: नरसिंहपुर,पत्रकार पर हुए जानलेवा हमले के संबंध में विधायक पटेल से मिले पत्रकार
Thu, Dec 2, 2021
नरसिंहपुर। जिले की बिगड़ी कानून व्यवस्था व असामाजिक कार्यों में लिप्त माफियाओं पर कठोर कार्रवाई सहित पत्रकार के अपहरण और उन पर जानलेवा हमले के अन्य आरोपियों पर अब तक कार्रवाई न किये जाने को लेकर नगर के पत्रकारों ने स्थानीय विधायक जालम सिंह पटेल से मुलाकात की।पत्रकारों ने विधायक पटेल को जिले में चल रहे सट्टा जुआ अवैध शराब जैसे अवैध कारोबारों के संबंध में अवगत कराया पत्रकारों ने कहा कि अवैध कार्यों पर लगाम लगाने में पुलिस प्रशासन नाकाम रहा है,जिसके कारण शहर में अवैध कारोबारी पनप रहे हैं, इस दौरान पीड़ित पत्रकार ललित श्रीवास्तव ने विधायक को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। विधायक ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि कानून को अपना काम करना चाहिए, शेष आरोपियों की भी गिरफ्तारी आवश्यक है। ऐसे असामाजिक तत्वों पर कठोरता से कार्रवाई की जावे। पीड़ित पत्रकार ने आरोपियों से स्वयं, अपने परिवार व अन्य पत्रकार साथियों की जान को खतरा भी बताया है। ज्ञात हो कि बीते दिनों स्टेशन थाना अंतर्गत सटोरिया ने नगर के पत्रकार ललित श्रीवास्तव को अगवा कर उन पर जानलेवा हमला कर मारपीट की है, जिसे लेकर पुलिस ने मुख्य आरोपी रिक्की ठाकुर सहित 2 अन्य को गिरफ्तार किया है जो वर्तमान में जेल में हैं लेकिन अन्य आरोपी अभी भी खुले घूम रहे हैं जो बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
विधायक पटेल ने मामले की गंभीरता को समझते हुए उक्त प्रकरण में पुलिस अधीक्षक से चर्चा कर सख्त कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
: गाडरवारा,अर्जुनगांव में कलेक्टर ने की ग्रामीणों से रूबरू चर्चा
Thu, Dec 2, 2021
गाडरवारा। कलेक्टर रोहित सिंह बुधवार को जिले के चीचली विकासखंड के ग्राम अर्जुनगांव के भ्रमण पर पहुंचे। उन्होंने यहां आंगनबाड़ी केन्द्र और स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने कोविड टीकाकरण महाअभियान का जायजा लिया और ग्रामीणों से रूबरू चर्चा की।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, एसडीएम सुश्री सृष्टि जयंत देशमुख, सीएमएचओ डॉ. अजय कुमार जैन और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
आंगनबाड़ी केन्द्र अर्जुनगांव का निरीक्षण
अर्जुनगांव में कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण कर दर्ज एवं उपस्थित बच्चों व उनको दिये जाने वाले आहार, बच्चों के वजन आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के पोषण आहार का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि भोजन गुणवत्तापूर्ण बनाया जाये। खाने का सैम्पल 24 घंटे के लिए रखा जाये और रजिस्टर में एंट्री की जाये। उन्होंने बच्चों का वजन लेने के लिए मशीन लगवाने की बात कही। उन्होंने कोविड वैक्सीनेशन महाअभियान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों को वैक्सीन अनिवार्य रूप से लगवाना सुनिश्चित किया जावे। वैरीफायर सही ढंग से एंट्री करें।
शासकीय माध्यमिक शाला अर्जुनगांव का निरीक्षण
कलेक्टर ने अर्जुनगांव की शासकीय माध्यमिक शाला का निरीक्षण कर कक्षा 6 वीं के विद्यार्थियों से चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति, किताबे मिलने आदि के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि सभी बच्चे यूनिफार्म में आयें।
ग्रामीणों से चर्चा
कलेक्टर रोहित सिंह ने अर्जुनगांव में ग्रामीणों से रूबरू चर्चा कर शासन की योजनाओं का लाभ लेने और स्थानीय समस्याओं एवं कठिनाईयों के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन दुकान समय पर खुलने व राशन मिलने के बारे में पूछा। उन्होंने मैदानी अमले, ग्राम रोजगार सहायक, ग्राम पंचायत सचिव, पटवारी के आने के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि जिले में खाद/ यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता है, किसान चिंतित नहीं हों। ग्रामीणों ने डीपी जलने की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने मौके पर ही विद्युत वितरण कम्पनी के एसई को बिजली ट्रांसफार्मर ठीक कराने के निर्देश दिये।
: गाडरवारा,सालीचौका के भ्रमण पर पहुंचे कलेक्टर
Thu, Dec 2, 2021
गाडरवारा। कलेक्टर रोहित सिंह बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सालीचौका के भ्रमण पर पहुंचे। कलेक्टर ने यहां नगर परिषद कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिये।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, एसडीएम सुश्री सृष्टि जयंत देशमुख, सीएमएचओ डॉ. अजय कुमार जैन और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
नगर परिषद कार्यालय
नगर परिषद कार्यालय सालीचौका के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिये कि प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त का अविलम्ब भुगतान सुनिश्चित किया जावे। उन्होंने साफ- सफाई के अभाव पर नाराजगी जताई और समुचित साफ- सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि नगर में आवारा मवेशी नहीं घूमने चाहिये।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सालीचौका में कलेक्टर ने जनरल वार्ड, नर्स ड्यूटी रूम, लेबर रूम/ प्रसूतिका वार्ड का निरीक्षण किया। श्री सिंह ने एम्बुलेंस, 108 व जननी सुरक्षा एक्सप्रेस के बारे में जानकारी ली। उन्होंने एम्बुलेंस को दुरूस्त कराकर ड्रायवर की व्यवस्था कराने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रसूतिका वार्ड में मच्छर जाली लगवाने के निर्देश दिये। उन्होंने अस्पताल में मूलभूत स्वास्थ्य सुविधायें तत्परता से मुहैया कराने पर जोर दिया। उन्होंने टायलेट्स की साफ- सफाई कराने की हिदायत दी।
कलेक्टर ने अस्पताल को अलग ढंग से विकसित करने की बात कही। उन्होंने यहां डॉक्टर ड्यूटी चार्ट लगवाने के निर्देश दिये। उन्होंने नेत्र परीक्षण, अस्पताल में उपलब्ध दवाईयों, जनरेटर आदि की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी आवश्यक दवाई की जरूरत हो, तो अवगत करायें। श्री सिंह ने एसडीएम को अस्पताल का फायर ऑडिट कराने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने कोविड टीकाकरण का जायजा लिया। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप टीकाकरण कराने पर बल दिया।
शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण
कलेक्टर श्री सिंह ने शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सालीचौका पहुंचकर 10 वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में प्रेरक सूक्ति, कहावतें एवं विचार का लेखन कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर गंदा नहीं रहना चाहिये। यहां आज ही साफ- सफाई और पुताई करायें। विद्यालय की दीवारों पर पेंटिंग और पठन- पाठन सामग्री का लेखन करायें। साईकिल स्टेंड पर विद्यार्थियों की साईकिलें व्यवस्थित तरीके से रखवाई जायें। खेल मैदान विकसित कर खेलकूद को बढ़ावा दिया जावे। स्कूल में स्टेंड लगवाकर उसपर समाचार पत्र, पत्रिकायें व किताबें रखवाई जायें, ताकि विद्यार्थी उन्हें पढ़कर लाभ ले सकें।