: नरसिंहपुर,बरगी नहरों से ग्रीष्मकालीन फसलों की सिंचाई के लिए जल लेने किसानों से 30 अप्रैल तक मांग पत्र आमंत्रित
Sun, Apr 28, 2024
बरगी नहरों से ग्रीष्मकालीन फसलों की सिंचाई के लिए जल लेने किसानों से 30 अप्रैल तक मांग पत्र आमंत्रितनरसिंहपुर।वर्ष 2024 की ग्रीष्मकालीन फसलों की बरगी नहरों से सिंचाई के लिए जल लेने गोटेगांव, नरसिंहपुर एवं करेली तहसील के संबंधित ग्रामों के किसानों से 30 अप्रैल 2024 तक मांग पत्र एवं अनुबंध प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है, ताकि नहरों से ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए निर्धारित तिथि से जल प्रवाह किया जा सके। इन ग्रामों में मुख्य नहर की आरडी 81.30 से 130.670 किमी तक वितरण प्रणालियों में क्रमश: सिवनी डिस्ट्रीव्यूटरी, भदगवां शाखा नहर, गुंदरई, बम्हनी, मगरधा, अंडिया, सुरगी, कंदेली व रहली डिस्ट्रीव्यूटरी और मुख्य नहर 81.30 से 130.670 किमी के बीच डायरेक्ट माइनरों से लगभग 14 हजार 126 हेक्टर भूमि में निर्मित नहर प्रणाली से ग्रीष्मकालीन फसलों की सिंचाई करने का लक्ष्य रखा गया है। यह जानकारी कार्यपालन यंत्री रानी अवंती बाई लोधी सागर डिस्नेट संभाग नरसिंहपुर श्री केएस ठाकुर ने दी है। इस सिलसिले में कार्यपालन यंत्री ने संबंधित ग्रामों के किसानों से आग्रह किया है कि वे जल उपभोक्ता संथा कुटरी, इमलिया, वेदू, गुंदरई, बम्हनी, मगरधा, बेलखेड़ा, तिंदनी, ठेमी, बौछार, मचवारा, करकबेल, धमना, मैनावारी, नवलगांव, नंदवारा, झगरहाई, सूरजगांव, लुरहेटा, बरखेड़ा, निवारी, खुरपा, समनापुर (प्रस्तावित) एवं गोबरगांव के माध्यम से अनुविभागीय अधिकारी रानी अवंती बाई लोधी सागर नहर उप संभाग क्रमांक एक नरसिंहपुर, क्रमांक एक पाला, वितरण अनुविभाग करकबेल/ बरहेटा को 30 अप्रैल 2024 के पूर्व तक मांग पत्र एवं अनुबंध पत्र प्रस्तुत करें।
: गाडरवारा,956 वे सप्ताह कदम ने किया पोधारोपण.
Sun, Apr 28, 2024
956 वे सप्ताह कदम ने किया पोधारोपण.गाडरवारा । जन्मोत्सव पर पौधारोपण करती आ रही कदम संस्था का साप्ताहिक पौधारोपण अभियान का 956 वें सप्ताह* का पौधारोपण नर्मदा कालोनी स्थित सरस्वती शिशु उच्च माध्य.विद्यालय गाडरवारा प्रांगण में संपन्न हुआ जिसमें बिटिया नितारा रूंगटा, बिटिया कृति जैन, बिटिया खुशी जैन ,चिरंजीव शौर्य साहू ,चिरंजीव सौरभ दीक्षित के जन्म दिवस के अवसर पर एवं श्रीमति पुष्पा नारायण सोनी की शादी की सालगिरह के अवसर पर पौधा रोपित हुआ ।जन्मदिवस पर पौधारोपण करने वाले सभी को कदम साथियों ने गायत्री मंत्र व महामृत्युंजय मंत्र के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं दीं । कदम संस्था से जुड़े भोपाल से पधारे राजेश जी गर्ग श्रीमति चंचल गर्ग चंद्रमोहन द्विवेदी एवं श्रीमति द्विवेदी ने कार्यक्रम में शिरकत की व संस्था के कार्य की सराहना की साथ ही जयमोहन शर्मा ,अजय खत्री ,सुरेन्द्र पटैल,जुझार सिह और अन्य लोग शामिल हुये । इस अवसर पर कदम साथियों के अलावा नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की ।
: नरसिंहपुर,निर्वाचन में लापरवाही करने पर निलंबन
Fri, Apr 26, 2024
निर्वाचन में लापरवाही करने पर निलंबन
नरसिंहपुर,।जिले के ग्राम तूमड़ा में मतदान केन्द्र क्रमांक 8 के मतदान दल के मतदान अधिकारी क्रमांक एक प्राथमिक शिक्षक शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय चांवरपाठा श्री राजेन्द्र सिंह पटैल शराब के नशे में पाये जाने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती शीतला पटले ने श्री पटैल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अनुविभागीय राजस्व अधिकारी गाडरवारा नियत किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। यह आदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के प्रतिकूल पाये जाने और मप्र सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील नियम 1966 के नियम के प्रावधानों के अनुसार यह निलंबन आदेश जारी किया गया है। उल्लेखनीय है कि सहायक रिटर्निंग अधिकारी संसदीय क्षेत्र 17 होशंगाबाद के अंतर्गत आने वाली जिले की विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 121- गाडरवारा ने प्रतिवेदन देते हुए बताया कि निर्वाचन कार्य सम्पादन किये जाने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी पीठासीन अधिकारी/ मतदान अधिकारी रूप में लगाई गई थी। तहसीलदार व थाना प्रभारी सांईखेड़ा व सेक्टर अधिकारी के संयुक्त भ्रमण के दौरान ग्राम तूमड़ा के मतदान केन्द्र क्रमांक 8 में मतदान दल के मतदान अधिकारी क्रमांक एक प्राथमिक शिक्षक शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय चांवरपाठा श्री राजेन्द्र पटैल शराब के नशे में पाये गये। उनसे पूछताछ एवं बैग की तलाशी लेने पर एक शराब की बोतल पाई गई। सेक्टर तूमड़ा डॉ. संजय माझी, सहायक सेक्टर डॉ. श्रेया दुबे, पीठासीन अधिकारी मतदान केन्द्र क्रमांक 8 एवं माइक्रो आब्जर्वर के प्रतिवेदन व पंचनामा के आधार पर निलंबन के लिए प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। श्री पटैल का उक्त कृत्य निर्वाचन जैसे अतिमहत्वपूर्ण कार्यों में लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता का द्योतक है। उक्त प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा यह आदेश जारी किया गया है।