: प्रतिज्ञा का 365 दिन पालन करना चिकित्सक का दायित्व: राज्यपाल श्री पटेल
Sun, Nov 20, 2022
जीवन की सफलता सेवा भाव के साथ कर्त्तव्य पालन में
भाभा डेंटल कॉलेज साईंसेज दीक्षांत समारोह सम्पन्न
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि जीवन की सफलता सेवा भाव के साथ कर्त्तव्य पालन में हैं। दीक्षांत शपथ को 365 दिन याद रखें। चिकित्सक के रूप में प्रतिज्ञा के प्रत्येक शब्द के अनुरूप आचरण भावी जीवन की सफलता का पथ है। राज्यपाल श्री पटेल आज भाभा कॉलेज ऑफ डेंटल साइंसेज में उपाधि वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि मुख सम्बंधी स्वास्थ सम्पूर्ण स्वास्थ का महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण मुद्दा हैं। दाँत नहीं तो स्वाद नहीं की मान्यता पाचन क्रिया में दाँतों की महत्ता को बताती है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक का सबसे प्रमुख कर्त्तव्य रोगी को शारीरिक और मानसिक रूप से तंदुरुस्त करना होता है। किसी भी चिकित्सक का कार्य मात्र शरीर की महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की जानकारी हासिल करना ही नहीं है। रोग की उत्पत्ति शरीर के भीतर किस प्रकार से होती है, उसके कारणों को भी जानना और समझना आवश्यक है। रोगों के विकारों को दूर करने के कार्यों के साथ ही निरंतर अध्ययन, शोध और अनुसंधान जरूरी है। रोगियों को उपचार के साथ ही रोग निदान और रोग नियंत्रण के सम्बन्ध में उचित परामर्श देना चिकित्सक का दायित्व है।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि रोग उपचार से अधिक प्रभावी रोगों की रोकथाम के प्रयास होते है। जरूरत मुख स्वास्थ्य और स्वच्छता के सम्बंध में जागरूकता का प्रसार करना है। उन्होंने स्कूलों और ग्रामीण अंचल में जागरूकता शिविर लगाने और मुख स्वास्थ्य रोग निवारक और रोग आधारित उपचार की जरूरतों के लिए एक समग्र मॉडल का विकास करने की जरूरत बताई। विश्वविद्यालयों से कहा कि शिक्षा के प्रसार के साथ विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, कर्त्तव्यबोध, नैतिक मूल्य विकसित करने, उन्हें सामाजिक सरोकारों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाये।
चेयरमेन भाभा ग्रुप डॉ. सुनील कपूर ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा अभी तक 110 पेंटेंट पंजीकृत कराने में सफलता प्राप्त की है। एक ऐसे रोबोट का निर्माण किया है जो 18 प्रकार की जाँच कर, 5 मिनट में रिपोर्ट दे देता है। भाभा विश्वविद्यालय की कुलाधिपति डॉ. साधना कपूर ने विश्वविद्यालय के संबध में जानकारी दी। विद्यार्थियों को प्राचार्य भाभा कॉलेज ऑफ डेंटल साइंसेज श्री मनोज मित्तल ने दीक्षांत शपथ ग्रहण कराई। श्री सिद्धार्थ अवस्थी ने आभार माना। पी.जे कलाम विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रुति कपूर, भाभा विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति दिलीप कुमार डे सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ, पालक और शिक्षक मौजूद थे।
: किसान भाई डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके काम्पलेक्स उर्वरक का उपयोग करें
Sun, Nov 20, 2022
किसान भाई डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके काम्पलेक्स उर्वरक का उपयोग करेंनरसिंहपुर, 20 नवम्बर 2022. वर्तमान में जिले में रबी फसलों की बोनी जोरो पर है। जिले में गेहूं एक लाख 10 हजार हेक्टर, चना 88 हजार हेक्टर, मसूर 35 हजार हेक्टर, मटर लगभग 20 हजार हेक्टर एवं गन्ना 61 हजार हेक्टर में बोनी किया जाना प्रस्तावित है। जिले में चना एवं मसूर की लगभग 70 प्रतिशत बोनी हो चुकी है। गेहूं की बोनी अब जोरो पर पर है, अभी 35 प्रतिशत तक गेहूं की बोनी हो गई है, गेहूं की बोनी आगामी 15 दिवस में किसान भाई अधिकांशत: करने की स्थिति में हैं। गन्ना जिले में माह- नवम्बर से शुरूआत होकर माह मार्च-फरवरी तक होता रहा है। यह जानकारी उप संचालक कृषि श्री राजेश त्रिपाठी ने दी है। उप संचालक कृषि ने बताया कि किसान भाई डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके काम्पलेक्स उर्वरक का उपयोग कर सकते हैं। जिले में रबी फसल बोनी को दृष्टिगत रखते हुए पर्याप्त मात्रा रासायनिक खाद का भण्डारण कराया गया है जिसमें यूरिया 12463 मी.टन भण्डारण करते हुए 9017 मी.टन वितरण किया गया है, वर्तमान में 3445 मी.टन यूरिया जिले में उपलब्ध है। इसी प्रकार डीएपी 5515 मी.टन का भण्डारण करते हुए 4758 मी.टन का वितरण किया गया है तथा 756 मी.टन डीएपी शेष है। जिले में एनपीके की 800 मी.टन वितरण करते लगभग 2000 मी.टन शेष है। इसी प्रकार लगभग 4000 मी.टन एसएसपी भी जिले में उपलब्ध है। अभी वर्तमान में डीएपी की उपलब्धता जिले में कम है, लेकिन वैज्ञानिक दृष्टिकोण से डीएपी के बेहतर विकल्प के रूप में 20:20:0:13 एवं एसएसपी भी पर्याप्त भण्डारण है। किसान भाईयों को सलाह है कि 3 बोरी एसएसपी एवं 17 किग्रा यूरिया का मिश्रण करने पर एक बोरी डीएपी के बराबर तत्व की पूर्ति हो जाती है। साथ ही दलहनी फसलों हेतु यह डीएपी से बेहतर विकल्प है, क्योकि इसमें 11 प्रतिशत सल्फर की मात्रा भी फसल को अतिरिक्त मिलती है। इसी प्रकार 20:20:0:13 के उपयोग से भी फसलों अतिरिक्त रूप से सल्फर की पूर्ति होती है। सल्फर दलहनी फसलों की जडो में राइजोबियम की गठान में वृद्धि करता है जो जमीन में नाइट्रोजन की पूर्ति में सहायक होती है जिसमें मिटटी की उर्वरा शक्ति में वृद्धि होती है। इसी प्रकार गेहूं की बोनी करते समय 15:15:15 का एनपीके भी किसान भाईयों के लिए पर्याप्त मात्रा में भण्डा्रण कराया गया है। किसान भाई 2 बोरी 15:15:15, 1 बोरी एसएसपी एवं 1 बोरी यूरिया के मिश्रण को प्रति एकड बोनी के समय बेसल डोज के रूप में डालने पर उत्पादकता में वृद्धि होगी। इसी प्रकार गन्ने की फसल में भी बेसल डोज के रूप में 2 बोरी 15:15:15 एवं 2 बोरी एसएसपी को गन्ने में बेसल डोज के रूप में उपयोग करने पर डीएपी की आवश्यकता नहीं पडेगी, अपितु उससे बेहतर विकल्प के रूप में कारगार रहेगा।
: बगदरा में छात्र छात्राओं को दिलाई शपथ
Sun, Nov 20, 2022
बगदरा में छात्र छात्राओं को दिलाई शपथगाडरवारा। गत दिवस समीपी ग्राम बगदरा की शासकीय माध्यमिक शाला में मप्र जनअभियान परिषद की ग्राम प्रस्फुटन समिति द्वारा छात्र छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई एवं नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया । शपथ उपरांत गांव में छात्र छात्राओं द्वारा रैली निकालकर नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। अंत मे कैच द रैन चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानपाठक टीकाराम कोरी , माध्यमिक शिक्षक राजेन्द्र गुप्ता , अध्यक्ष चन्द्रभान साहू एवं छात्र छात्राएँ उपस्थित रहे