजार 34 पौधों का रोपण शाम 5 बजे तक किया जा चुका है। अब तक जिले में 35 हजार 467 पौधे अंकुर अभियान के अंतर्गत रोपे जा चुके हैं। पौधरोपण के बाद पौधों को वायुदूत एप पर अपलोड किया जा रहा है।
लाठगांव गौशाला में हुआ पौधरोपण- तिरंगा रैली निकली
अंकुर अभियान के अंतर्गत लाठगांव गौशाला परिसर के पास सामुदायिक पौधरोपण कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से गौ संवर्धन बोर्ड के जिला सदस्य श्री देवनाथ पटेल, श्री पुरुषोत्तम विश्वकर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री, समन्वयक, ग्राम के सरपंच एवं सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से पौधरोपण किया गया। इसके बाद तिरंगा रैली निकाली गई।
स्वसहायता समूह की महिलाओं ने रोपे पौधे
अंकुर अभियान के अंतर्गत करेली, सांईखेड़ा एवं चांवरपाठा विकासखंड के अंतर्गत आजीविका मिशन के स्वसहायता समूह की महिलाओं ने पौधरोपण किया। उन्होंने आम, अमरूद, नीबू, कटहल सहित विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया।
मुख्यमंत्री के कक्षा अध्यापन "तिरंगे के इतिहास" का स्कूलों में हुआ ऑनलाइन प्रसारण
नरसिंहपुर, 10 अगस्त 2022. आजादी के अमृत महोत्सव पर "हर घर तिरंगा अभियान" के अंर्तगत मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मॉडल स्कूल टीटी नगर में विद्यार्थियों को "तिरंगे के इतिहास" विषय पर पढ़ाया गया, जिसका प्रसारण जिले के सभी स्कूलों में स्मार्ट टीवी, प्रोजेक्टर एवं मोबाइल द्वारा छात्र- छात्राओं ने देखा व सुना।इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती जेएस विल्सन, बीईओ, बीआरसी, अधीनस्थ समस्त शासकीय- अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्य द्वारा आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित कर प्रसारण में सभी छात्र- छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई।
: गाडरवारा,866 वे सप्ताह में कदम संस्था ने किया पौधारोपण
Sun, Aug 7, 2022
866 वे सप्ताह हुआ पौधारोपणगाडरवारा। जन्मोत्सव पर पौधारोपण करती आ रही कदम संस्था का साप्ताहिक पौधारोपण अभियान का 866 वें सप्ताह का पौधारोपण पिपरिया रोड स्थित सोनालिका ट्रैक्टर शोरूम के पास हाईवे सिटी कॉलोनी मे दितीय गार्डन में संपन्न हुआ । जिसमे राजेन्द्र जी गुप्ता ,मनोज जी सोनी ,रमेश जी अग्रवाल ,कमल जी ठाकुर. श्रीमती ऊषा जी पाराशर , दिनेश जी पटैल, योगेश जी साहू ,चिरंजीव ऋषभ, चिरंजीव वंशज विश्नोई , विजय जी नौरिया ,महेश जी प्रजापति के जन्म दिवस के अवसर पर पौधा रोपित हुआ ।जन्मदिवस पर पौधा रोपित करने वाले सभी को कदम साथियों ने गायत्री मंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं दीं ।इस अवसर पर कदम साथियों मे अजय खत्री ,संदीप स्थापक ,नारायण सोनी शिवकुमार तिवारी , क्रष्णकांत दुवे के अलावा हाईवे सिटी कॉलोनी में रहने वाले भाइयों बहनों और बच्चों की उपस्थिति विशेष रही जिन्होंने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की ।