: नरसिंहपुर,जिले में मिशन नगरोदय कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
Sat, Mar 13, 2021
जिले में 3.84 करोड़ रूपये के निर्माण कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास
नरसिंहपुर शहर के पंचवर्षीय विकास के रोडमैप का किया विम
ोचन
नरसिंहपुर ।
मिशन नगरोदय कार्यक्रम नगर पालिका प्रांगण नरसिंहपुर में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी व सांसद राव उदय प्रताप सिंह, विधायक श्री जालम सिंह पटैल की विशेष मौजूदगी में एवं कलेक्टर श्री वेद प्रकाश की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सोनी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नगरोदय कार्यक्रम का लक्ष्य नगरों का सर्वांगीण विकास और नगरों की पेयजल, परिवहन, स्वच्छता, आवास संबंधी समस्याओं का निदान करना है। गत एक वर्ष में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अगले कुछ वर्षो में शहर में सड़कों का जाल बिछ जायेगा। शहर के वार्डों में सड़क बनाकर शहर के एक कोने को दूसरे कोने से जोड़कर नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। वर्ष 2022 तक किसी भी व्यक्ति का कच्चा मकान नहीं होगा। पेयजल व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना होगा। जल के अपव्यय को रोकना होगा।
कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि आज से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में आजादी का अमृत महोत्सव की शुरूआत भी की जा चुकी है। वर्ष 2022 में स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण हो जायेंगे। आजादी के महत्व को युवा पीढ़ी को बताने के लिए यह महोत्सव प्रारंभ किया गया है। स्वच्छ भारत मिशन में नागरिकों का भी सहयोग करने का आव्हान उनके द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीनेशन का कार्य प्रारंभ हो चुका है, किंतु फिर भी अभी सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
सांसद श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में गरीबों, मजदूरों, किसानों सहित आर्थिक रूप से पिछड़े सभी लोगों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। उनकी मंशा है कि समाज के सबसे गरीब व्यक्ति तक को योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंचे। शासन भी इस दिशा में हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से आव्हान करते हुए कहा कि देशहित में अपनी सहभागिता निभायें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री पटैल ने कहा कि नगरोदय कार्यक्रम के माध्यम से पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जा रहा है। अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को सभी सुविधायें प्रदान करना सरकार की मंशा है।
कार्यक्रम में हितग्राहियों को किया हितलाभ वितरित
कार्यक्रम में 300 से अधिक हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किया गया। इसमें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 201 हितग्राहियों को 10-10 हजार रूपये की मदद दी गई। कार्यक्रम में राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के 3 हितग्राहियों को भी आर्थिक मदद दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 97 हितग्राहियों, संबल योजना अनुग्रह सहायता के तहत 3, दो स्वसहायता समूहों को ऋण स्वीकृति, 5 स्वसहायता समूहों को 10- 10 हजार रूपये की आवर्ती निधि, 10 हितग्राहियों को खाद्यान्न पात्रता पर्ची एवं 5 हितग्राहियों को संनिर्माण कर्मकार मंडल पंजीयन प्रमाण पत्र वितरित किये गये। कार्यक्रम में 3 करोड़ 84 लाख रूपये की राशि के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने नगर पालिका नरसिंहपुर की पंचवर्षीय विकास परियोजना (वर्ष 2021-22 से वर्ष 2025-26 तक) के रोडमैप पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वर्चुअल वीडियो कांफ्रेंसिंग से "मिशन नगरोदय" के तहत प्रदेश के लाभार्थियों को 3,300 करोड़ रुपये के हितलाभ का वितरण और नगरीय निकायों के हितग्राहियों को सीधे वन क्लिक के माध्यम से लाभांवित किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती संध्या कोठारी, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, राजीव ठाकुर, डॉ. हरगोविंद सिंह, नीरज महाराज, भगवानदास राय, सुनील कोठारी, डॉ. अनंत दुबे, दीपक दुबे, विनीत नेमा, बंटी सलूजा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी केएस ठाकुर, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और हितग्राही मौजूद थे।
सांसद द्वय द्वारा आत्मनिर्भर करेली के रोड मैप की पुस्तिका का विमोचन
राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी और सांसद राव उदय प्रताप सिंह ने करेली में मिशन नगरोदय का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर सांसद द्वय एवं कलेक्टर वेद प्रकाश ने आत्मनिर्भर करेली के रोड मैप 2020 से 2024 की पुस्तिका का विमोचन किया। करेली की 5 वर्षीय योजना के रोड मैप में 36 करोड़ 99 लाख रूपये लागत के निर्माण कार्य शामिल किये गये हैं।
: साईंखेड़ा,स्वतंत्रता की 75 वी वर्षगाँठ पर आयोजित हुए कार्यक्रम
Sat, Mar 13, 2021
साईंखेड़ा। दिनांक12 मार्च 2021 को भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन के साथ, शासकीय महाविद्यालय, साईंखेड़ा के सभागार में महाविद्यालय के यसस्वी प्राचार्य प्रो सतीश दुबे जी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम में आज़ादी की 75 वी वर्षगांठ ले अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो सतीश दुबे जी ने छात्र-छात्राओं को भारतीय इतिहास के बारे में पढ़ने एवं समझने की सलाह दी तथा आज़ादी के 75 वर्षों को दो भागों में विभाजित किया स्वतंत्रता संग्राम और सत्ता संग्राम। अन्य वक्ताओं में महाविद्यालय के ही nss कार्यक्रम अधिकारी डॉ लक्ष्मीकांत नेमा जी ने विद्यार्थियों को आज़ादी के 75वी वर्षगाँठ पर होने वाले कार्यक्रम से अवगत करवाया। इसके साथ ही श्री देवेन्द्र विश्वकर्मा ने भारत की आज़ादी के 75 वर्षों को तीन भागों में, भूत, वर्तमान एवम भविष्य के कालखंडों को बताया जिसमें जीडीपी एवम कृषि की अवस्था शामिल है।
इसके साथ ही डॉ हर्षित द्विवेदी एवम डॉ शिल्पा शर्मा ने भारत की 75वी वर्षगाँठ को आगामी वर्षों में विश्वगुरु बनने तक के सफर की बात कही। साथ ही इस कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ गणेश सिंह राठौर ने किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री अभिषेक ऐड़े, श्री सी पी राठौर, श्री मनमोहन मालवीय, डॉ संदीप dixit, श्री धर्मेंद्र शुक्ला, सुरेंद्र मिर्धा, श्री राहुल, श्री ब्रजेश एवम श्री घनश्याम का योगदान सराहनीय रहा।
: उज्जैन,मंत्री डॉ.यादव ने श्री महाकालेश्वर अतिथि गृह का शिलान्यास किया
Fri, Mar 12, 2021
प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने शुक्रवार को त्रिवेणी संग्रहालय के सामने आयोजित कार्यक्रम में जेके सीमेन्ट कंपनी लिमिटेड के चेयरमेन और प्रबंध निदेशक श्री यदुपति सिंघानिया की स्मृति में 3.50 करोड़ रुपये की लागत से रूद्र सागर के समीप बनाये जाने वाले श्री महाकालेश्वर अतिथि गृह का शिलान्यास किया।
इस दौरान सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक श्री पारस जैन, पूर्व महापौर श्रीमती मीना जोनवाल, श्री विवेक जोशी, श्री राजेन्द्र भारती, श्री जगदीश अग्रवाल, श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर पालिक निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, स्मार्ट सिटी के श्री धर्मेन्द्र वर्मा एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
अतिथि गृह के शिलान्यास के पश्चात मंत्री डॉ.यादव द्वारा उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 1.79 करोड़ रुपये की लागत से मयूर वन विकास के अतिरिक्त कार्य का शिलान्यास, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 4.96 करोड़ रुपये की लागत से बनाये जाने वाले इंक्यूबेशन सेन्टर का लोकार्पण, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 3.29 करोड़ रुपये की लागत से नूतन विद्यालय एवं गणेश नगर स्कूल एवं उर्दू स्कूल हेतु फर्नीचर का शुभारम्भ, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 1.99 करोड़ रुपये की लागत से नूतन विद्यालय गणेश नगर स्कूल हेतु 400 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर कार्य का शुभारम्भ, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 6.12 करोड़ रुपये की लागत से कालभैरव एवं सिद्धवट पर अधोसंरचना विकास कार्य का शिलान्यास, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 2.38 करोड़ रुपये की लागत से नृसिंह घाट के समीप शिप्रा नदी पर 2 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, पम्पिंग स्टेशन एवं रूद्र सागर तक लाइन कार्य का शिलान्यास, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 2.13 करोड़ रुपये की लागत से श्री महाकालेश्वर मन्दिर एवं परिसर में स्थित भवनों पर डायनामिक लाईटिंग कार्य का शुभारम्भ, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 7.23 करोड़ रुपये की लागत से श्री महाकालेश्वर मार्ग क्राउड मैनेजमेंट कार्य का शुभारम्भ, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 3.51 करोड़ रुपये की लागत से सोलर पैनलयुक्त सरफेस पार्किंग शेड कार्य का शिलान्यास, उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 12.61 करोड़ रुपये की लागत से रूद्र सागर के समीप सरफेस पार्किंग निर्माण कार्य का शिलान्यास और उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा 0.64 करोड़ रुपये की लागत से मृदा परियोजना फायर फाइटिंग सिस्टम कार्य का शुभारम्भ भी किया गया।
मंत्री डॉ.यादव ने इस अवसर पर कहा कि यह अत्यन्त हर्ष का विषय है कि जेके सीमेन्ट कंपनी द्वारा आने वाले समय में श्री महाकालेश्वर अतिथि गृह का निर्माण किया जायेगा। इससे भगवान महाकालेश्वर के दर्शन तथा उज्जैन दर्शन के लिये आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी। यह भवन तीन हजार वर्गमीटर में बनाया जायेगा तथा इसमें पर्याप्त संख्या में कक्ष होंगे, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु यहां ठहर सकें। मंत्री डॉ.यादव ने अपनी ओर से सीमेन्ट कंपनी के पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि महाकाल वन के निर्माण और सौन्दर्यीकरण कार्य में कंपनी की ओर से जो योगदान दिया जा रहा है, यह प्रशंसनीय है। शहर के सौन्दर्यीकरण में अन्य समाजसेवी संगठन भी सहयोग करें।
मंत्री डॉ.यादव ने कहा कि आने वाले 25 सालों को ध्यान में रखते हुए उज्जैन और महाकालेश्वर मन्दिर का विकास किया जायेगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत किये जाने वाले सौन्दर्यीकरण और विकास कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये, ताकि आमजन को कार्यों की जानकारी प्राप्त हो सके।
सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने कहा कि वे जेके सीमेन्ट कंपनी को बहुत धन्यवाद और शुभकामनाएं देते हैं कि उन्होंने भगवान महाकालेश्वर की नगरी में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये अतिथि गृह निर्मित किये जाने का बीड़ा उठाया। यह निर्माण शहर के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा। सांसद ने कहा कि बनाये जाने वाले अतिथि गृह के प्रांगण में भगवान महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग अथवा महाकालेश्वर मन्दिर की एक छोटी-सी प्रतिमूर्ति अवश्य बनवाई जाये।
विधायक श्री पारस जैन ने अतिथि गृह के निर्माण पर कंपनी के अधिकारियों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि उज्जैन में निरन्तर विकास के कार्य किये जायेंगे।
पूर्व महापौर श्रीमती मीना जोनवाल ने कहा कि उज्जैन शहर को संवारने का कार्य निरन्तर किया जा रहा है। आने वाले समय में उज्जैन का परिदृश्य कुछ और होगा। जिस प्रकार स्मार्ट सिटी और नगर पालिक निगम द्वारा शहर का विकास किया जा रहा है, ये दोनों संस्थाएं बधाई की पात्र हैं।