: 1010 वे सप्ताह मे कदम ने किया पोधा रोपण
Sun, May 11, 2025
1010 वे सप्ताह मे कदम ने किया पोधा रोपण
गाडरवारा
।2006 से जन्मोत्सव पर पौधारोपण करती आ रही कदम संस्था का साप्ताहिक पौधारोपण अभियान का 1010 वें सप्ताह का पौधारोपण पलोटन गंज स्थित शक्तिधाम मंदिर के सामने बगीचा प्रांगण में संपन्न हुआ जिसमें -चिरंजीव आदित्य बड़कुर, चिरंजीव शौर्य नीरस, के जन्मदिवस पर एवं श्रीमती अमिता प्रशांत शर्मा ,श्रीमति किरण सुरेन्द्र साहू,श्रीमती मधुलिका राधारमण राय,श्रीमती वैशाली राजेश राय, श्रीमती दुर्गेश नंदिनी मुकेश साहू,की शादी की सालगिरह पर तथां चिरंजीव किशोर (नीरज )एवं बिटिया दीक्षिता के वैवाहिक परिणोत्सव के अवसर पर एवं- कदम मित्र स्व रामशंकर साहू की पुण्य स्मृति में पौधा रोपित किया गया । सभी को कदम साथियों ने गायत्री मंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं दीं । कदम मित्र स्व.श्री रामशंकर जी साहू को बड़ी शिद्दत के साथ याद किया गया व उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई । इस अवसर पर कदम संस्था के अलावा नगर के गणमान्य नागरिकों की अभूतपूर्व उपस्थिति रही ।
: भगवान नृसिंह जयंती पर दोहे, सुशील शर्मा
Sun, May 11, 2025
भगवान नृसिंह जयंती पर दोहे
सुशील शर्मा
गोधूलि की बेल थी, प्रकट भए प्रभु पाल।ना दिन था ना रात थी , टूटे सारे जाल। प्रकट भए प्रभु खम्भ से, अद्भुत रूप अनूप।सुर नर मुनि सब डर गए, देखा नरहरि रूप।। नरसिंहम का रूप धर, रखा भक्त सम्मान।हिरण्य बंधु को मार कर,हरा दुष्ट अभिमान। देख भक्ति प्रह्लाद की, दौड़े आए नाथ।शरणागत वत्सल प्रभु, चरणों में मम माथ।। केहरि मुख नर तनु धरे, दंत बने हथियार।असुरों का मर्दन किया, भक्तों के रखवार।। भक्तों के संकट हरन, पल में आए आप।नरसिंहम प्रभु रूप है,दर्शन कटते पाप।। नृसिंहम का अवतरण,, भक्ति भाव विस्तार।सकल हृदय मंगल जगे, मन के मिटें विकार।। असुरों का अभिमान हर, हरे सभी के पाप।श्री नरहरि की कृपा से, मिटे जगत का ताप।। गरज उठे नरसिंह प्रभु, गूँज दिशाएं घोर।नाश पापियों का हुआ, मिटा पाप का शोर।। नरसिंहम प्रभु जो जपे, संकट मिटे तुरंत।भय बाधा सब दूर हो, अंत मिलें भगवंत। ✒️सुशील शर्मा✒️
: मध्य प्रदेश किसान सभा राज्य कमेटी बैठक सम्पन्न
Sun, May 11, 2025
मध्य प्रदेश किसान सभा राज्य कमेटी बैठक सम्पन्न
मध्य प्रदेश किसान सभा के संयुक्त सचिव जगदीश पटेल ने बताया कि किसान सभा के प्रदेश प्रभारी सांसद एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमराराम एवं बादल सरोज के मार्गदर्शन में ग्वालियर में सम्पन्न हुई, जिसमें विभिन्न जिलों के किसान सभा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।कामरेड अमराराम ने कहा अमरीका की मध्यस्थता देश कभी स्वीकार नहीं करेगा सर्वदलीय बैठकों में प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति खेदजनक युद्धविराम की घोषणा एक अच्छी और स्वागतयोग्य बात है किन्तु अमरीका द्वारा इसके लिए की गयी मध्यस्थता की खबर चिंताजनक बात है । आजादी के बाद से लेकर आज तक चाहे कश्मीर का सवाल हो या पाकिस्तान अथवा किसी भी और देश के साथ सीमा विवाद का प्रश्न भारत की यह नीति रही है कि वह किसी भी तीसरी शक्ति के हस्तक्षेप या भूमिका को स्वीकार नहीं करेगा । पहलगाम के जघन्य और निंदनीय आतंकी हमले के बाद के घटना विकास में अमरीका के चौधरी बनने की कोशिश इस नीति के विपरीत है । प्रधानमंत्री को इस बारे में स्थिति साफ़ करना चाहिए । भारत की जनता अमरीकी मध्यस्थता को कभी स्वीकार नहीं करेगी । यह बात देश के प्रमुख किसान नेता, लोकसभा सांसद अमरा राम ने आज ग्वालियर में कही ।उन्होंने कहा कि पहलगाम के कायराना आतंकी हमले के मुजरिमों को सजा दिलाने के लिए पूरा देश एकजुट है । सारे विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे पर पूरी तरह सरकार का साथ दिया । आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्यवाही के लिए देश एकजुट है मगर क्या केंद्र सरकार इसके प्रति उतनी गंभीर है ?यह सवाल उठाते हुए सांसद अमरा राम ने दोनों सर्वदलीय बैठकों में प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति को खेदजनक बताया । यह गैरजिमेदारी की बात है कि देश पर इतने गंभीर संकट और हमले के बाद हुई सर्वदलीय बैठक में शामिल होने और देश की अगुआई करने की बजाय प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार की चुनावी सभा में भाग लेना जरूरी समझा । दूसरी बैठक में भी शामिल होने की बजाय वे अन्य व्यावसायिक घरानों के समारोहों में शामिल होते रहे । यह देश की अखण्डता और एकता के प्रति सारे देशवासियों की भावनाओं का अपमान जैसा है ।
सांप्रदायिक सौहाद्र जरूरी
अखिल भारतीय किसान सभा के उपाध्यक्ष और सीपीएम पोलिट ब्यूरो सदस्य अमरा राम ने कहा कि देश की वास्तविक एकता बनाने और मजबूत करने का काम मेहनतकश मजदूर किसान ही कर सकते है। उन्होंने कहा कि मौजूदा साम्प्रदायिक गंठजोड़ भावनात्मक मुद्दों पर ध्यान भटकाकर बड़े घरानों के लिए सारा देश की लूट की खुली छूट देने वाली विनाशकारी कदमों वाली, जनता के विराट बहुमत की जिंदगी को मुश्किल बनाने वाली नीतियों के खिलाफ लड़ते हुए उसने यह विराट एकता बनाई है । एतिहासिक किसान आन्दोलन इसका उदाहरण है ।
20 मई देशव्यापी हड़ताल सफल करने का आव्हान किया
उन्होंने कहा कि यही मुहिम आगे भी जारी रहेगी – श्रमिक कर्मचारी संगठनों द्वारा 20 मई की देशव्यापी आम हड़ताल का आव्हान इसी तरह की कार्यवाही है । अखिल भारतीय किसान सभा और संयुक्त मोर्चे ने इसका समर्थन किया है । कार्पोरेट और कंपनियों के बढ़ते शोषण से देश और उसकी जनता को बचाने के लिए होने वाली यह आम हड़ताल मेहनतकश जनता की एकता को फौलादी बनाएगी ।आज सुबह से शुरू हुई मध्यप्रदेश किसान सभा की राज्य कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए अमरा राम ने मध्यप्रदेश में किसान आन्दोलनों को और तेज करने का आव्हान करते हुए कहा कि किसानों तथा ग्रामीण आबादी की हर समस्या का समाधान उनकी एकता और संघर्ष को मजबूत बनाकर ही किया जा सकता है । अखिल भारतीय किसान सभा के संयुक्त सचिव बादल सरोज भी इस बैठक में रहे ।इस राज्य स्तरीय बैठक की अध्यक्षता पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक तिवारी ने की । महासचिव अखिलेश यादव ने इस बैठक के विचारार्थ समग्र रिपोर्ट रखी । प्रदेश भर से आये राज्य कार्यकारिणी सदस्यों ने अपने अपने जिलों की हालात का ब्यौरा रखा । सांसद अमरा राम ने इस बैठक सहित कई अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया ।