: गाडरवारा,प्रतियोगिताओ में शामिल होने दिव्यांग बच्चे हुए रवाना
Fri, Dec 3, 2021
गाडरवारा। विश्व दिव्यांग दिवस पर जिला शिक्षा केन्द्र द्वारा नरसिंहपुर में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल होने हेतु साईंखेड़ा विकासखण्ड की शासकीय शालाओं के 1 से 8 वी तक के दिव्यांग छात्र छात्राएँ गत दिवस बीआरसी चंदन शर्मा,बीएसी योगेंद्र झारिया, प्रभात रूसिया एवम पवन राजौरिया के साथ बस से रवाना हुए। स्थानीय रिलायंस पेट्रोल पंप पर जनशिक्षको प्रदीप मालवीय, प्रमोद पठारिया के शिक्षक महेश दास वैष्णव ने बच्चों को अच्छा प्रदर्शन करने हेतु अग्रिम शुभकामनाएं दी। विदित हो की पिछले दिनों साईंखेड़ा जनपद शिक्षा केंद्र द्वारा दिव्यांग बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम तीन स्थान हासिल कर चुके दिव्यांग बच्चे ही जिले में साईंखेड़ा ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करने गए हुए है।
: गाडरवारा,दिव्यांग बच्चों को बांटी लेखन सामग्री,साँगई में मनाया गया दिव्यांग दिवस
Fri, Dec 3, 2021
गाडरवारा। गत दिवस समीपी ग्राम साँगई की एकीकृत शासकीय नवीन माध्यमिक शाला में माध्यमिक शिक्षक मधुसूदन पटैल ने अनुकरणीय पहल करते हुए शाला में विश्व दिव्यांग दिवस मनाकर स्वयं के खर्चे पर शाला के दिव्यांग बच्चों को लेखन सामग्री एवं मास्क वितरित किये। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के छात्रो द्वारा शिक्षकों एवं छात्र छात्राओं को तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंटकर किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम माध्यमिक शिक्षक मधुसूदन पटैल ने विश्व दिव्यांग दिवस की अवधारणा से अवगत कराते हुए उपस्थित शिक्षको एवं बच्चों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के प्रधानपाठक डी एस धानक ने कहा की संस्था के दिव्यांग बच्चे दिव्यांगता की वजह से अपने आप को कमजोर न समझें बल्कि अपने आत्मविश्वास को हमेशा बढ़ाये रखें। कार्यक्रम में संस्था के शिक्षक पुरुषोत्तम मेहरा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में शिक्षको ने शाला के दिव्यांग बच्चों अरुण केवट, अनीता केवट , अनिकेत केवट एवं अभिषेक केवट को लेखन सामग्री एवं मास्क वितरित करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ के शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।
: भोपाल,राज्यपाल पटेल भोपाल गैस त्रासदी श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए
Fri, Dec 3, 2021
भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल भोपाल गैस त्रासदी की 37वीं बरसी पर दिवंगत व्यक्तियों की स्मृति में सेंट्रल लाइब्रेरी बरकतउल्ला भवन में आयोजित श्रद्धांजलि एवं सर्वधर्म सभा में शामिल हुए। सभा में विभिन्न धर्माचार्यों द्वारा पाठ किया गया। दिवंगत आत्माओं की स्मृति में दो मिनट की मौन श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद रहे।