: बगदरा में विदाई कार्यक्रम आयोजित
Sun, Mar 26, 2023
बगदरा में विदाई कार्यक्रम आयोजितगाडरवारा। गत दिवस साईंखेड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बगदरा की शासकीय माध्यमिक शाला में कक्षा 8वी के छात्र छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया । कार्यक्रम की शुरूआत विद्या की देवी मां सरस्वती के पूजन से की गई। कार्यक्रम में 8 वी के बच्चों ने डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन एवं स्वामी विवेकानंद की तस्वीरें शाला को भेंट की। इस अवसर पर शाला के प्रधानपाठक टीकाराम कोरी, माध्यमिक शिक्षक राजेन्द्र गुप्ता, मदनगोपाल चौधरी एवं सहायक शिक्षक अनिल पटैल ने बच्चों को वार्षिक परीक्षाओ के लिए शुभाशीष देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
: नरसिंहपुर, वन एवं प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने ली समीक्षा बैठक
Sun, Mar 26, 2023
वन एवं प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने ली समीक्षा बैठक
नरसिंहपुर।
प्रदेश के वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विधायक श्री जालम सिंह पटैल, श्री एनपी प्रजापति एवं श्रीमती सुनीता पटैल, प्रभारी कलेक्टर व सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुनीता खंडायत, पुलिस अधीक्षक श्री अभिजीत रंजन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री अभिलाष मिश्रा, अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में एक जिला- एक उत्पाद, रबी विपणन वर्ष 2023- 24 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर उपार्जन, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना- 2023, ओलावृष्टि/ वर्षा से हुई क्षति, जल जीवन मिशन, जिले के विकास कार्यों और स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये गये। विगत समीक्षा बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने एक जिला- एक उत्पाद के अंतर्गत गाडरवारा तुअर दाल और करेली गुड़ की पूरे देश में बड़े पैमाने पर ब्रांडिंग करने और इसमें स्वसहायता समूह की महिलाओं को जोड़ने के निर्देश दिये। उन्होंने हैंड मेड तुअर दाल को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि जिले की दाल एवं गुड़ के एक- एक किलो के पैक बनवाकर जिले के रेलवे स्टेशनों के साथ- साथ भोपाल, जबलपुर एवं इटारसी स्टेशनों पर भी विक्रय के लिए रखवाया जाये। स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाई जाने वाली हैंड मेड दाल की प्रदेश के बाहर भी लगातार ब्रांडिंग की जाये, जिससे गरीब महिलायें सशक्त बनें। एक जिला- एक उत्पाद को विंध्यावैली से भी टाइअप कराया जाये। एक जिला- एक उत्पाद की ब्रांडिंग के लिए ब्रांड एम्बेस्डर बनायें। एक जिला- एक उत्पाद की ब्रांडिंग के लिए 5 अधिकारियों की टीम गठित की जाये। कुपोषित बच्चों के लिए गुड़ की कैंडी, आंगनबाड़ी केन्द्रों व मध्यान्ह भोजन में पौष्टिक कद्दू की सब्जी/ खीर उपलब्ध कराई जाये।
प्रभारी मंत्री ने ऑक्सीजन कांसन्ट्रेटर जिले के सभी उप स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिविल अस्पताल, आयुष सेंटरों एवं एएनएम/ नर्स क्वार्टर में रखवाने के निर्देश दिये, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग किया जा सके। उन्होंने जिला अस्पताल में आउटसोर्स के माध्यम से एमआरआई की व्यवस्था कराने के लिए निर्देशित किया, ताकि जरूरतमंदों को कम राशि में इसकी सुविधा मिल सके। उन्होंने गाडरवारा सिविल अस्पताल की एम्बुलेंस के लिए रोगी कल्याण समिति की निधि से ड्रायवर की व्यवस्था कराने के लिए निर्देशित किया। डॉ. शाह ने निर्देशित किया कि जिला स्वास्थ्य समिति/ रोगी कल्याण समिति की बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाये। इसमें विधायकों को बुलाया जाये। समिति में आवश्यकता के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े निर्णय लिये जायें।
प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने मुख्यमंत्री आवासीय भू- अधिकार योजना की जानकारी ली। उन्हें अवगत कराया गया कि अब तक इस योजना में 771 पट्टे बंटन के लिए तैयार किये जा चुके हैं। इस संबंध में प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया कि जो भूमि आबादी घोषित कर सकते हों, वो करें।
वन मंत्री डॉ. शाह ने जिले में संचालित सीएम राइज स्कूल की समीक्षा की। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में चीचली ब्लाक को छोड़कर शेष सभी ब्लाक में सीएम राइज स्कूल स्वीकृत हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने चीचली में सीएम राइज स्कूल का प्रस्ताव भी भिजवाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने सीएम राइज स्कूल में विद्यार्थियों को लाने- ले जाने के लिए स्कूल बसों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिये। डॉ. शाह ने निर्देशित किया कि सीएम राइज स्कूलों हेतु जिले के शिक्षित बेरोजगारों को स्कूल बस के लिए लोन दिलायें और 15 साल के लिए स्कूल से अनुबंध करें। इस संबंध में जिला परिवहन अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी आवश्यक कार्रवाई करें। प्रभारी मंत्री ने स्कूलों में साइकिल वितरण की जानकारी ली। उन्होंने शेष साइकिलों का वितरण 15 दिवस के भीतर कराने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में समर्थन मूल्य पर गेहूं और चना/ मसूर के उपार्जन केन्द्र आवश्यकतानुसार बढ़ाने की सहमति दी गई। प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने स्वसहायता समूह की महिलाओं के लिए दीदी कैफे/ कैंटीन हेतु टेंडर कराने एवं सामग्री की दर तय करने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में बरमान सेतु का नामकरण "सुजान सेतु", करेली आरओबी का नामकरण "अटल सेतु", केरपानी के नर्मदा सेतु का नामकरण "वीर राजा हृदयशाह सेतु", बरमान खुर्द में सीसी सड़क का नामकरण "महंत रामलखन दास मार्ग" और नयागांव के चौराहा का नामकरण "स्व. श्री बैनी सिंह गुमास्ता" के नाम पर करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने जिले में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना- 2023 के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी ली। बैठक में इस योजना की पात्रता, अपात्रता, योजना के लाभ हेतु हितग्राहियों की पूर्व तैयारी में सहयोग, एप/ पोर्टल में प्रविष्टि हेतु हितग्राहियों को तैयार करने एवं लाड़ली बहना योजना की जिले में स्थिति के बारे में अवगत कराया गया। इस संबंध में बताया गया कि जिले में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 3 लाख 22 हजार 444 संभावित पात्र महिलायें हैं, इनमें से 1 लाख 92 हजार 571 महिलाओं की ई- केवायसी का कार्य पूर्ण हो चुका है। ई- केवायसी करने के लिए शासन द्वारा संबंधित एजेंसी को प्रति महिला 14.25 रुपये का भुगतान किया जाता है। प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने निर्देशित किया कि ई- केवायसी कराने के लिए महिलाओं से कोई राशि नहीं ली जानी चाहिये, यदि कोई भी अतिरिक्त राशि ली जाती है, तो संबंधित के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराई जायेगी।
प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने किया मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के पंजीयन शिविर का निरीक्षण
नरसिंहपुर।
शाह ने शनिवार को स्टेशन गंज गयादत्त वार्ड नरसिंहपुर की नवीन व्यायाम शाला में बनाये गये मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के पंजीयन शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएससी संचालक से पंजीयन की जानकारी ली और शिविर में आई महिलाओं से चर्चा की।
प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण एवं गरीब महिलाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरूआत की गई है। इसके लिए उन्होंने महिलाओं को शुभकामनायें एवं बधाई दी। उन्होंने महिलाओं से आवेदन भी लिये। प्रभारी मंत्री ने महिलाओं के स्वसहायता समूह बनवाकर उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
इस अवसर पर विधायक श्री जालम सिंह पटैल, प्रभारी कलेक्टर व सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुनीता खंडायत, पुलिस अधीक्षक श्री अभिजीत रंजन, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री अभिलाष मिश्रा, डॉ. हरगोविंद पटैल, अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।
: देवरी, लाडली बहना योजना में सैकड़ों महिलाएं फार्म जमा करवाने पहुंची, सर्वर डाउन होने के कारण केवल 2 फार्म ही अपडेट हो पाए
Sat, Mar 25, 2023
लाडली बहना योजना में सैकड़ों महिलाएं फार्म जमा करवाने पहुंची, सर्वर डाउन होने के कारण केवल 2 फार्म ही अपडेट हो पाए
कमर राणा की रिपोर्ट
देवरी। मध्यप्रदेश शासन की लाडली बहना योजना के अंतर्गत लड़कियों और महिलाओं को अपना जीवन सशक्त बनाने के लिए 23 से 60 वर्ष के बीच की पात्र महिलाओं को मध्यप्रदेश शासन हर महीने ₹1000 उनके खाते में डालेगी। यह योजना निश्चित रूप से महिलाओं तथा लड़कियों को उनके जीवन में सकारात्मक रूप से प्रभावित करेगी। यह प्रक्रिया आज 25 मार्च से शुरू हो रही है, आज नगर परिषद देवरी में कैंप लगाकर आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें सैकड़ों महिलाएं अपना आवेदन जमा करवाने नगर परिषद पहुंची । लेकिनसर्वर डाउन होने के कारण दिन भर भूखी प्यासी बैठी रही दिन भर में केवल दोपहर में ही अपडेट हो पाए । योजना के आवेदन भरने के लिए नगर परिषद द्वारा अच्छी व्यवस्था की गई थी। जगह जगह चाय तथा पानी की व्यवस्था एवं महिलाएं परेशान ना हो इसके लिए वालंटियर भी नियुक्त किए गए थे, आज सुबह से ही महिलाएं अपना आधार कार्ड , समग्र आईडी, एवं बैंक खाता नंबर लेकर पहुंची, परंतु सर्वर डाउन होने के कारण महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिन भर महिलाएं कतार में खड़े खड़े जमीन पर बैठ गई। और अपने नंबर आने का इंतजार करती रही, कई महिलाएं तो बिना कुछ खाए पिए ही सुबह से नगर परिषद पहुंच गई थी, शाम तक बैठने के बाद भी सैकड़ों महिलाओं में से केवल 2 फार्म ही अपडेट हुए।
नगर परिषद अध्यक्ष ने महिला का फार्म भरा___सैकड़ों की तादाद में महिलाएं लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत अपना फार्म भरवाने नगर परिषद पहुंची। नगर परिषद के सभागृह में कंप्यूटर ऑपरेटर बिठाए गए थे, वही सभागृह के सामने सभी महिलाओं का फार्म हाथों से भरने वाले व्यक्ति नियुक्त किए गए थे।तहसीलदार विराट अवस्थी एवं अन्य लोगों के सामने सर्वप्रथम लाडली बहना योजना का फार्म नगर परिषद अध्यक्ष रविंद्र रघुवंशी ने अपने हाथों से भरकर, योजना के आवेदन भरने की शुरुआत की। इस मौके पर राधे लाल रघु, भाजपा ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद कुमार दुबे, जगदीश चौरसिया, यशपाल सिंह राजपूत, , पार्षद अशोक मामा, पार्षद दिनेश कुमार, पार्षद कुमारी रजनी, पार्षद महेंद्र, पार्षद लखन कहार, पार्षद शंकरलाल, सूर्य प्रताप सिंह राजपूत, ऋषभ जैन, चेतन नाथ नासिर खान ऋषभ जैन मौजूद रहे। नगर परिषद अध्यक्ष रविंद्र रघुवंशी___कोई भी पात्र महिला लाडली बहना योजना का आवेदन भरने से छूटे, उसे किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो, इसके हमने पुख्ता इंतजाम किए हैं, सभी कंप्यूटर ऑपरेटर एवं वॉलिंटियर को आवेदन भरने एवं अपडेट करवाने तक सहायता करने के लिए लगाए है, वही महिलाओं के बैठने की व्यवस्था, एवं जलपान की व्यवस्था भी की गई है। सर्वर डाउन की थोड़ी सी दिक्कत आ रही है।