: नरसिंहपुर,गोटेगांव में कलेक्टर द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण
Sat, Oct 30, 2021
नरसिंहपुर |
कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने गोटेगांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण शुक्रवार को किया। उन्होंने ओपीडी, जनरल वार्ड, दवा वितरण केन्द्र, पैथोलॉजी कक्ष, टीकाकरण केन्द्र, नेत्र परीक्षण कक्ष एवं एनआरसी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थायें देंखी। कलेक्टर ने चिकित्सा स्टाफ और मरीज के परिजनों से चर्चा की। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर भोजन एवं दवाईयां मिलने और शासन की योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली। श्री सिंह ने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहना चाहिये।
कलेक्टर ने एनआरसी की व्यवस्थाओं पर अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने एनआरसी के प्रभारी को नोटिस देने के निर्देश दिये। कलेक्टर को स्टाफ की कमी और वजन लेने वाली मशीन खराब होने के बारे में अवगत कराया गया। कलेक्टर ने नेत्र परीक्षण कराने वाले मरीजों और टीकाकरण की जानकारी ली। उन्होंने टीकाकरण प्रारंभ होने, समाप्त होने, उपलब्ध डोज के उपयोग के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वैक्सीन के वॉयल के सभी डोज का उपयोग सुनिश्चित होना चाहिये। एक भी डोज बगैर उपयोग के नहीं रहना चाहिये।
कलेक्टर ने 10 बिस्तर वाले पोषण पुनर्वास केन्द्र के निरीक्षण के दौरान बच्चों के परिजनों से चर्चा की। भोजन मिलने के बारे में पूछा। उन्होंने निर्देश दिये कि दीवारों पर पेंटिंग कराई जावे। एनआरसी में पुताई करायें और टीव्ही की व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के वजन बढ़ने की लगातार मॉनीटरिंग करें। उन्होंने सीएमओ को स्वास्थ्य केन्द्र में एवं नगर में अवैध होर्डिंग हटवाने, साफ- सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
: नरसिंहपुर ,बगासपुर एवं श्रीनगर में कलेक्टर द्वारा गौशाला का निरीक्षण
Sat, Oct 30, 2021
नरसिंहपुर |
कलेक्टर रोहित सिंह ने गोटेगांव तहसील के अंतर्गत बगासपुर एवं श्रीनगर में गौशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थायें देखी और आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर ने गौशालाओं में निरीक्षण करने के निर्देश पशु चिकित्सक के लिए दिये। श्री सिंह ने मवेशियों की टैगिंग कराने की हिदायत भी दी। उन्होंने गौशालाओं एवं ग्राम पंचायतों में विजिट पंजी रखने के लिए कहा। कलेक्टर ने कहा कि गौशालाओं में दाना, पानी, चारा- भूसा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहना चाहिये।
बगासपुर
कलेक्टर ने बगासपुर में गौशाला के निरीक्षण के दौरान मवेशियों, चारा- पानी आदि की जानकारी ली। कलेक्टर को बताया गया कि गौशाला का संचालन एवं देखरेख ग्राम पंचायत द्वारा की जाती है। यहां अभी चारागाह नहीं बना है। कलेक्टर ने एसडीएम को चरनोई भूमि से अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिये। यहां मौजूद कृषकों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर कृषक भूसा एवं चारे की उपलब्धता गौशालाओं में करवायें। साथ ही गौशाला में फेंसिंग कराने के लिए भी आगे आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मवेशियों की खुराक के लिए ज्वार का उपयोग भी किया जा सकता है। इसमें भी ज्वार उपजाने वाले कृषक गौशालाओं के लिए चारा उपलब्ध करायें।
श्रीनगर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को बताया गया कि श्रीनगर की गौशाला में 228 मवेशी हैं। कलेक्टर ने गौशाला की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने गौशाला के समीप उत्खनन नहीं होने देने के लिए एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्टर ने गौशाला की एक बीमार गाय के त्वरित समुचित उपचार कराने के निर्देश उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें को दिये।
: नरसिंहपुर शिक्षक निलंबित
Sat, Oct 30, 2021
नरसिंहपुर |
बगैर सूचना के स्कूल से अनुपस्थित रहने के कारण स्कूल बंद होने पर शासकीय प्राथमिक शाला सांवलरानी के दो शिक्षकों को जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबित किया है। इस विद्यालय के बंद रहने के कारण प्रथम दृष्टया दोषी पाये जाने के आरोप में सहायक शिक्षक आनंद मोहन शर्मा और प्राथमिक शिक्षक श्रीमती अमिता शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में इन शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय नरसिंहपुर रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
उल्लेखनीय है कि संकुल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डांगीढाना के अंतर्गत सांवलरानी की शासकीय प्राथमिक शाला के 29 अक्टूबर को बंद होने की शिकायत ग्रामवासियों द्वारा की गई थी। ग्रामवासियों ने शिकायत की थी कि इस स्कूल के शिक्षक बगैर सूचना के अनुपस्थित हैं।